TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

केवल 10 रुपये में भरपेट लंच! सिक्योरिटी गार्ड ने दिखाया कंपनी का खाना, वीडियो देख लोग बोले- ऐसी सुविधा हर जगह होनी चाहिए

एक सिक्योरिटी गार्ड का ₹10 में मिलने वाले कंपनी लंच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. चावल, दाल, सब्जी और पापड़ वाले इस भोजन की लोगों ने तारीफ की, हालांकि कुछ यूजर्स ने प्लास्टिक पैकेजिंग पर चिंता भी जताई.

लंच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Highlights

  • सिर्फ दस रुपये में भरपेट कंपनी लंच मिला
  • चावल, दाल, सब्जी, पापड़ शामिल रहे भोजन
  • प्लास्टिक पैकेजिंग पर यूजर्स ने सवाल उठाए

महंगाई के दौर में जहां बाहर एक वक्त का साधारण खाना भी 100 रुपये या उससे ज्यादा का पड़ जाता है, वहीं एक सिक्योरिटी गार्ड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वह अपनी कंपनी की ओर से मिलने वाला सिर्फ 10 रुपये का भरपेट लंच दिखाता है. कम कीमत में मिलने वाले इस खाने ने इंटरनेट यूजर्स का ध्यान खींच लिया है. हालांकि, जहां कई लोगों ने कंपनी की पहल की तारीफ की, वहीं कुछ यूजर्स ने खाने की प्लास्टिक पैकिंग पर सवाल भी उठाए.

वीडियो में दिखाया पूरा लंच

इंस्टाग्राम यूजर आनंद कुमार ने यह वीडियो शेयर किया है. वह अक्सर अपने कार्यस्थल पर मिलने वाले लंच और डिनर की झलक सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं. इस बार उन्होंने कैप्शन लिखा, “Company ka lunch only 10 rupees mein” यानी “कंपनी का लंच सिर्फ 10 रुपये में.”

वीडियो की शुरुआत में आनंद कहते हैं, “दोस्तों, कंपनी का खाना आ गया है. हमारी कंपनी सिर्फ 10 रुपये लेती है. लंच का समय हो गया है, आइए देखते हैं आज खाने में क्या मिला है.” इसके बाद वह खाने का पैकेट खोलकर उसमें रखी सभी चीजें एक-एक करके दिखाते हैं.

खाने में क्या-क्या मिला?

आनंद के लंच पैक में चावल, दाल, करेला भुजिया, सोयाबीन की सब्जी, एक करारा पापड़ और प्याज का टुकड़ा शामिल था. उन्होंने बताया कि यह पूरा भोजन उन्हें सिर्फ 10 रुपये में मिलता है.

वीडियो देखकर कई लोगों ने कहा कि इतनी कम कीमत में इतना संतुलित और भरपेट खाना मिलना कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत है. खासकर उन लोगों के लिए, जो रोजाना बाहर खाना खाने पर ज्यादा खर्च करते हैं.

सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी. बड़ी संख्या में यूजर्स ने कंपनी की सराहना करते हुए कहा कि हर संस्थान को अपने कर्मचारियों के लिए ऐसी सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए. कुछ लोगों ने लिखा कि 10 रुपये में इतना अच्छा खाना आज के समय में मिलना मुश्किल है और इससे कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलती है.

हालांकि, कुछ यूजर्स ने खाने की प्लास्टिक पैकेजिंग पर चिंता जताई. उनका कहना था कि बार-बार प्लास्टिक के डिब्बों और पैकेट में खाना देना पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिहाज से ठीक नहीं है. उन्होंने सुझाव दिया कि कंपनियां स्टील या दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले कंटेनरों का उपयोग करें.

महंगाई के दौर में राहत की पहल

बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों के लिए सस्ती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना कई कंपनियों की कर्मचारी कल्याण योजनाओं का हिस्सा बनता जा रहा है. ऐसे प्रयास न केवल कर्मचारियों का खर्च कम करते हैं, बल्कि उन्हें बेहतर और संतुलित भोजन भी उपलब्ध कराते हैं.

आनंद कुमार का यह वीडियो इसी वजह से लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. एक ओर यह कर्मचारियों के लिए सस्ते भोजन की सुविधा की मिसाल पेश करता है, तो दूसरी ओर पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग को लेकर नई बहस भी छेड़ देता है.

यह भी पढ़ें- Maruti Brezza या Kia Sonet? खरीदने से पहले जान लें कौन-सी SUV है सबसे दमदार