सुबह 6 बजे आया ईमेल और चली गई नौकरी! Oracle में फिर छंटनी; पहले भी 21 हजार लोगों को दिखा चुका है बाहर का रास्ता

Oracle में एक बार फिर छंटनी का दौर शुरू हो गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ कर्मचारियों को सुबह करीब 6 बजे ईमेल भेजकर उनके पद समाप्त किए जाने की जानकारी दी गई. कंपनी ने ताजा छंटनी में प्रभावित कर्मचारियों की संख्या सार्वजनिक नहीं की है. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब Oracle AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश कर रही है.

ओरेकल Image Credit: Canva/ Money9

Oracle में एक बार फिर छंटनी का दौर शुरू हो गया है. कंपनी ने कुछ कर्मचारियों को सुबह करीब 6 बजे ईमेल भेजकर उनके पद समाप्त किए जाने की जानकारी दी. यह छंटनी ऐसे समय में हुई है, जब Oracle आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और क्लाउड कारोबार की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए डेटा सेंटर और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश कर रही है. कंपनी ने ताजा छंटनी में प्रभावित कर्मचारियों की संख्या सार्वजनिक नहीं की है.

सुबह 6 बजे कर्मचारियों को मिला नौकरी जाने का ईमेल

बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, छंटनी का नया दौर सोमवार से शुरू हुआ. प्रभावित कर्मचारियों में से कुछ ने LinkedIn, Reddit और Blind पर अपनी नौकरी जाने की जानकारी साझा की. Business Insider ने तीन प्रभावित कर्मचारियों से बातचीत और कंपनी के आंतरिक नोटिफिकेशन की समीक्षा के आधार पर यह जानकारी दी है. कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में उनकी भूमिकाएं व्यापक संगठनात्मक बदलाव के तहत समाप्त किए जाने की बात कही गई थी.

AI पर 28.5 अरब डॉलर का खर्च

Oracle इस समय AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े पैमाने पर खर्च कर रही है. वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी ने कैपिटल एक्सपेंडिचर पर 28.5 अरब डॉलर खर्च किए, जो पिछले साल की समान अवधि में खर्च किए गए 8.5 अरब डॉलर से तीन गुना से भी अधिक है. कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष के लिए 90 अरब डॉलर से 95 अरब डॉलर के बीच कैपिटल एक्सपेंडिचर का अनुमान बरकरार रखा है.

AI कारोबार में भी मांग मजबूत बनी हुई है. Oracle ने तिमाही के दौरान 30 अरब डॉलर से अधिक के अतिरिक्त AI क्लाउड कॉन्ट्रैक्ट साइन किए. इसके साथ कंपनी का कुल रेवेन्यू बैकलॉग बढ़कर 664 अरब डॉलर हो गया. हालांकि, इस विस्तार की लागत भी काफी अधिक है और तिमाही में कंपनी का फ्री कैश फ्लो 5.4 अरब डॉलर निगेटिव रहा.

इस साल पहले ही घटे 21 हजार कर्मचारी

यह Oracle की इस साल की पहली बड़ी छंटनी नहीं है. कंपनी की वार्षिक फाइलिंग के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में उसका वैश्विक वर्कफोर्स करीब 21,000 कर्मचारियों यानी 13 प्रतिशत घटा. 31 मई को कर्मचारियों की संख्या लगभग 1.41 लाख थी, जबकि एक साल पहले यह करीब 1.62 लाख थी. इसी अवधि में कंपनी ने सेवरेंस और अन्य एग्जिट कॉस्ट पर करीब 1.84 अरब डॉलर खर्च किए.

Oracle ने अपने पुनर्गठन कार्यक्रम की अनुमानित लागत में भी करीब 700 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी की है. इसके बाद कुल अनुमानित लागत लगभग 2.8 अरब डॉलर हो गई है. कंपनी 31 अगस्त तक इस योजना के तहत करीब 2.1 अरब डॉलर के चार्ज दर्ज कर चुकी थी.

रेवेन्यू और क्लाउड कारोबार में तेज बढ़ोतरी

कर्मचारियों की संख्या घटाने के बावजूद Oracle के कारोबार में तेज वृद्धि जारी है. वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 30 प्रतिशत बढ़कर 19.3 अरब डॉलर हो गया. वहीं, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर रेवेन्यू 121 प्रतिशत बढ़कर 7.4 अरब डॉलर पहुंच गया.

इस तरह Oracle एक तरफ AI और क्लाउड कारोबार की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अरबों डॉलर खर्च कर रही है, तो दूसरी तरफ लागत घटाने और संगठन के पुनर्गठन पर जोर दे रही है. ताजा छंटनी इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है.

यह भी पढ़ें: 2000 रुपये तक के ही UPI ट्रांजैक्शन रहेंगे फ्री, अधिक रकम वाले पेमेंट पर चार्ज लगाने की तैयारी! समझें पूरा मामला