कैब बुक करते समय नहीं दिखेगा एडवांस टिप का ऑप्शन, सरकार ने फीचर पर लगाई रोक

कैब बुकिंग को लेकर सरकार ने यात्रियों के लिए नया निर्देश जारी किया है. सड़क परिवहन मंत्रालय ने कैब एग्रीगेटर्स को राइड शुरू होने से पहले एडवांस टिप और अन्य टिपिंग विकल्प हटाने को कहा है. मंत्रालय के मुताबिक अतिरिक्त भुगतान को राइड कन्फर्मेशन, ड्राइवर की स्वीकृति या बेहतर सेवा से नहीं जोड़ा जा सकता.

कैब बुकिंग को लेकर सरकार ने यात्रियों के लिए नया निर्देश जारी किया है. Image Credit: @AI/Money9live

Cab Booking: अगर आप Ola Uber या किसी अन्य ऐप से कैब बुक करते हैं तो यह खबर आपके लिए है. सड़क परिवहन मंत्रालय ने कैब एग्रीगेटर्स को ऐप में दिखने वाले प्री राइड टिपिंग विकल्प हटाने को कहा है. मंत्रालय के मुताबिक बुकिंग से पहले टिप देने का विकल्प मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस 2025 के नियमों के खिलाफ है. अब यात्री सफर पूरा होने के बाद ही ड्राइवर को अपनी इच्छा से टिप दे सकेंगे. सरकार ने सभी एग्रीगेटर्स को बिना देरी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं.

कैब बुकिंग के समय नहीं दिखेगा एडवांस टिप

सड़क परिवहन मंत्रालय ने कहा है कि कैब बुक करने से पहले यात्रियों को एडवांस टिप या Choose an Add-on जैसे विकल्प नहीं दिखाए जाने चाहिए. इसके अलावा ऐसे मैसेज भी नहीं दिखाए जा सकते जिनसे लगे कि टिप देने से कैब जल्दी कन्फर्म होगी. किसी भी तरह का एक्स्ट्रा पेमेंट ड्राइवर के राइड स्वीकार करने की संभावना से नहीं जोड़ा जा सकता. मंत्रालय ने कहा कि ऐप का कोई फीचर यात्री को अतिरिक्त भुगतान के लिए प्रेरित नहीं करना चाहिए.

टिप देने का विकल्प कब मिलेगा

मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस 2025 के मुताबिक, यात्री राइड पूरी होने के बाद ड्राइवर को अपनी इच्छा से टिप दे सकते हैं. यानी टिप देना पूरी तरह यात्री की पसंद पर निर्भर होगा. कैब कंपनी यात्रा पूरी होने से पहले टिप देने के लिए कोई विकल्प नहीं दे सकती. इसके अलावा यात्री की ओर से दी गई पूरी टिप राशि ड्राइवर को मिलनी चाहिए. एग्रीगेटर टिप की राशि में से कोई कटौती नहीं कर सकता.

राइड कन्फर्मेशन से नहीं जोड़ा जा सकता

मंत्रालय ने साफ किया है कि किसी भी ऐप फीचर से यह संदेश नहीं जाना चाहिए कि अतिरिक्त पैसे देने पर बेहतर सर्विस मिलेगी. टिप को ड्राइवर की राइड स्वीकार करने की संभावना से भी नहीं जोड़ा जा सकता. इसके अलावा टिप देने से ड्राइवर असाइनमेंट जल्दी होने या वेटिंग टाइम कम होने का संकेत भी नहीं दिया जा सकता.

एग्रीगेटर्स को ऐप में बदलाव के निर्देश

11 अगस्त को जारी निर्देश में मंत्रालय ने सभी मोटर व्हीकल एग्रीगेटर्स को अपने मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की तुरंत समीक्षा करने को कहा है. मंत्रालय ने कहा है कि जो भी फीचर मौजूदा नियमों के खिलाफ है उसमें बिना देरी बदलाव किया जाए. ऐप में कोई ऐसा मैसेज पेमेंट विकल्प या यूजर इंटरफेस नहीं होना चाहिए जो यात्रा पूरी होने से पहले एक्स्ट्रा पेमेंट के लिए प्रेरित करे. कंपनियों को नियमों का सख्ती से पालन करना होगा.

यह भी पढ़ें- रतन टाटा, साइरस मिस्त्री और एन. चंद्रशेखरन, किसके दौर में सबसे अधिक बढ़ा टाटा समूह का मार्केट कैप?

पहले भी उठ चुका है प्री राइड टिप का मुद्दा

कैब बुकिंग से पहले टिप मांगने का मामला पहली बार सामने नहीं आया है. इससे पहले सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने भी राइड हाइलिंग प्लेटफॉर्म को इस तरह की व्यवस्था रोकने का निर्देश दिया था. अब सड़क परिवहन मंत्रालय ने भी इस मामले में अपना रुख साफ कर दिया है. सरकार का कहना है कि टिप पूरी तरह स्वैच्छिक होनी चाहिए. इसे राइड मिलने या सर्विस की क्वालिटी से किसी भी तरह नहीं जोड़ा जा सकता है.

Loading...
Unable to load recommendations.