जीते-जी बुक कर सकेंगे अपना अंतिम संस्कार! दिल्ली का स्टार्टअप दे रहा खास पैकेज, ₹6 हजार से शुरू हो रही प्री-बुकिंग
दिल्ली का स्टार्टअप Moksh Voyage लोगों को अपने अंतिम संस्कार की एडवांस बुकिंग की सुविधा दे रहा है. पैकेज की कीमत 6,000 रुपये से शुरू होकर 1.5 लाख रुपये तक है. जानिए इस सर्विस में क्या-क्या शामिल है और अमेरिका में कितना बड़ा है अंतिम संस्कार का कारोबार.

Funeral Services: मौत के बारे में बात करना भले ही कई लोगों को असहज कर सकता है, लेकिन दिल्ली के एक स्टार्टअप ने इसे भी एक सर्विस में बदलने की कोशिश की है. यह स्टार्टअप लोगों को अपने अंतिम संस्कार की तैयारी पहले से करने और इसके लिए पैकेज बुक करने की सुविधा दे रहा है. इन पैकेज की कीमत 6,000 रुपये से शुरू होकर 1.5 लाख रुपये तक है.
दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) के दौरान Moksh Voyage नाम के इस स्टार्टअप ने लोगों का ध्यान खींचा. यह सर्विस Namo Gange Wellness के तहत चलाई जा रही है. इसके जरिए लोग अपने अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाएं पहले ही तय कर सकते हैं.
अंतिम संस्कार के पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
Moksh Voyage के पैकेज में अंतिम संस्कार की योजना बनाने से लेकर कई तरह की व्यवस्थाएं शामिल हैं. इसमें शव को ले जाने के लिए वाहन, अर्थी को कंधा देने वाले लोगों की व्यवस्था, अंतिम संस्कार के बाद की रस्में और विदेश में मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर को भारत लाने जैसी सेवाएं शामिल हैं.
विदेशों में पहले से बड़ा है अंतिम संस्कार का कारोबार
अंतिम संस्कार की एडवांस बुकिंग की यह व्यवस्था नई नहीं है. पश्चिमी देशों में अंतिम संस्कार का कारोबार पहले से काफी बड़ा है. Memorial.com के मुताबिक, अमेरिका में फ्यूनरल इंडस्ट्री का सालाना कारोबार करीब 20.8 अरब डॉलर का है. इसमें Service Corporation International (SCI) की हिस्सेदारी करीब 17 फीसदी है. इस बाजार का 75% हिस्सा छोटे और परिवारों द्वारा चलाए जाने वाले कारोबारों के पास है.
इस कारोबार में कमाई का बड़ा हिस्सा उन सेवाओं से आता है, जिनकी बुकिंग लोग कई साल पहले ही कर लेते हैं. SCI के पास पहले से बुक किए गए अंतिम संस्कार से जुड़े कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 18 अरब डॉलर तक पहुंच गई है. 2019 में यह आंकड़ा 12 अरब डॉलर था. कंपनी की फ्यूनरल प्री-नीड सेल्स में एक तिमाही में 7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि इस दौरान उसके द्वारा किए गए अंतिम संस्कारों की संख्या में 1% की गिरावट आई. रिपोर्ट के मुताबिक, डेथ-केयर इंडस्ट्री का कारोबार 3.5 अरब डॉलर से कुछ ज्यादा आंका गया है, जबकि 2008 में यह करीब 1 अरब डॉलर था.
भारत में भी बढ़ रही है ऐसी सर्विस की मांग
भारत में यह बाजार अभी अमेरिका के मुकाबले छोटा है, लेकिन इसमें बदलाव देखने को मिल रहा है. कंपनी के मुताबिक, अब तक 300 से ज्यादा लोग इस सर्विस के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है लोगों की राय?
इस तरह की सर्विस को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई. कई यूजर्स का कहना है कि अपने अंतिम संस्कार की तैयारी पहले से करने में नैतिक रूप से कुछ गलत नहीं है. हालांकि, कुछ लोगों ने यह चिंता भी जताई कि ऐसी सुविधाओं को परिवार और रिश्तों की जिम्मेदारी से दूर होने का जरिया नहीं बनाना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- 4 हफ्ते की तेजी के बाद बाजार हुआ धड़ाम, 1000 अंकों के करीब गिरा सेंसेक्स, निफ्टी भी टूटा; इन फैक्टर्स ने तय की चाल