Microsoft Layoff: 4800 कर्मचारियों की होगी छंटनी, 39 हफ्तों तक मिलेगी सैलरी; जानें डिटेल्स
Microsoft ने वैश्विक स्तर पर 4,800 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है. प्रभावित कर्मचारियों को अधिकतम 39 हफ्तों की बेस सैलरी, स्टॉक वेस्टिंग और हेल्थ इंश्योरेंस जैसी सुविधाओं वाला सेवरेंस पैकेज मिलेगा. कंपनी AI इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े निवेश के साथ लागत कम करने की रणनीति पर काम कर रही है.

Microsoft Layoff: टेक दिग्गज Microsoft ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है. कंपनी अपने वैश्विक वर्कफोर्स के करीब 2.1 फीसदी, यानी लगभग 4,800 कर्मचारियों की छंटनी करेगी. हालांकि, प्रभावित कर्मचारियों को राहत देते हुए कंपनी ने आकर्षक सेवरेंस पैकेज देने की घोषणा की है. कर्मचारियों को उनकी नौकरी के स्तर और कंपनी में बिताए गए समय के आधार पर अधिकतम 39 हफ्तों तक की बेस सैलरी, स्टॉक वेस्टिंग और हेल्थ इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
किसे क्या मिलेगा
बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, Microsoft ने कर्मचारियों के लिए अलग-अलग स्तर के आधार पर सेवरेंस पैकेज तय किया है. कंपनी में इंटरनल लेवल 64 या उससे नीचे के कर्मचारियों को हर छह महीने की सेवा पर एक सप्ताह की बेस सैलरी दी जाएगी. वहीं, लेवल 65 से लेवल 67 तक के कर्मचारियों को हर छह महीने की सेवा पर दो सप्ताह की बेस सैलरी मिलेगी. लेवल 68 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए अलग कंपनसेशन प्लान तैयार किया गया है.
स्टॉक वेस्टिंग और हेल्थ इंश्योरेंस का भी लाभ
Microsoft केवल सेवरेंस पे ही नहीं देगा, बल्कि पात्र कर्मचारियों को अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा. लेवल 67 तक के योग्य कर्मचारियों को उनकी सेवा अवधि के आधार पर 6 या 12 महीने तक नियमित स्टॉक वेस्टिंग का लाभ मिलता रहेगा. इसके अलावा, कंपनी 6 महीने तक पेड हेल्थ इंश्योरेंस भी उपलब्ध कराएगी. कर्मचारी चाहें तो COBRA के जरिए अतिरिक्त 12 महीने तक हेल्थ इंश्योरेंस कवरेज जारी रख सकेंगे. कंपनी ने बताया कि यह पैकेज इस वर्ष की शुरुआत में वॉलंटरी रिटायरमेंट प्रोग्राम के तहत दिए गए पैकेज के समान है.
AI निवेश के बीच लागत घटाने पर जोर
Microsoft इन छंटनियों के जरिए अपनी लागत को नियंत्रित करना चाहती है. कंपनी इस वर्ष करीब 190 अरब डॉलर का कैपिटल एक्सपेंडिचर करने की तैयारी में है. इसका बड़ा हिस्सा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर्स और नई AI टेक्नोलॉजीज के विकास पर खर्च किया जाएगा. कंपनी का मानना है कि तेजी से बदलते कारोबारी माहौल में संसाधनों का बेहतर उपयोग करना जरूरी है. इसी वजह से वह अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव कर रही है.
Xbox डिविजन में सबसे बड़ा बदलाव
छंटनी का सबसे बड़ा असर Microsoft के Xbox डिविजन पर पड़ेगा. कंपनी अगले वित्त वर्ष के दौरान गेमिंग बिजनेस से जुड़े करीब 3,200 कर्मचारियों की छंटनी करेगी. इसके साथ ही चार गेम स्टूडियोज को अलग किया जाएगा या बेचा जाएगा, जबकि पांचवें स्टूडियो के भविष्य की समीक्षा की जा रही है. जरूरत पड़ने पर उसे भी बंद किया जा सकता है.
Microsoft की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और कारोबार भी उसी के अनुरूप बदल रहा है. कंपनियां यह तय नहीं कर सकतीं कि उनका उद्योग बदलेगा या नहीं, लेकिन वे यह जरूर तय कर सकती हैं कि वे उस बदलाव के साथ खुद को कैसे ढालें.
यह भी पढ़ें: PF खाताधारकों के लिए खुशखबरी, EPFO 15 जुलाई तक जमा करेगा 1.44 लाख करोड़ रुपये का ब्याज