AC की ठंडी हवा इस बार जेब की बढ़ाएगी गर्मी, कंपनियां 15 फीसदी तक बढ़ा सकती हैं दाम; ये हैं वजह

गर्मी के मौसम से पहले एयर कंडीशनर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए झटका लग सकता है. Daikin, Voltas, Blue Star, LG, Haier और Mitsubishi Heavy Industries जैसी प्रमुख कंपनियां अपने AC की कीमतों में 5 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की तैयारी में हैं. कंपनियों के अनुसार तांबे की बढ़ती कीमत, कमजोर रुपया और नई एनर्जी एफिशिएंसी नियमों के लागू होने से उत्पादन लागत बढ़ गई है.

एसी कीमत में बढ़ोतरी Image Credit: AI/canva

AC price hike india: गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले एयर कंडीशनर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. देश की प्रमुख AC कंपनियां जल्द ही अपने प्रोडक्ट की कीमतों में 5 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी करने जा रही हैं. कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल की बढ़ती कीमतें, कमजोर रुपया और नई एनर्जी एफिशिएंसी नियमों के कारण लागत बढ़ गई है, जिसके चलते कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है.

फरवरी से अप्रैल के बीच लागू होगी बढ़ोतरी

उद्योग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार AC की कीमतों में बढ़ोतरी फरवरी से अप्रैल के बीच चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी. यह बढ़ोतरी ऐसे समय हो रही है जब गर्मियों के मौसम में एयर कंडीशनर की मांग तेजी से बढ़ती है.

इन कंपनियों ने बढ़ाई कीमतें

Daikin, Voltas, Blue Star, LG, Haier और Mitsubishi Heavy Industries जैसी बड़ी कंपनियों ने अपने अलग-अलग मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है. इन कंपनियों के मुताबिक तांबे की कीमतों में तेजी, रुपया कमजोर होने और नई एनर्जी एफिशिएंसी मानकों के लागू होने से उत्पादन लागत बढ़ गई है.

Daikin और Voltas ने क्या कहा

Daikin India के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर कंवलजीत जावा के मुताबिक कंपनी अप्रैल से अपने AC की कीमतों में लगभग 12 फीसदी तक बढ़ोतरी करेगी. वहीं Voltas के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकुंदन मेनन ने कहा कि कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और नई एनर्जी एफिशिएंसी नीतियों के कारण कंपनी 5 से 15 फीसदी तक कीमतों में एडजस्ट करेगी.

नई एनर्जी एफिशिएंसी नियमों का असर

1 जनवरी से ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी के नए स्टार रेटिंग नियम लागू हो गए हैं. नए नियमों के तहत 5 स्टार AC पहले के मुकाबले लगभग 10 फीसदी ज्यादा एनर्जी एफिशिएंट हो गए हैं. कंपनियों का कहना है कि इन बदलावों के कारण तकनीक और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी हुई है.

बिक्री बढ़ने की उम्मीद

हालांकि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनियां इस साल AC की बिक्री में तेज बढ़ोतरी की उम्मीद कर रही हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि 2026 में गर्मी अधिक पड़ने की संभावना है, जिससे एयर कंडीशनर की मांग बढ़ सकती है. फिलहाल भारत का Room Air Conditioner बाजार करीब 13.5 लाख यूनिट का माना जाता है, जिसमें Voltas, LG, Daikin, Blue Star, Hitachi, Panasonic और Lloyd जैसी कंपनियां प्रतिस्पर्धा कर रही हैं.

यह भी पढ़ें: छुट्टी के दिन चमकी इन रेल कंपनियों की किस्मत! हाथ लगे करोड़ों के प्रोजेक्ट, सोमवार को शेयरों में हलचल तय