₹10 से कम के इस पेनी स्टॉक में आई जबरदस्त तेजी, कर्ज घटाने की खबर से शेयर ने पकड़ी रफ्तार; रखें रडार पर

10 रुपये से कम कीमत वाले PC Jeweller के शेयर में 5 फीसदी से अधिक की तेजी देखने को मिली है. कंपनी ने दो कंसोर्टियम बैंकों का बकाया कर्ज चुकाने और चालू तिमाही में पूरी तरह डेट फ्री बनने का लक्ष्य दोहराया है. साथ ही बैंक कर्ज में 90 फीसदी से अधिक की कमी आई है.

PC Jeweller Image Credit: money9live

PC Jeweller Share Price: शेयर बाजार में कमजोरी के माहौल के बीच पीसी ज्वेलर के शेयरों ने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. 10 रुपये से कम कीमत वाले इस पेनी स्टॉक में बुधवार को 5 फीसदी से अधिक की तेजी देखने को मिली. कंपनी ने जानकारी दी है कि उसने दो बैंकों के साथ हुए सेटलमेंट एग्रीमेंट के तहत अपना पूरा बकाया कर्ज चुका दिया है. इसके साथ ही कंपनी ने चालू तिमाही में पूरी तरह डेट फ्री बनने का लक्ष्य भी दोहराया है. इस खबर के बाद शेयर में खरीदारी बढ़ गई.

6 फीसदी तक उछला शेयर

बुधवार को शुरुआती कारोबार में पीसी ज्वेलर का शेयर बीएसई पर 6 फीसदी तक चढ़कर 10.01 रुपये पर पहुंच गया. शेयर ने 9.47 रुपये के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की थी. हालांकि बाद में इसमें कुछ मुनाफावसूली भी देखने को मिली, लेकिन पूरे बाजार में बिकवाली के बावजूद शेयर मजबूती के साथ कारोबार करता रहा. दोपहर 1 बजे तक कंपनी का शेयर 5.63 फीसदी की तेजी के साथ 9.94 रुपये पर कारोबार कर रहा था.

दो बैंकों का पूरा कर्ज चुकाया

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि उसने 30 सितंबर 2024 के सेटलमेंट एग्रीमेंट के तहत 14 बैंकों के कंसोर्टियम में शामिल दो बैंकों का पूरा बकाया चुका दिया है. कंपनी का कहना है कि यह उसके डेट फ्री बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. पीसी ज्वेलर ने यह भी कहा कि आने वाले समय में बाकी बैंकों का कर्ज भी चरणबद्ध तरीके से चुकाया जाएगा. कंपनी लंबे समय से अपने कर्ज को कम करने की रणनीति पर काम कर रही है और अब इसमें लगातार प्रगति दिखाई दे रही है.

पहली तिमाही में कारोबार भी मजबूत

कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के बिजनेस अपडेट में बताया कि उसका कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू पिछले साल की समान अवधि की तुलना में करीब 21 फीसदी बढ़ा है. इसके साथ ही कंपनी ने उम्मीद जताई है कि जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही के दौरान वह पूरी तरह डेट फ्री हो सकती है.

पीसी ज्वेलर के अनुसार, उसने अपने कुल बैंक कर्ज में 90 फीसदी से अधिक की कमी कर ली है. वहीं, जून तिमाही के दौरान जॉइंट सेटलमेंट एग्रीमेंट के तहत बैंकों को देय कर्ज में अतिरिक्त 24 फीसदी की कमी की गई है. इससे साफ है कि कंपनी लगातार अपनी बैलेंस शीट मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.

यह भी पढ़ें: एंटी डंपिंग ड्यूटी बनेगी गेमचेंजर? सरकार के एक कदम से चमके केमिकल शेयर; 12% तक की आई रैली

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.