Aditya Birla Group की वायर्स और केबल्स बिजनेस में एंट्री, 1800 करोड़ रुपये का निवेश; 5 साल में टॉप-2 बनने का टारगेट

Aditya Birla Group ने Ultravolt ब्रांड के साथ वायर्स और केबल्स बिजनेस में एंट्री की है. ग्रुप इस बिजनेस में 1,800 करोड़ रुपये का निवेश करेगा और अगले पांच वर्षों में सेगमेंट की टॉप-2 कंपनियों में शामिल होने का लक्ष्य है. UltraTech Cement के तहत शुरू हुए इस बिजनेस को Building Solutions Strategy का हिस्सा बनाया गया है.

Aditya Birla Image Credit: tv9 bharatvarsh

Aditya Birla Group ने भारत के तेजी से बढ़ते वायर्स और केबल्स मार्केट में एंट्री की है. ग्रुप ने गुरुवार को अपने नए वायर्स और केबल्स बिजनेस को Ultravolt ब्रांड के नाम से लॉन्च किया. इस बिजनेस में ग्रुप करीब 1,800 करोड़ रुपये का निवेश करेगा. कंपनी ने अगले पांच वर्षों में इस सेगमेंट की टॉप-2 कंपनियों में शामिल होने का लक्ष्य रखा है. इस नए बिजनेस को UltraTech Cement के तहत रखा गया है.

10 करोड़ से ज्यादा नए घरों की जरूरत

Aditya Birla Group की यह एंट्री ऐसे समय में हुई है, जब भारत में अर्बनाइजेशन, इलेक्ट्रिफिकेशन, डिजिटाइजेशन और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से वायर्स और केबल्स की मांग बढ़ने की उम्मीद है. ग्रुप के चेयरमैन Kumar Mangalam Birla ने कहा कि वायर्स और केबल्स भारत के विकास के अगले चरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं.

उनके मुताबिक, अगले एक दशक में भारत में 10 करोड़ से ज्यादा नए घरों की जरूरत, बढ़ते एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और तेजी से बढ़ते डेटा सेंटर इस कैटेगरी में बड़ा बूम ला सकते हैं. उन्होंने कहा कि प्रोडक्ट, उसके कंपोनेंट्स और इससे जुड़े इकोसिस्टम की समझ Aditya Birla Group को इस बिजनेस में बढ़त देगी.

UltraTech की Building Solutions Strategy का विस्तार

Ultravolt की लॉन्चिंग से UltraTech Cement की कंस्ट्रक्शन वैल्यू चेन में मौजूदगी और मजबूत होगी. कंपनी पहले से ग्रे सीमेंट, रेडी-मिक्स कंक्रीट, बिल्डिंग प्रोडक्ट्स और व्हाइट सीमेंट जैसे सेगमेंट में मौजूद है. वायर्स और केबल्स में एंट्री को उसकी Building Solutions Strategy का विस्तार माना जा रहा है.

कंपनी ने इस सेगमेंट के लिए Bharuch में मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित की है. लॉन्च के समय क्षमता के लिहाज से Ultravolt वायर्स सेगमेंट की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी होगी. यह पिछले तीन वर्षों में Aditya Birla Group की चौथी नई बिजनेस एंट्री है.

500 से ज्यादा जिलों में पहुंच बनाने की योजना

Ultravolt शुरुआत में 500 से ज्यादा जिलों और 6,000 पिन कोड में अपनी मौजूदगी बनाने की योजना पर काम कर रहा है. कंपनी का लक्ष्य एक लाख से ज्यादा रिटेलर्स तक पहुंचने का है. इसके अलावा, 5,000 से ज्यादा UltraTech Building Solutions आउटलेट्स के जरिए भी प्रोडक्ट की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी.

Ultravolt के डायरेक्टर Dilip Gaur के मुताबिक, कंपनी के पास 20 से ज्यादा वेयरहाउसेज, मजबूत चैनल कनेक्शंस और UltraTech के होम बिल्डर्स, कॉन्ट्रैक्टर्स, रियल एस्टेट डेवलपर्स और EPC कंपनियों के साथ संबंध हैं. इससे बिजनेस को पूरे देश में तेजी से स्केल करने में मदद मिल सकती है.

होम वायर्स से इंडस्ट्रियल केबल्स तक पोर्टफोलियो

Ultravolt के CEO Sriram Rangarajan ने कहा कि कंपनी सेफ्टी, परफॉर्मेंस और फ्यूचर-रेडी प्रोडक्ट्स पर फोकस करेगी. शुरुआती पोर्टफोलियो में होम वायर्स, फ्लेक्सिबल वायर्स और केबल्स शामिल होंगे. इनका इस्तेमाल रेजिडेंशियल, कमर्शियल, इंडस्ट्रियल और इंफ्रास्ट्रक्चर एप्लिकेशंस में किया जाएगा. आगे चलकर कंपनी इलेक्ट्रिकल एक्सेसरीज की रेंज भी बढ़ाने की योजना बना रही है.

डेटा सेंटर, रियल एस्टेट, इलेक्ट्रिफिकेशन और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर में बढ़ते निवेश से इस मार्केट में मांग को लंबी अवधि में सपोर्ट मिलने की उम्मीद है. हालांकि, स्थापित कंपनियों की मौजूदगी वाले इस प्रतिस्पर्धी बाजार में पांच साल में टॉप-2 पोजीशन हासिल करना Ultravolt के लिए बड़ी चुनौती होगी.

यह भी पढ़ें: शेयर कीमत 50 रुपये से कम, अमेरिका से बिजनेस मिलते ही 17 फीसदी उछला स्टॉक; जानें- क्या करती है कंपनी