TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 2027 में लागू होंगी या नहीं, कर्मचारियों को कब मिलेगी बढ़ी हुई सैलरी?

8th Pay Commission: वित्त मंत्रालय ने 3 नवंबर 2025 को एक प्रस्ताव के जरिए 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का औपचारिक गठन किया था. आयोग की अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं. आयोग को गठन की तारीख से 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें सौंपनी हैं.

8वां वेतन आयोग Image Credit: tv9 bharatvarsh

Highlights

  • 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने और बढ़ी हुई सैलरी मिलने के बीच कई प्रक्रियाएं पूरी होनी हैं.
  • संशोधित वेतनमान और भुगतान की व्यवस्था सरकार के फैसले के बाद ही लागू होगी.
  • आयोग को गठन की तारीख से 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें सौंपनी हैं.

8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग के तहत बढ़ी हुई सैलरी और पेंशन के लिए 2027 तक इंतजार करना पड़ सकता है. आयोग को अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए 3 मई 2027 तक का समय दिया गया है. हालांकि, रिपोर्ट आने के बाद भी कर्मचारियों के खाते में बढ़ी हुई सैलरी तुरंत नहीं आएगी. इसके लिए सरकार को सिफारिशों की समीक्षा, मंजूरी और लागू करने से जुड़े आदेश जारी करने होंगे. वहीं, 1 जनवरी 2026 से नई वेतन व्यवस्था प्रभावी होने की संभावना पर भी चर्चा है.

8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट कब आएगी?

वित्त मंत्रालय ने 3 नवंबर 2025 को एक प्रस्ताव के जरिए 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का औपचारिक गठन किया था. आयोग की अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं. प्रोफेसर पुलक घोष को पार्ट टाइम मेंबर और पंकज जैन को मेंबर सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है.

आयोग को गठन की तारीख से 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें सौंपनी हैं. इस समयसीमा के हिसाब से आयोग को 3 मई 2027 तक रिपोर्ट देनी है. हालांकि, यह निर्धारित समयसीमा है. इसका मतलब यह नहीं है कि रिपोर्ट इसी तारीख को जारी हो जाएगी.

आयोग को कुछ विशेष मुद्दों पर अपनी सिफारिशें अंतिम रूप देने के बाद अंतरिम रिपोर्ट सौंपने का विकल्प भी दिया गया है. यानी पूरी रिपोर्ट आने से पहले कुछ विषयों पर सिफारिशें सामने आ सकती हैं.

रिपोर्ट आने के बाद तुरंत नहीं बढ़ेगी सैलरी

कर्मचारियों के लिए यह समझना जरूरी है कि 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने और बढ़ी हुई सैलरी मिलने के बीच कई प्रक्रियाएं पूरी होनी हैं. आयोग का काम मौजूदा सैलरी स्ट्रक्चर, भत्तों, पेंशन और दूसरी सेवा सुविधाओं की समीक्षा करके उनमें बदलाव की सिफारिश करना है. रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद सरकार इन सिफारिशों पर विचार करेगी.

इसके बाद सरकार तय करेगी कि आयोग की किन सिफारिशों को स्वीकार करना है. फिर उन्हें लागू करने के लिए जरूरी आदेश जारी किए जाएंगे. संशोधित वेतनमान और भुगतान की व्यवस्था सरकार के फैसले के बाद ही लागू होगी.

आयोग अपनी सलाह-मशविरा प्रक्रिया भी आगे बढ़ा चुका है. आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, कर्मचारियों, पेंशनर्स, सर्विस एसोसिएशन, यूनियनों और सरकारी विभागों से सुझाव और मेमोरेंडम मांगे गए थे. इसके लिए 5 मार्च से 15 जून 2026 तक का समय दिया गया था. अब सुझाव जमा करने की यह अवधि समाप्त हो चुकी है.

क्या 1 जनवरी 2026 से लागू होगा नया वेतनमान?

8वें वेतन आयोग के संदर्भ में 1 जनवरी 2026 की तारीख महत्वपूर्ण है. सरकार ने 28 अक्टूबर 2025 को आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को मंजूरी देने से जुड़ी प्रेस रिलीज में कहा था कि आमतौर पर वेतन आयोग की सिफारिशें 10 साल के अंतराल पर लागू होती हैं. इसी परंपरा के आधार पर 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का प्रभाव 1 जनवरी 2026 से अपेक्षित माना गया था.

हालांकि, इस तारीख को आधिकारिक लागू होने की तारीख का आदेश नहीं माना जा सकता.

मिल सकता है एरियर

अगर सरकार बाद में सिफारिशों को 1 जनवरी 2026 से पिछली तारीख से लागू करने का फैसला करती है, तो कर्मचारियों को इस तारीख और वास्तविक एग्जीक्यूशन के बीच की अवधि का एरियर मिल सकता है. यानी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की संभावना और उस तारीख से बढ़ी हुई सैलरी का भुगतान शुरू होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं.

फिटमेंट फैक्टर से तय करेगा सैलरी में बढ़ोतरी

कर्मचारियों की नई बेसिक सैलरी कितनी होगी, यह काफी हद तक आयोग की ओर से सुझाए जाने वाले और सरकार द्वारा स्वीकार किए जाने वाले फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगा. फिटमेंट फैक्टर एक गुणक होता है, जिसका इस्तेमाल मौजूदा बेसिक सैलरी को संशोधित बेसिक सैलरी में बदलने के लिए किया जाता है.

कितनी बढ़ सकती है सैलरी?

उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है और अगर 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाता है, तो नई बेसिक सैलरी इस तरह निकलेगी.

  • मौजूदा बेसिक सैलरी-18,000 रुपये
  • अनुमानित फिटमेंट फैक्ट – 2.57
  • नई बेसिक सैलरी – 46,260 रुपये

इसकी गणना इस तरह होगी:

18,000 रुपये × 2.57 = 46,260 रुपये

यह केवल उदाहरण है. आयोग ने अभी अंतिम फिटमेंट फैक्टर की सिफारिश नहीं की है और सरकार ने भी इसे मंजूरी नहीं दी है.

यह भी पढ़ें: कल्याण ज्वैलर्स के शेयर में 10% का उछाल, स्टॉक ने हिट किया 52 वीक का नया हाई लेवल; निवेशकों को मिला है बंपर रिटर्न