15 जून को खुलेगा जेवर एयरपोर्ट, उड़ान भरने से पहले ही पीछे हटी Air India Express; क्या है वजह?

15 जून से शुरू होने जा रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रियों को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन उड़ान शुरू होने से पहले ही एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने संचालन को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है. अब शुरुआती चरण में केवल इंडिगो और आकासा एयर ही सेवाएं देंगी.

जेवर एयरपोर्ट Image Credit: Money9 Live

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) 15 जून से कमर्शियल उड़ानों के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन उड़ान शुरू होने से ठीक पहले यात्रियों के लिए एक मायूस करने वाली खबर आई है. टाटा ग्रुप की बजट एयरलाइन ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ ने जेवर एयरपोर्ट से अपनी उड़ानों के प्लान को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है. इसका मतलब है कि 15 जून को जब दिल्ली-एनसीआर के इस दूसरे बड़े हवाई अड्डे से पहली फ्लाइटें उड़ान भरेगी, तो उसमें एयर इंडिया एक्सप्रेस शामिल नहीं होगी. अब शुरुआती दौर में केवल इंडिगो (IndiGo) और आकासा एयर (Akasa Air) ही यहां से सेवाएं देंगी.

यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस के हटने के बाद अब जेवर एयरपोर्ट के ओपनिंग डे यानी 15 जून को सिर्फ इंडिगो अपनी उड़ानें शुरू करेगी. इसके अगले दिन, यानी 16 जून से, आकासा एयर भी इस नेटवर्क का हिस्सा बन जाएगी. ऐसे में जो यात्री शुरुआती दिनों में एयर इंडिया एक्सप्रेस से सफर करने की उम्मीद लगाए बैठे थे, उन्हें फिलहाल निराशा हाथ लगेगी और उनके पास इंडिगो या आकासा का ही विकल्प होगा.

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने क्यों बनाई दूरी?

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि एयर इंडिया ग्रुप इस समय वित्तीय दबाव से गुजर रहा है और उसका पूरा ध्यान लागत कम करने और अपने नेटवर्क को बेहतर बनाने पर है. एयरलाइन दिल्ली एयरपोर्ट (IGI) पर पहले से ही बड़े पैमाने पर काम कर रही है. ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के भीतर ही एक और नए एयरपोर्ट पर सेटअप लगाने और भारी निवेश करने से कंपनी फिलहाल बच रही है. कंपनी ने न सिर्फ जेवर बल्कि दिल्ली की भी कुछ उड़ानों में कटौती की है.

यह भी पढ़ें: Anthropic ने लॉन्च किया Fable 5 मॉडल, लेकिन क्यों डर रही हैं सरकारें और साइबर सुरक्षा एजेंसियां?

दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को क्या होगा फायदा?

नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़ और आगरा जैसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए जेवर एयरपोर्ट एक वरदान साबित होने वाला है.

  • इससे दिल्ली के आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव कम होगा.
  • पहले फेज में यहां से घरेलू उड़ानें शुरू होंगी. जैसे-जैसे यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, उड़ानों और रूट्स का दायरा बढ़ाया जाएगा.
  • एयरपोर्ट शुरू होने से यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास के उद्योगों, लॉजिस्टिक्स और शहरी विकास को रफ्तार मिलेगी.

शुरुआती दौर में एयर इंडिया एक्सप्रेस न होने से इंडिगो का जेवर एयरपोर्ट पर दबदबा रहने वाला है. हालांकि, यात्रियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में दूसरी एयरलाइंस भी यहां से अपनी सर्विस शुरू करेंगी.