Qualcomm Layoffs: बेंगलुरु से शुरू हुई छंटनी; हैदराबाद तक पहुंचेगी आंच;1000 कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी
Qualcomm ने भारत में कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, छंटनी का पहला दौर बेंगलुरु से शुरू हुआ है और इससे देश में करीब 1,000 कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है. कंपनी के हैदराबाद, दिल्ली-NCR और चेन्नई स्थित इंजीनियरिंग और रिसर्च सेंटर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं. स्मार्टफोन बाजार में सुस्ती, MediaTek से बढ़ती प्रतिस्पर्धा और Apple की अपनी मॉडेम टेक्नोलॉजी Qualcomm के कारोबार के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर रही हैं.

टेक सेक्टर में छंटनी का दौर जारी है. अब अमेरिकी चिप मैन्युफैक्चिरिंग कंपनी Qualcomm ने भारत में कर्मचारियों की संख्या घटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. कंपनी ने 9 नवंबर से बेंगलुरु स्थित अपने ऑपरेशन में छंटनी शुरू की है. इस प्रक्रिया का असर देशभर में करीब 1000 कर्मचारियों पर पड़ सकता है. इनमें कई साल का एक्सपीरियंस रखने वाले सीनियर इंजीनियर भी शामिल हैं. आने वाले दिनों में हैदराबाद, दिल्ली-NCR और चेन्नई स्थित कंपनी के इंजीनियरिंग और रिसर्च सेंटर तक भी छंटनी की आंच पहुंच सकती है.
1000 कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी
Qualcomm भारत में अपने करीब 20000 कर्मचारियों में से 5-6 फीसदी की छंटनी कर सकती है. हालांकि, कंपनी ने भारत में छंटनी की संख्या को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है. कंपनी की ओर से इस मामले पर भेजे गए सवालों का भी जवाब नहीं मिला है.
छंटनी के पहले दौर में सीनियर इंजीनियर और लंबे समय से कंपनी में काम कर रहे कर्मचारियों पर असर पड़ा है. रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु के बाद हैदराबाद, दिल्ली-NCR और चेन्नई में भी यह प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है.
कर्मचारियों को मिलेगा कितना मुआवजा?
प्रभावित कर्मचारियों को तीन महीने की सैलरी के बराबर सेवरेंस पैकेज दिया जा रहा है. इसके अलावा कंपनी में उनके काम करने की अवधि के आधार पर अतिरिक्त मुआवजा भी मिल सकता है.
कुछ कर्मचारियों को एग्जिट डॉक्यूमेंट पर तीन दिन के अंदर साइन करने पर एक महीने की अतिरिक्त सैलरी देने का प्रस्ताव भी दिया गया है. हालांकि, Qualcomm ने इन मुआवजा शर्तों की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है.
ये भी पढ़ें- महंगाई की एक और मार, मदर डेयरी का दूध हुआ महंगा, एक लीटर पर इतने रुपये बढ़ गई कीमत
अक्टूबर में कंपनी ने किया था छंटनी का ऐलान
Qualcomm के CEO Cristiano Amon ने 20 अक्टूबर को ग्लोबल स्तर पर कर्मचारियों की संख्या घटाने की योजना बताई थी. कंपनी ने कहा था कि यह प्रक्रिया सालाना परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद की जाएगी. Qualcomm के मुताबिक, इसका मकसद जवाबदेही बढ़ाना और बदलती कारोबारी प्राथमिकताओं के हिसाब से कर्मचारियों की संख्या और संगठन को तैयार करना है.
हालांकि, भारत में सीनियर इंजीनियरों की छंटनी से यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह कदम केवल कर्मचारियों के प्रदर्शन तक सीमित है या कंपनी बड़े स्तर पर संगठन में बदलाव और लागत घटाने की रणनीति पर भी काम कर रही है. छंटनी में पर्सनल परफॉर्मेंस रेटिंग, टीम के आकलन और अमेरिकी मैनेजमेंट के फैसलों की भूमिका हो सकती है. RF, Bluetooth, Wi-Fi और GNSS इंजीनियरिंग टीमों में भी कटौती की आशंका जताई गई है.
स्मार्टफोन बाजार में सुस्ती से बढ़ी चुनौती
Qualcomm के लिए स्मार्टफोन कारोबार अब भी कमाई का सबसे बड़ा जरिया है. कंपनी अपने कारोबार को AI, ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी, कनेक्टेड डिवाइस और डेटा सेंटर चिप्स जैसे क्षेत्रों में फैलाने की कोशिश कर रही है. लेकिन स्मार्टफोन बाजार में सुस्ती और प्रतिस्पर्धा उसके लिए चुनौती बनी हुई है.