IDBI Bank को ग्लोबल बैंक बनाने की तैयारी, Fairfax के COO बोले- भारत का सबसे बेहतरीन बैंक बनने की क्षमता

कनाडा की कंपनी Fairfax Financial Holdings ने IDBI Bank की 60.72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए 52,878 करोड़ रुपये की पेशकश की है. कंपनी 81 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बैंक का अधिग्रहण करेगी. Fairfax की योजना IDBI Bank को बैंकिंग, इंश्योरेंस, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं वाला ग्लोबल फाइनेंशियल संस्थान बनाने की है.

IDBI Bank Image Credit:

भारत के IDBI Bank के निजीकरण की प्रक्रिया अब आगे बढ़ रही है. कनाडा की कंपनी Fairfax Financial Holdings ने बैंक में 60.72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए 52,878 करोड़ रुपये की पेशकश की है. इस डील के बाद बैंक की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है. Fairfax के COO का मानना है कि IDBI Bank में भारत का सबसे बेहतरीन बैंक बनने की क्षमता है, जो दुनिया भर में अपनी पहचान बना सकता है.

81 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुई पेशकश

Fairfax Financial Holdings ने IDBI Bank की 60.72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए प्रति शेयर 81 रुपये की बोली लगाई है. यह हिस्सेदारी खरीदने के लिए कुल 52,878 करोड़ रुपये की पेशकश की गई है. यह बोली सरकार की ओर से तय 75.99 रुपये प्रति शेयर की बेंचमार्क वैल्यू से ज्यादा है. यानी Fairfax ने सरकार के तय मूल्य से बेहतर कीमत की पेशकश की है.

31 मार्च 2026 तक IDBI Bank की रेगुलेटरी बुक वैल्यू 51.85 रुपये प्रति शेयर थी. इस हिसाब से Fairfax की पेशकश करीब 56 फीसदी प्रीमियम पर है. वहीं, 18 मई को बैंक का शेयर बाजार में भाव 70.38 रुपये था. इसके मुकाबले भी Fairfax की बोली करीब 15 फीसदी ज्यादा है.

सिर्फ बैंकिंग नहीं, कई क्षेत्रों में कारोबार बढ़ाएगी Fairfax

इस डील के बाद Fairfax की योजना IDBI Bank को एक बड़े फाइनेंशियल सर्विसेज ग्रुप के रूप में विकसित करने की है. इसके तहत बैंकिंग के साथ इंश्योरेंस, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में भी कारोबार बढ़ाया जा सकता है. Fairfax के प्रमुख अरबपति निवेशक प्रेम वत्स हैं. कंपनी का मानना है कि IDBI Bank में देश का बेहतरीन यूनिवर्सल बैंक बनने की क्षमता है, जिसकी पहुंच अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक हो सकती है. यूनिवर्सल बैंक का मतलब ऐसे बैंक से है, जो आम बैंकिंग सेवाओं के अलावा इंश्योरेंस, निवेश और संपत्ति प्रबंधन जैसी सुविधाएं भी देता है.

शेयर बाजार में क्यों नीचे रहा IDBI Bank का भाव?

दिलचस्प बात यह है कि Fairfax की बोली सामने आने के बाद भी IDBI Bank के शेयर बाजार में भाव 81 रुपये के ऑफर प्राइस से नीचे रहे. इसकी एक वजह यह बताई जा रही है कि विनिवेश को लेकर अनिश्चितता कम होने के बाद शेयर का भाव धीरे-धीरे बैंक की वास्तविक कारोबारी स्थिति के करीब पहुंचा.

कैसे पूरी हुई IDBI Bank को बेचने की प्रक्रिया?

IDBI Bank में हिस्सेदारी बेचने के लिए सरकार ने ग्लोबल स्तर पर पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया अपनाई. इस पूरी प्रक्रिया में सरकार के ट्रांजैक्शन एडवाइजर की मदद ली गई. बोली लगाने वाली सभी कंपनियों की फिट एंड प्रॉपर जांच RBI ने की. इसके बाद योग्य कंपनियों की ओर से बैंक की पूरी जानकारी की जांच-पड़ताल की गई. IDBI Bank के विनिवेश की योजना पहली बार वित्त वर्ष 2016-17 और 2021-22 के केंद्रीय बजट में सामने आई थी. हालांकि, बैंक को बेचने की औपचारिक प्रक्रिया अक्टूबर 2022 में शुरू हुई.

कभी आर्थिक संकट से जूझ रहा था बैंक

IDBI Bank की आर्थिक स्थिति एक समय काफी खराब हो गई थी. मई 2017 से मार्च 2021 तक बैंक RBI के प्रॉम्प्ट करेक्टिव एक्शन (PCA) फ्रेमवर्क के तहत रहा. इस दौरान बैंक को अपनी वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए सरकार और LIC से कई बार पूंजी की मदद लेनी पड़ी.

विनिवेश को लेकर नीति आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठे थे. इस पर सूत्रों ने स्पष्ट किया कि नीति आयोग ने IDBI Bank को बेचने की कोई सिफारिश नहीं की थी. IDBI Bank एक शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंक है, न कि सरकारी PSU. नीति आयोग को केवल सरकारी कंपनियों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी. अब इस डील के जरिए IDBI Bank के कारोबार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें- दुनिया की 12 कंपनियों ने बनाए सबसे ज्यादा अरबपति, भारत की Infosys भी शामिल