GAIL Q1 Results: गैस कंपनी की बंपर कमाई, क्या अब शेयर में आएगी नई तेजी?

GAIL ने जून तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं. कंपनी का शुद्ध मुनाफा 96% बढ़कर ₹4,671 करोड़ पहुंच गया, जबकि राजस्व 17% बढ़ा। मजबूत प्रदर्शन के बाद कंपनी का शेयर 4% चढ़कर आठ महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया.

GAIL (इंडिया) लिमिटेड

Highlights

  • शुद्ध मुनाफा 96 फीसदी बढ़कर ₹4,671 करोड़
  • राजस्व 17 फीसदी बढ़कर ₹41,350 करोड़
  • नतीजों बाद शेयर आठ महीने ऊंचाई पर

सरकारी गैस कंपनी GAIL (इंडिया) लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के शानदार नतीजे घोषित किए हैं. कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर लगभग दोगुना हो गया है. मजबूत गैस मार्केटिंग कारोबार, बढ़ती आय और बेहतर ऑपरेटिंग प्रदर्शन की बदौलत कंपनी ने निवेशकों की उम्मीदों से बेहतर नतीजे पेश किए. नतीजों के बाद शेयर बाजार में भी GAIL के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली.

96% बढ़ा शुद्ध मुनाफा

जून 2026 तिमाही में GAIL का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट (PAT) बढ़कर ₹4,671 करोड़ हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा ₹2,382 करोड़ था. इस तरह सालाना आधार पर कंपनी का मुनाफा 96.1% बढ़ा है. वहीं, मार्च 2026 तिमाही में कंपनी ने ₹1,481 करोड़ का मुनाफा कमाया था. इसके मुकाबले तिमाही आधार पर कंपनी का लाभ 215.3% बढ़ गया.

राजस्व और EBITDA में भी मजबूत बढ़त

कंपनी की ऑपरेशंस से कुल आय (Revenue) जून तिमाही में बढ़कर ₹41,350 करोड़ रही. यह पिछले साल की समान अवधि के ₹35,428.81 करोड़ के मुकाबले 16.7% अधिक है. वहीं, पिछली तिमाही की तुलना में भी राजस्व में 15.8% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

GAIL का EBITDA बढ़कर ₹7,098 करोड़ पहुंच गया, जो एक साल पहले ₹3,669 करोड़ था. इसके साथ ही कंपनी का EBITDA मार्जिन 17.65% रहा, जिसमें 710 बेसिस प्वाइंट का सुधार दर्ज किया गया. इससे साफ है कि कंपनी की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है.

नेचुरल गैस मार्केटिंग बना सबसे बड़ा सहारा

GAIL की कमाई में सबसे बड़ा योगदान नेचुरल गैस मार्केटिंग कारोबार का रहा. इस सेगमेंट से कंपनी ने ₹43,558 करोड़ का राजस्व हासिल किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹34,788 करोड़ था.

इसके अलावा, नेचुरल गैस ट्रांसमिशन सर्विसेज से ₹3,042 करोड़, सिटी गैस बिजनेस से ₹2,256 करोड़, LPG और लिक्विड हाइड्रोकार्बन कारोबार से ₹2,039 करोड़, पेट्रोकेमिकल्स से ₹646 करोड़ और अन्य कारोबार से ₹323 करोड़ की आय हुई. कंपनी की कुल सेगमेंट आय ₹52,091 करोड़ रही. इंटर-सेगमेंट एडजस्टमेंट के बाद ऑपरेशंस से कुल राजस्व ₹41,350 करोड़ दर्ज किया गया.

नतीजों के बाद शेयरों में आई तेजी

बेहतर तिमाही नतीजों का असर कंपनी के शेयर पर भी दिखाई दिया. नतीजों के बाद GAIL का शेयर करीब 4% चढ़कर ₹180.80 तक पहुंच गया, जो पिछले आठ महीनों का उच्चतम स्तर है. जुलाई महीने में अब तक शेयर करीब 4.3% की बढ़त दर्ज कर चुका है. अगर यह रफ्तार बनी रहती है, तो यह लगातार चौथा महीना होगा जब GAIL का शेयर बढ़त के साथ बंद होगा.

रिकॉर्ड हाई से अब भी नीचे

मार्च 2026 में ₹134 के निचले स्तर से GAIL का शेयर करीब 35% की तेजी दिखा चुका है और पिछले पांच महीनों की पूरी गिरावट की भरपाई कर चुका है. हालांकि, इतनी शानदार रिकवरी के बावजूद कंपनी का शेयर अभी भी अपने ₹245 के ऑल-टाइम हाई से करीब 26% नीचे कारोबार कर रहा है.

विश्लेषकों का मानना है कि अगर गैस मार्केटिंग कारोबार में यही मजबूती बनी रहती है और ऊर्जा क्षेत्र में मांग बढ़ती है, तो आने वाली तिमाहियों में भी GAIL का प्रदर्शन मजबूत रह सकता है.

यह भी पढ़ें- इन दो शेयरों में लगा 20% का अपर सर्किट, एक ने 5 साल में दिया 25303% रिटर्न; जानें क्या करती है कंपनी