महंगाई की एक और मार, मदर डेयरी का दूध हुआ महंगा, एक लीटर पर इतने रुपये बढ़ गई कीमत

Mother Dairy Milk Price: मदर डेयरी ने अपने लिक्विड दूध (खुले और पैकेट वाले) की कीमतों में 2-4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जो 12 नवंबर से प्रभावी होगी. केवल छह महीने के भीतर दूध की कीमतों में हुई यह बढ़ोतरी घरों के बजट पर असर डालेगी और इससे खाद्य महंगाई (फूड इन्फ्लेशन) भी बढ़ सकती है.

मदर डेयरी ने बढ़ाया दूध का दाम. Image Credit: Tv9 Network

Mother Dairy Milk Price: लागत बढ़ने के कारण मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2-4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जो गुरुवार से लागू होगी. दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता, मदर डेयरी ने पिछली बार 14 मई, 2026 को कीमतें बढ़ाई थीं. उससे पहले, अप्रैल 2025 में कीमतों में बदलाव किया गया था.

सूत्रों के मुताबिक, मदर डेयरी ने अपने लिक्विड दूध (खुले और पैकेट वाले) की कीमतों में 2-4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जो 12 नवंबर से प्रभावी है.

क्यों बढ़ी कीमत?

सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ गई है, जिसके चलते कंपनी को लागत में हुई इस बढ़ोतरी का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना पड़ा है. मदर डेयरी अपने दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का 75-80 फीसदी हिस्सा किसानों को देती है.

कंपनी दिल्ली-एनसीआर बाजार में अपने आउटलेट्स, सामान्य खुदरा दुकानों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है. कुल मिलाकर, कंपनी रोजाना 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है.

एनसीआर में कितना महंगा हुआ दूध

  • टोन्ड दूध (खुला/बल्क में बिकने वाला) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है.
  • फुल क्रीम दूध (पैकेट वाला) अब 72 रुपये की जगह 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.
  • टोन्ड दूध (पैकेट वाला) की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है.
  • डबल टोन्ड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी.
  • गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है.

दूध की कीमतों में हो रही लगातार बढ़ोतरी

केवल छह महीने के भीतर दूध की कीमतों में हुई यह बढ़ोतरी घरों के बजट पर असर डालेगी और इससे खाद्य महंगाई (फूड इन्फ्लेशन) भी बढ़ सकती है.

7 फीसदी के पार चली गई है खुदरा महंगाई

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के अनुसार, सितंबर में खाद्य महंगाई बढ़कर 7.74 फीसदी हो गई, जो पिछले महीने 5.97 फीसदी थी. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में खुदरा महंगाई दर तेजी से बढ़कर 5.54 फीसदी हो गई.

इसका मुख्य कारण प्याज और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी है. यह दर RBI की सहन-सीमा (टॉलरेंस बैंड) के भीतर ही बनी हुई है.

अगस्त में कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) पर आधारित मुख्य महंगाई दर 4.83 फीसदी थी.

मदर डेयरी का टर्नओवर

पिछले वित्त वर्ष में अपने दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की बेहतर मांग के चलते मदर डेयरी के टर्नओवर में 17 फीसदी की वृद्धि हुई, जिससे यह 20,300 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. 1974 में शुरू हुई मदर डेयरी, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है.

क्या-क्या बेचती है कंपनी?

कंपनी ‘मदर डेयरी’ ब्रांड के तहत दूध और दूध से बने उत्पाद बेचती है. खाद्य तेलों की बिक्री ‘धारा’ ब्रांड के नाम से की जाती है. ताजे फल और सब्जियां, फ्रोजन सब्जियां, स्नैक्स, पल्प और कंसंट्रेट ‘सफल’ ब्रांड के तहत बेचे जाते हैं.

मदर डेयरी के पास दूध प्रोसेसिंग के 9 प्लांट और बागवानी उत्पादों के प्रसंस्करण के चार प्लांट हैं. खाद्य तेल के सेक्टर में कंपनी 16 प्लांट के जरिए काम करती है.

यह भी पढ़ें: कल्याण ज्वैलर्स के शेयर में 10% का उछाल, स्टॉक ने हिट किया 52 वीक का नया हाई लेवल; निवेशकों को मिला है बंपर रिटर्न