पहली तिमाही में सरकारी खर्च बढ़ा, बजट टारगेट का 18.2 फीसदी पहुंचा फिस्कल डेफिसिट; ये रही डिटेल

चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में केंद्र सरकार का वित्तीय घाटा पूरे साल के बजट लक्ष्य का 18.2 फीसदी यानी 3.07 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है. हालांकि सरकार के लिए राहत की बात यह रही कि अप्रैल से जून के दौरान नेट टैक्स रिवेन्यू 6.36 लाख करोड़ रुपये रहा, जो बजट अनुमान का 22.2 फीसदी है।

पहली तिमाही में केंद्र सरकार का 3.07 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है. Image Credit: Freepik

Fiscal Deficit: वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में केंद्र सरकार का वित्तीय घाटा पूरे साल के बजट लक्ष्य का 18.2 फीसदी तक पहुंच गया है. कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (CGA) ने शुक्रवार को यह आंकडे़ जारी किए. अप्रैल से जून के दौरान सरकार का कुल वित्तीय घाटा 3.07 लाख करोड़ रुपये रहा. हालांकि इस दौरान सरकार के टैक्स कलेक्शन में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली. कुल खर्च भी पिछले साल की तुलना में ज्यादा रहा.

पहली तिमाही में कितना रहा वित्तीय घाटा

CGA के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से जून 2026 के दौरान केंद्र सरकार का वित्तीय घाटा 3 लाख 7 हजार 833 करोड़ रुपये रहा. यह पूरे वित्त वर्ष के बजट लक्ष्य का 18.2 फीसदी है. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 17.9 फीसदी था. इससे साफ है कि इस बार शुरुआती तीन महीनों में सरकार का खर्च कुछ अधिक रहा.

पूरे साल का क्या है लक्ष्य

सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए वित्तीय घाटे का लक्ष्य GDP के 4.3 फीसदी पर रखा है. रकम के लिहाज से यह लक्ष्य 16.96 लाख करोड़ रुपये है. सरकार का प्रयास है कि पूरे साल के दौरान खर्च और इनकम के बीच बैलेंस बनाए रखते हुए इसी लक्ष्य के भीतर वित्तीय घाटे को रखा जाए.

टैक्स कलेक्शन में दिखी तेजी

पहली तिमाही में सरकार की नेट टैक्स इनकम 6.36 लाख करोड़ रुपये रही. यह पूरे साल के बजट अनुमान का 22.2 फीसदी है. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 19 फीसदी था. इससे संकेत मिलता है कि सरकार का टैक्स कलेक्शन बेहतर रहा है और रेवेन्यू में सुधार देखने को मिल रहा है.

यह भी पढ़ें- ₹5,629 करोड़ का मुनाफा, ₹8 प्रति शेयर डिविडेंड! Vedanta Aluminium ने जीता निवेशकों का दिल

सरकारी खर्च भी बढ़ा

अप्रैल से जून के दौरान केंद्र सरकार का कुल खर्च 13.57 लाख करोड़ रुपये रहा. यह पूरे साल के बजट अनुमान का 25.4 फीसदी है. पिछले साल की इसी अवधि में सरकार ने बजट अनुमान का 24.1 फीसदी खर्च किया था. यानी इस बार सरकारी खर्च की रफ्तार थोड़ी तेज रही.