Hyundai Q1 Results: कंपनी को लगा बड़ा झटका! 35% लुढ़का मुनाफा, घरेलू बिक्री रही मजबूत
Hyundai Motor India के Q1FY27 नतीजे उम्मीद से कमजोर रहे हैं. कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 35 फीसदी घटकर 888 करोड़ रुपये रह गया. प्रोडक्शन में आई अस्थायी रुकावट, वेस्ट एशिया संकट के चलते कमजोर एक्सपोर्ट और बढ़ती लागत का असर कंपनी के प्रदर्शन पर देखने को मिला. हालांकि, घरेलू बिक्री में 5.4 फीसदी की बढ़ोतरी से कारोबार को कुछ सहारा मिला है.

Hyundai Motor India Q1 Results: देश की दूसरी सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल निर्माता Hyundai Motor India का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (Q1FY27) में प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर रहा. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 35 फीसदी घटकर 888 करोड़ रुपये रह गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 1,369 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. कंपनी के मुताबिक, प्रोडक्शन में आई अस्थायी रुकावट, वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष के कारण कमजोर एक्सपोर्ट और बढ़ती लागत का असर उसके नतीजों पर साफ दिखाई दिया.
इनकम में नहीं हुई ज्यादा गिरावट
हालांकि, कंपनी की आय में बहुत बड़ी गिरावट नहीं आई. रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशंस मामूली घटकर 16,334.63 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले समान अवधि में यह 16,412.88 करोड़ रुपये था. दूसरी ओर, कुल खर्च बढ़कर 15,407.35 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष 14,780.47 करोड़ रुपये था. बढ़ती लागत और कमजोर मार्जिन ने कंपनी के मुनाफे पर दबाव बनाया.
प्रोडक्शन में रुकावट का पड़ा असर
कंपनी ने बताया कि जून तिमाही के दौरान प्रोडक्शन में आई अस्थायी रुकावट का सीधा असर वाहन उत्पादन और बिक्री पर पड़ा. रिपोर्ट्स के अनुसार, एक प्रमुख सप्लायर की फैक्ट्री में आग लगने से सप्लाई चेन प्रभावित हुई, जिससे कुछ समय के लिए उत्पादन बाधित रहा. हालांकि, जून के अंत तक उत्पादन सामान्य हो गया था.
घरेलू बिक्री में रही मजबूती
एक ओर जहां एक्सपोर्ट कमजोर रहा, वहीं घरेलू बाजार में कंपनी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा. डोमेस्टिक सेल्स में लगभग 5.4 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे कुल कारोबार को कुछ सहारा मिला. कंपनी का मानना है कि भारत में एसयूवी की मजबूत मांग और नए मॉडल्स की लोकप्रियता आने वाली तिमाहियों में भी बिक्री को समर्थन दे सकती है.
दूसरी तिमाही से सुधार की उम्मीद
Hyundai Motor India के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं CEO तरुण गर्ग ने कहा कि पहली तिमाही कई चुनौतियों से भरी रही. हालांकि, अब उत्पादन पूरी तरह सामान्य हो चुका है और कंपनी को दूसरी तिमाही से कारोबार में सुधार की उम्मीद है. कंपनी ने वित्त वर्ष FY27 के लिए घरेलू और निर्यात, दोनों बाजारों में 8 से 10 फीसदी की वॉल्यूम ग्रोथ का लक्ष्य बरकरार रखा है. साथ ही, EBITDA मार्जिन को 11 से 14 फीसदी के दायरे में रखने का लक्ष्य भी दोहराया है.
किन बातों पर रहेगी निवेशकों की नजर
विश्लेषकों का मानना है कि आने वाली तिमाहियों में निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनी उत्पादन में आई कमी की भरपाई कितनी तेजी से करती है. इसके अलावा एक्सपोर्ट रिकवरी, कच्चे माल की कीमतें, मार्जिन इम्प्रूवमेंट, नए मॉडल्स की लॉन्चिंग और घरेलू मांग की स्थिति भी कंपनी के प्रदर्शन को तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी. यदि उत्पादन सामान्य बना रहता है और वैश्विक सप्लाई चेन की स्थिति सुधरती है, तो दूसरी छमाही में कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में सुधार देखने को मिल सकता है.
कैसा है शेयर का हाल
गुरुवार को कंपनी का शेयर 1.27 फीसदी की बढ़त के साथ 2,018.20 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, पिछले एक सप्ताह में इसमें 4.69 फीसदी की तेजी दर्ज की गई.
यह भी पढ़ें: Bajaj Finance Q1 Results: 27 फीसदी बढ़ा मुनाफा , गोल्ड लोन और AUM में जोरदार उछाल
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें