भारत में बनेगी AI की सबसे बड़ी फैक्ट्री, L&T को मिला मेगा ऑर्डर

L&T को 10,000-15,000 करोड़ रुपये का मेगा ऑर्डर मिला है. कंपनी चेन्नई में 10,000 NVIDIA B300 GPU वाली AI फैक्ट्री बनाएगी. यह प्रोजेक्ट भारत की AI कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ाने के साथ L&T को हाई-टेक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में मजबूत बनाएगा.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस

Highlights

  • L&T को मिला 15,000 करोड़ रुपये तक बड़ा ऑर्डर
  • चेन्नई में 10,000 NVIDIA B300 GPU लगाए जाएंगे
  • AI फैक्ट्री से भारत की कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ेगी

भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच Larsen & Toubro (L&T) ने बड़ा कदम उठाया है. कंपनी को 10,000 करोड़ से 15,000 करोड़ रुपये का मेगा ऑर्डर मिला है. इस ऑर्डर के तहत L&T चेन्नई में भारत की सबसे बड़ी सिंगल-क्लस्टर AI इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधा तैयार करेगी. इसमें NVIDIA के B300 प्लेटफॉर्म पर आधारित करीब 10,000 GPU लगाए जाएंगे.

Together AI के लिए तैयार होगी AI फैक्ट्री

यह AI फैक्ट्री अमेरिका की AI क्लाउड कंपनी Together AI के लिए तैयार की जाएगी. इसका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर AI मॉडल की ट्रेनिंग, फाइन-ट्यूनिंग और इनफरेंस जैसे कामों के लिए किया जाएगा. आसान भाषा में समझें तो यह पूरा सेटअप AI कंपनियों और डेवलपर्स को बेहद तेज कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराने में मदद करेगा.

L&T के मुताबिक, यह ऑर्डर कंपनी के लिए AI Factory कारोबार में प्रवेश का एक अहम कदम है. कंपनी पहले से ही डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की दिशा में काम कर रही है. अब इस बड़े प्रोजेक्ट के जरिए वह भारत के तेजी से बढ़ते AI इंफ्रास्ट्रक्चर बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है.

चेन्नई में 10,000 NVIDIA B300 GPU का क्लस्टर

इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात इसका बड़ा GPU क्लस्टर है. इसमें 10,000 NVIDIA B300 GPU लगाए जाएंगे. इतने बड़े स्तर पर GPU की तैनाती AI मॉडल को ट्रेन करने और जटिल कंप्यूटिंग कामों को तेजी से पूरा करने में मदद करेगी. यही वजह है कि इसे भारत की सबसे बड़ी सिंगल-क्लस्टर AI इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं में से एक माना जा रहा है.

AI के क्षेत्र में GPU बेहद महत्वपूर्ण होते हैं. बड़े AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए बड़ी कंप्यूटिंग क्षमता की जरूरत होती है. सामान्य कंप्यूटर प्रोसेसर की तुलना में GPU एक साथ बड़ी संख्या में गणनाएं करने में ज्यादा सक्षम होते हैं. NVIDIA के B300 जैसे नए AI चिप प्लेटफॉर्म इसी जरूरत को पूरा करने के लिए बनाए गए हैं.

L&T पहले से बना रही AI इंफ्रास्ट्रक्चर

L&T की AI और डेटा सेंटर रणनीति नई नहीं है. फरवरी 2026 में कंपनी ने NVIDIA के साथ मिलकर भारत में गीगावॉट-स्केल AI फैक्ट्री इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की योजना का ऐलान किया था. इसके तहत चेन्नई में GPU क्लस्टर को 30 मेगावाट तक बढ़ाने और मुंबई में 40 मेगावाट का नया डेटा सेंटर विकसित करने की योजना बताई गई थी. कंपनी का लक्ष्य भारत में ऐसा AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है, जहां देश की कंपनियां, ग्लोबल क्लाउड कंपनियां और अन्य संस्थान बड़े स्तर पर AI मॉडल तैयार और इस्तेमाल कर सकें.

भारत के AI सेक्टर के लिए क्यों अहम?

L&T का यह प्रोजेक्ट ऐसे समय में आया है जब भारत AI कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ाने पर तेजी से काम कर रहा है. देश में AI स्टार्टअप, क्लाउड कंपनियों और बड़े कारोबारी समूहों की मांग बढ़ने के साथ डेटा सेंटर और GPU इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत भी बढ़ रही है. 10,000 NVIDIA B300 GPU वाला यह प्रोजेक्ट भारत में बड़े पैमाने पर AI कंप्यूटिंग की क्षमता बढ़ाने में मदद कर सकता है. साथ ही, इससे L&T को निर्माण और इंजीनियरिंग से आगे बढ़कर हाई-टेक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करने का मौका मिलेगा.

यह भी पढ़ें- टाटा संस के अगले चेयरमैन की तलाश शुरू, ट्रस्ट ने पास किया प्रस्ताव; जानें- कैसे होगा चयन