IndiaMART पर एंटी-ड्रोन गन बेचना पड़ा भारी! CCPA ने कंपनी पर लगाया ₹10 लाख का जुर्माना
CCPA ने IndiaMART पर एंटी-ड्रोन गन की लिस्टिंग और विज्ञापन करने पर AirOne Robotics Pvt Ltd पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. कंपनी को 15 दिनों में अनुपालन रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है.

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने AirOne Robotics Pvt Ltd पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. कंपनी ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म IndiaMART पर ‘Anti-drone gun VKSP03-PRO’ की लिस्टिंग और विज्ञापन किया था. CCPA के मुताबिक, इस लिस्टिंग में जरूरी जानकारी और नियामक मंजूरी से जुड़े खुलासे नहीं किए गए थे.
CCPA की ओर से जारी आदेश में मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा ने कंपनी को उपभोक्ता अधिकारों के उल्लंघन, भ्रामक विज्ञापन और अनुचित व्यापार गतिविधियों का दोषी माना. प्राधिकरण ने कहा कि किसी बड़े ऑनलाइन मार्केटप्लेस पर प्रोडक्ट की पूरी तकनीकी जानकारी, 8.30 लाख रुपये की कीमत और ‘In stock’ का संकेत देकर लिस्टिंग करना साफ तौर पर दिखाता है कि कंपनी उसे बिक्री के लिए पेश कर रही थी और संभावित खरीदारों को आकर्षित करना चाहती थी.
कंपनी ने कहा- यह सिर्फ एक डमी मॉडल था
कंपनी ने अपने जवाब में दावा किया था कि यह प्रोडक्ट एक ‘नॉन-एक्टिव/इनर्ट रेप्लिका’ यानी ऐसा मॉडल था, जो काम नहीं करता. हालांकि, CCPA ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया.
प्राधिकरण ने कहा कि कंपनी ने यह दावा कारण बताओ नोटिस जारी होने के बाद किया था. यह दावा खुद ऑनलाइन लिस्टिंग में दी गई जानकारी से मेल नहीं खाता. CCPA ने यह भी कहा कि कंपनी की ओर से दिए गए अलग-अलग जवाब भी एक-दूसरे से मेल नहीं खाते थे.
वहीं कंपनी ने यह भी दलील दी थी कि ‘Anti-drone gun’, ‘electronic warfare device’ और ‘neutralising drones’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल केवल मॉडल के डिजाइन और लुक को बताने के लिए किया गया था. कंपनी के मुताबिक, यह लिस्टिंग केवल कॉन्सेप्ट और सजावटी मॉडल के तौर पर थी. लेकिन प्राधिकरण ने इस दलील को भी खारिज कर दिया.
बिक्री नहीं होने का दावा भी नहीं आया काम
CCPA ने साफ किया कि उत्पाद की वास्तव में बिक्री हुई या नहीं, इससे विज्ञापन देने वाली कंपनी की जिम्मेदारी कम नहीं होती. बाद में उत्पाद को काम न करने वाला डमी मॉडल बताने से भी पहले की लिस्टिंग और विज्ञापन की जवाबदेही खत्म नहीं होती.
प्राधिकरण के मुताबिक, जरूरी सरकारी मंजूरी के बिना प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर उपकरणों की ऑनलाइन लिस्टिंग और विज्ञापन करना भ्रामक विज्ञापन और अनुचित व्यापार गतिविधि के दायरे में आता है. इसके साथ ही, ऐसे उत्पादों के विज्ञापन में आम नागरिकों के लिए लागू प्रतिबंधों की जरूरी जानकारी देना भी अनिवार्य है. CCPA ने इसे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 का उल्लंघन माना.
कंपनी को 15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
CCPA ने AirOne Robotics को निर्देश दिया है कि वह भविष्य में अपने सभी विज्ञापनों और ऑनलाइन लिस्टिंग में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम का पालन करे. कंपनी को ऐसे उपकरणों की काम करने की क्षमता, उपलब्धता और कानूनी इस्तेमाल को लेकर कोई गलत या भ्रामक दावा नहीं करना होगा. कंपनी को आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करनी होगी.
क्या है एंटी-ड्रोन गन और क्यों है इस पर रोक?
एंटी-ड्रोन गन ऐसे वायरलेस ट्रांसमिटिंग या जैमिंग उपकरण होते हैं, जिन्हें लाइसेंस प्राप्त GPS और रेडियो फ्रीक्वेंसी सिग्नल में दखल देने के लिए बनाया जाता है. इस वजह से इन्हें प्रतिबंधित रेडियो कम्युनिकेशन उपकरणों की श्रेणी में रखा गया है. इन पर अलग-अलग कानूनों के तहत नियंत्रण लागू होता है.
CCPA ने इससे पहले 29 अप्रैल 2022 को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर वायरलेस जैमर की गैरकानूनी बिक्री और सुविधा देने के मामले में एडवाइजरी जारी की थी. मौजूदा आदेश में भी प्राधिकरण ने जैमर से जुड़े कैबिनेट सचिवालय के दिशानिर्देशों और टेलीकॉम कानूनों के तहत जरूरी मंजूरी और खुलासों का पालन नहीं करने को गंभीर माना.
मार्च 2026 में बनी थी AirOne Robotics
AirOne Robotics Pvt Ltd का गठन मार्च 2026 में हुआ था. कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस पश्चिम बंगाल के हावड़ा में है. कंपनी मशीनरी और उपकरणों के निर्माण और थोक कारोबार, इंजीनियरिंग और तकनीकी सलाहकार सेवाओं के साथ-साथ रडार उपकरण, GPS डिवाइस और खोज, पहचान व नेविगेशन से जुड़े उपकरणों के निर्माण का काम करती है.
इसे भी पढ़ें- महंगे कच्चे तेल का झटका! भारत का तेल-गैस आयात बिल 60% उछला, $16 अरब पहुंचा, LPG की खपत घटी