गोल्ड में आई तेजी के बीच पैसा लगाना है तो क्या चुनें? ETF या Mutual Fund, कौन बेहतर?

सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों के सामने गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड में से बेहतर विकल्प चुनने की चुनौती है. जानिए दोनों में क्या अंतर है, किसमें खर्च कम आता है और किस तरह के निवेशक के लिए कौन सा विकल्प सही हो सकता है.

डिजिटल गोल्ड Image Credit: GettyImages

Gold ETF vs Gold Mutual Fund: सोने में निवेश के लिए कौन सा विकल्प बेहतर? जानें दोनों में क्या है अंतरसोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों के सामने एक बड़ा सवाल है कि गोल्ड ETF में पैसा लगाना बेहतर होगा या गोल्ड म्यूचुअल फंड में. दोनों ही विकल्पों के जरिए फिजिकल गोल्ड खरीदे बिना सोने में निवेश किया जा सकता है. हालांकि, इन दोनों के निवेश करने के तरीके, खर्च और रिटर्न में अंतर है. ऐसे में निवेश से पहले यह समझना जरूरी है कि कौन सा विकल्प किस तरह के निवेशक के लिए बेहतर हो सकता है.

मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को 15 महीने के निचले स्तर 1,20,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचने के बाद MCX पर सोने की कीमतों में लगातार दो कारोबारी सत्रों में तेजी आई. भारत में सोने का भाव करीब 1,25,800 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया. यानी निचले स्तर से कीमतों में करीब 6,000 रुपये की रिकवरी हुई है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 3,600 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर 3,679 डॉलर तक पहुंच गया.

सोने की कीमतों में आई इस तेजी के बीच निवेशक गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड जैसे विकल्पों पर विचार कर रहे हैं. आइए समझते हैं कि इन दोनों में क्या अंतर है और किसमें निवेश करना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है.

Gold ETF और Gold Mutual Fund में क्या अंतर है?

गोल्ड ETF यानी एक्सचेंज ट्रेडेड फंड में निवेश करने के लिए निवेशक के पास डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट होना जरूरी है. इसमें शेयर बाजार की तरह ही एक्सचेंज पर यूनिट खरीदी और बेची जा सकती हैं. इसकी कीमत सोने के बाजार भाव के आधार पर बदलती रहती है.

वहीं, गोल्ड म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए डीमैट अकाउंट की जरूरत नहीं होती. इसमें निवेशक सीधे म्यूचुअल फंड के जरिए पैसा लगा सकता है. ये फंड आमतौर पर गोल्ड ETF में निवेश करते हैं यानी गोल्ड म्यूचुअल फंड के जरिए निवेश करने पर निवेशक को एक अतिरिक्त फंड मैनेजमेंट खर्च भी देना पड़ता है.

किसमें निवेश करने पर खर्च कम आता है?

गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड के बीच सबसे बड़ा अंतर इनके खर्च का है. गोल्ड ETF में निवेश करने पर ब्रोकरेज और फंड से जुड़े दूसरे खर्च लागू हो सकते हैं. वहीं, गोल्ड म्यूचुअल फंड में एक्सपेंस रेशियो भी देना पड़ता है. गोल्ड म्यूचुअल फंड का एक्सपेंस रेशियो आमतौर पर 0.40 फीसदी से लेकर करीब 1 फीसदी तक हो सकता है. इसके अलावा, तय समय से पहले पैसा निकालने पर कुछ फंड में एग्जिट लोड भी लग सकता है.

इस तरह अतिरिक्त खर्च के कारण गोल्ड म्यूचुअल फंड का नेट रिटर्न गोल्ड ETF के मुकाबले कम हो सकता है. हालांकि, वास्तविक रिटर्न फंड के खर्च, ट्रैकिंग अंतर और बाजार की स्थिति पर भी निर्भर करता है.

किस निवेशक के लिए गोल्ड ETF बेहतर?

जो निवेशक शेयर बाजार और डीमैट अकाउंट का इस्तेमाल करना जानते हैं, उनके लिए गोल्ड ETF एक विकल्प हो सकता है. इसमें निवेशक बाजार के समय एक्सचेंज पर यूनिट खरीद और बेच सकता है. कम खर्च को प्राथमिकता देने वाले और खुद अपने निवेश को मैनेज करने वाले निवेशकों के लिए यह विकल्प उपयोगी हो सकता है.

गोल्ड ETF में एकमुश्त निवेश किया जा सकता है. इसके अलावा, निवेशक अपनी जरूरत और उपलब्ध विकल्पों के हिसाब से समय-समय पर भी यूनिट खरीद सकता है.

किसके लिए गोल्ड म्यूचुअल फंड सही?

जिन निवेशकों के पास डीमैट अकाउंट नहीं है या जो शेयर बाजार के जरिए सीधे निवेश नहीं करना चाहते, उनके लिए गोल्ड म्यूचुअल फंड एक आसान विकल्प हो सकता है. इसमें निवेश की प्रक्रिया सामान्य म्यूचुअल फंड की तरह होती है. निवेशक SIP के जरिए भी इसमें पैसा लगा सकते हैं.

हालांकि, निवेश से पहले एक्सपेंस रेशियो और एग्जिट लोड की जानकारी जरूर देखनी चाहिए. ये खर्च लंबे समय में मिलने वाले रिटर्न को प्रभावित कर सकते हैं.

भारत में कौन से गोल्ड ETF हैं विकल्प?

इनमें शामिल हैं:

  • Nippon India ETF Gold BeES
  • ICICI Prudential Gold ETF
  • HDFC Gold ETF
  • Nifty Gold BeES

इनके अलावा निवेशक अलग-अलग फंड के ट्रेडिंग वॉल्यूम, प्रीमियम और खर्च की तुलना कर सकते हैं. गोल्ड ETF चुनते समय ट्रेडिंग वॉल्यूम पर ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि कम वॉल्यूम वाले ETF में खरीदने और बेचने में परेशानी हो सकती है.

साथ ही, ETF का प्रीमियम भी देखना चाहिए. अगर कोई ETF सोने की वास्तविक कीमत के मुकाबले ज्यादा प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है, तो निवेशक को खरीदारी महंगी पड़ सकती है. इससे मिलने वाला रिटर्न प्रभावित हो सकता है.

ये गोल्ड म्यूचुअल फंड भी हैं विकल्प

गोल्ड म्यूचुअल फंड में निवेश करने के इच्छुक लोग इन विकल्पों पर विचार कर सकते हैं:

  • SBI Gold Mutual Fund
  • HDFC Gold Mutual Fund
  • Nippon India Gold Savings Fund
  • ICICI Prudential Gold ETF FoF
  • Kotak Gold Mutual Fund

इन फंड में निवेश से पहले इनके पिछले प्रदर्शन के साथ एक्सपेंस रेशियो, एग्जिट लोड और निवेश की शर्तों की तुलना करना जरूरी है.

निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड दोनों ही सोने की कीमतों से जुड़े निवेश विकल्प हैं. दोनों में से किसी एक को चुनने से पहले यह देखना जरूरी है कि निवेशक के पास डीमैट अकाउंट है या नहीं, वह कितना खर्च देना चाहता है और उसे खुद एक्सचेंज पर निवेश करना सुविधाजनक लगता है या म्यूचुअल फंड के जरिए निवेश करना.

इसे भी पढ़ें- जीते-जी बुक कर सकेंगे अपना अंतिम संस्कार! दिल्ली का स्टार्टअप दे रहा खास पैकेज, ₹6 हजार से शुरू हो रही प्री-बुकिंग

कम खर्च और एक्सचेंज पर सीधे खरीद-बिक्री की सुविधा चाहने वाले निवेशक गोल्ड ETF पर विचार कर सकते हैं. वहीं, बिना डीमैट अकाउंट के SIP के जरिए निवेश करने की सुविधा चाहने वालों के लिए गोल्ड म्यूचुअल फंड एक विकल्प है. ध्यान रहे कि सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर दोनों निवेश विकल्पों पर पड़ता है और इनमें रिटर्न की गारंटी नहीं होती.