सोना खरीदने से बचने की PM मोदी की अपील का दिखा असर! बोले- लोगों ने कम खरीदा गोल्ड, बच गए उनके पैसे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोना खरीदने से बचने की अपनी अपील का जिक्र करते हुए कहा कि देश के लोगों ने उनकी बात मानी. इससे सोने की खरीदारी कम हुई और कीमतों में गिरावट आई. मोदी के मुताबिक, लोगों ने जरूरत नहीं होने पर सोना नहीं खरीदा, जिससे उनके पैसे बचे और देश का विदेशी मुद्रा भंडार भी बचाने में मदद मिली.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोने की खरीदारी को लेकर मई में की गई अपनी अपील का एक बार फिर जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि देश के लोगों ने उनकी बात मानी और जरूरत नहीं होने पर सोना खरीदने से परहेज किया. इससे सोने की कीमतों में गिरावट आई और लोगों के पैसे बचे. मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में यह बात कही. उन्होंने लोगों के इस फैसले की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की उस अपील से की, जिसमें उन्होंने देशवासियों से खाद्य संकट के दौरान एक वक्त का भोजन छोड़ने को कहा था.
एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई में देशवासियों से अपील की थी कि अगर बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना खरीदने से बचें. उन्होंने कहा था कि सोने के आयात पर देश का काफी विदेशी मुद्रा भंडार खर्च होता है. ऐसे समय में जब देश को विदेशी मुद्रा बचाने की जरूरत है, लोगों को सोने की गैर-जरूरी खरीदारी रोकनी चाहिए.
मोदी ने हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान यह अपील की थी. इसके बाद सितंबर में भी उन्होंने लोगों से जरूरत के अलावा सोना नहीं खरीदने की बात कही थी. उनकी इस अपील का मकसद देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करना और आयात खर्च को नियंत्रित करना था.
सोने की कीमतों में कितनी आई गिरावट?
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सोने की कीमतों में आई गिरावट का भी जिक्र किया. दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 9 मई को 15,250 रुपये प्रति ग्राम था, जो 21 नवंबर को घटकर 12,523 रुपये प्रति ग्राम रह गया.
इस हिसाब से सोने की कीमत में 2,727 रुपये प्रति ग्राम यानी करीब 17.9 फीसदी की गिरावट आई. मोदी ने कहा कि अब लोग उनसे मिलकर बताते हैं कि उन्होंने उनकी सलाह मानी और इससे उनके पैसे बच गए.
सोने की खरीदारी में भी आई कमी
देश में सोने की कीमतों में गिरावट के साथ इसकी मांग में भी कमी देखने को मिली है. अप्रैल से अक्टूबर के दौरान भारत का आधिकारिक सोना आयात करीब 40 फीसदी घटकर 24.78 अरब डॉलर रह गया. पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 41.24 अरब डॉलर था.
वहीं, जुलाई से सितंबर के दौरान भारत में सोने की कुल मांग 162 टन रही. यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 29 फीसदी कम है. इस दौरान सोने के गहनों की मांग में भी करीब 20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह लगभग 100 टन रह गई.
सरकार ने गोल्ड और सिल्वर पर बढ़ाई थी इंपोर्ट ड्यूटी
सोने की खरीदारी कम करने की अपील के साथ सरकार ने गोल्ड और सिल्वर पर इंपोर्ट ड्यूटी भी बढ़ाई थी. मई में इसे 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया गया था. इसका असर घरेलू बाजार में सोने और चांदी से जुड़े कारोबार पर भी देखने को मिला.
भारत अपनी सोने की जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है. ऐसे में सोने की खरीदारी कम होने से देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ने वाला दबाव घट सकता है. खासकर तब, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से देश का आयात बिल पहले से दबाव में हो.
लाल बहादुर शास्त्री की अपील का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया. उन्होंने कहा कि 1965 में खाद्य संकट के दौरान शास्त्री ने देशवासियों से एक वक्त का भोजन छोड़ने की अपील की थी और लोगों ने उनकी बात मानी थी.
मोदी ने कहा कि देश में आज भी सामूहिक भागीदारी की वही भावना मौजूद है. उन्होंने कहा कि एक सामान्य व्यक्ति के तौर पर उन्होंने लोगों से कम सोना खरीदने की अपील की और देशवासियों ने उसका पालन किया. इससे सोने की कीमतों में गिरावट आई और लोगों को आर्थिक फायदा हुआ.