Gold Price Today: सोने की कीमत स्थिर, चांदी हुई महंगी; जानें- आज कितने रुपये पर बंद हुआ गोल्ड का भाव

Gold Price Today: कारोबारियों ने कहा कि सोने की कीमत एक सीमित दायरे में रही, जबकि पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद चांदी में थोड़ी रिकवरी देखी गई. बुधवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में सोने का कारोबार स्थिर रहा.

सोने-चांदी की कीमतें. Image Credit: money9live

Gold Price Today: बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतें 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहीं, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत रुझानों के बीच चांदी की कीमतों में 500 रुपये की मामूली बढ़त हुई और यह 2.25 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले गोल्ड की कीमत 1,47,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रही.

महंगी हुई चांदी

हालांकि, चांदी की कीमत में 500 रुपये की बढ़त हुई और यह मंगलवार के 2,24,800 रुपये के बंद भाव से बढ़कर 2,25,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई.

कारोबारियों ने कहा कि सोने की कीमत एक सीमित दायरे में रही, जबकि पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद चांदी में थोड़ी रिकवरी देखी गई.

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार स्थिर रहा कारोबार

बुधवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में सोने का कारोबार स्थिर रहा. HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि हालांकि, भारतीय रुपये के मजबूत होने से घरेलू बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव पड़ा.

विदेशी बाजार में स्पॉट गोल्ड का कारोबार 4,031.73 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा और चांदी की कीमत लगभग 1 फीसदी बढ़कर 57.54 डॉलर प्रति औंस हो गई.

सीमित दायरे में कारोबार

कोटक नियो (पहले कोटक सिक्योरिटीज) में कमोडिटी रिसर्च की AVP कायनात चेनवाला ने कहा, ‘स्पॉट गोल्ड और सिल्वर क्रमशः 4,040 डॉलर और 57.5 डॉलर प्रति औंस के आसपास सीमित दायरे में कारोबार कर रहे हैं, क्योंकि निवेशक फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले का सावधानीपूर्वक इंतजार कर रहे हैं.’

उन्होंने कहा कि मजबूत डॉलर ने कीमती धातु को रखने की अवसर लागत बढ़ाकर सोने की कीमतों में बढ़त को सीमित रखा.

कच्चे तेल की कीमतें फिर से बढ़ीं

मिराए एसेट शेयरखान में कमोडिटीज के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि पश्चिम एशिया में नए सिरे से तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं, जिससे महंगाई की चिंताएं फिर से पैदा हुई हैं और अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदें मजबूत हुई हैं.

अमेरिकी फेड की घोषणा का इंतजार

LKP सिक्योरिटीज में कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट, VP जतिन त्रिवेदी के अनुसार, निवेशक अमेरिकी मॉनिटरी पॉलिसी की भविष्य की दिशा के बारे में संकेत पाने के लिए फेड चेयर केविन वॉर्श की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बारीकी से नजर रखेंगे. उन्होंने कहा कि बुलियन (सोना-चांदी) की दिशा नीतिगत घोषणा और उसके बाद अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में होने वाले उतार-चढ़ाव पर निर्भर करेगी.

यह भी पढ़ें: घाटे से मुनाफे में आ गई अनिल अग्रवाल की ये कंपनी, शेयर में भी तेजी; डीमर्जर के बाद दिखा बदलाव