Titan से भी तेज दौड़ा यह ज्वेलरी स्टॉक, 60% ग्रोथ के बावजूद P/E सिर्फ 9.3; रखें नजर

वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में टाइटन, कल्याण ज्वेलर्स और सेंको गोल्ड ने शानदार बिक्री वृद्धि दर्ज की है. रिकॉर्ड ऊंची सोने की कीमतों के बावजूद त्योहारों और शादी के सीजन ने ज्वेलरी कंपनियों की मांग को मजबूत बनाए रखा. जहां टाइटन के घरेलू ज्वेलरी कारोबार में 39 फीसदी की ग्रोथ हुई, वहीं सेंको गोल्ड ने 60 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज कर सबको चौंका दिया है.

ज्वेलरी स्टॉक्स Image Credit: money9live.com

Jewellery Stocks: देश की ज्वेलरी कंपनियों के लिए वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही शानदार रही. रिकॉर्ड ऊंची सोने की कीमतों के बावजूद त्योहारों, शादी-ब्याह के सीजन और नए शोरूम के दम पर कंपनियों ने मजबूत बिक्री दर्ज की. इस दौरान जहां टाइटन के घरेलू ज्वेलरी कारोबार में 39 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, वहीं स्मॉलकैप कंपनी सेंको गोल्ड ने 60 फीसदी की सालाना ग्रोथ दर्ज कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. खास बात यह है कि इतनी तेज ग्रोथ के बावजूद सेंको गोल्ड का शेयर सिर्फ 9.3 के P/E मल्टीपल पर कारोबार कर रहा है, जबकि टाइटन का P/E 80.55 है.

रिकॉर्ड महंगे सोने के बावजूद बनी रही मांग

सरकार द्वारा 13 मई 2026 से सोने पर आयात शुल्क 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी किए जाने के बावजूद घरेलू बाजार में सोने की मांग कमजोर नहीं पड़ी. फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2026 तिमाही के दौरान सोने का औसत भाव करीब 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 41 फीसदी अधिक है. इसके बावजूद अक्षय तृतीया, बिहू और शादी-ब्याह के सीजन ने ज्वेलरी की बिक्री को मजबूत बनाए रखा.

टाइटन ने दिखाई दमदार बढ़त

देश की सबसे बड़ी ज्वेलरी रिटेलर टाइटन कंपनी के घरेलू ज्वेलरी कारोबार में जून 2026 तिमाही के दौरान 39 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई. कंपनी के प्लेन और स्टडेड ज्वेलरी सेगमेंट, दोनों में मिड-30 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली. वहीं, दुबई की डामस ज्वेलरी के अधिग्रहण के बाद कंपनी के अंतरराष्ट्रीय ज्वेलरी कारोबार में 128 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

टाइटन ने तिमाही के दौरान भारत में 33 नए स्टोर जोड़े, जिसके बाद देश में उसका कुल स्टोर नेटवर्क बढ़कर 1,227 आउटलेट्स तक पहुंच गया. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कंपनी का नेटवर्क बढ़कर 163 स्टोर्स हो गया. बुधवार को कंपनी का शेयर 0.39 फीसदी की गिरावट के साथ 4,586 रुपये पर पहुंच गया.

कल्याण ज्वेलर्स की भी मजबूत शुरुआत

कल्याण ज्वेलर्स इंडिया ने जून तिमाही में 38 फीसदी की सालाना बिक्री वृद्धि दर्ज की. कंपनी की समान स्टोर बिक्री वृद्धि 28 फीसदी रही. कंपनी के अनुसार, अक्षय तृतीया और शादी के सीजन की मजबूत मांग ने कारोबार को गति दी. तिमाही के दौरान कंपनी ने भारत में 12 नए कल्याण शोरूम और 5 कैंडेरे शोरूम खोले. इसके साथ ही भारत और विदेशों में कंपनी के कुल शोरूम्स की संख्या बढ़कर 524 हो गई. बुधवार को कंपनी का शेयर 5.47 फीसदी की बढ़त के साथ 374 रुपये पर पहुंच गया.

सेंको गोल्ड ने सबसे ज्यादा चौंकाया

पूर्वी भारत में मजबूत पकड़ रखने वाली सेंको गोल्ड ने जून 2026 तिमाही में 60 फीसदी की सालाना रेवेन्यू वृद्धि दर्ज की, जो इस तिमाही में सबसे अधिक रही. कंपनी की समान स्टोर बिक्री वृद्धि 38 फीसदी रही. कंपनी का कहना है कि अक्षय तृतीया, बिहू और अन्य क्षेत्रीय त्योहारों की मजबूत मांग से बिक्री में शानदार उछाल आया. रिपोर्ट के मुताबिक, सेंको गोल्ड ने तिमाही के दौरान 8 नए शोरूम शुरू किए, जिसके बाद उसका कुल स्टोर नेटवर्क बढ़कर 208 आउटलेट्स तक पहुंच गया. बुधवार को कंपनी का शेयर 1.38 फीसदी की बढ़त के साथ 331 रुपये पर पहुंच गया.

वैल्यूएशन में बड़ा अंतर

भले ही टाइटन कारोबार के आकार और मुनाफे के मामले में उद्योग की सबसे बड़ी कंपनी है और उसका रिटर्न ऑन इक्विटी 37.7 फीसदी है, लेकिन वैल्यूएशन के लिहाज से कंपनियों के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है. टाइटन का शेयर 80.55 के P/E पर कारोबार कर रहा है, जबकि कल्याण ज्वेलर्स का P/E 27.13 और सेंको गोल्ड का केवल 9.3 है. यानी सेंको गोल्ड का वैल्यूएशन टाइटन और कल्याण ज्वेलर्स की तुलना में काफी कम है.

यह भी पढ़ें: देश से विदेश तक सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमतों का ऐसा है हाल; जानें- आज का रेट

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.