अर्श से फर्श पर कैसे पहुंची SpiceJet! ₹5500 करोड़ की मंजूरी बनेगी संकटमोचक? हर दिन कैंसिल हो रहीं 51 उड़ानें

SpiceJet एक बार फिर आर्थिक संकट से जूझ रही है. कंपनी 5500 करोड़ रुपये जुटाकर अपने कारोबार, विमानों के बेड़े और उड़ानों को पटरी पर लाना चाहती है. इससे पहले 2024 में भी उसने 3000 करोड़ रुपये जुटाए थे.

स्पाइसजेट Image Credit: Nasir Kachroo/NurPhoto via Getty Images

SpiceJet एक बार फिर आर्थिक संकट से निकलने की कोशिश कर रही है. कभी देश की बड़ी एयरलाइंस में शामिल रही यह कंपनी अब 5500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है. कंपनी के बोर्ड ने 18 नवंबर को इस फंड जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इसका मकसद आर्थिक स्थिति मजबूत करना, विमानों की संख्या बढ़ाना और उड़ानों को फिर से पटरी पर लाना है.

हालांकि, SpiceJet के सामने चुनौती काफी बड़ी है. कंपनी की हालत यह है कि विंटर शेड्यूल के लिए मंजूर करीब 66 रोजाना उड़ानों में से वह फिलहाल केवल 15 उड़ानें ही संचालित कर पा रही है. हाल ही में लीज पर लिए गए छह विमान भी बकाया भुगतान नहीं होने के कारण खड़े हैं. एयरलाइन के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर एक हफ्ते के भीतर नई पूंजी नहीं मिली, तो उड़ानों का संचालन जारी रखना मुश्किल हो सकता है.

यह पहली बार नहीं है, जब SpiceJet ने संकट से निकलने के लिए बड़ा फंड जुटाने का फैसला किया है. सितंबर 2024 में भी कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए 3000 करोड़ रुपये जुटाए थे. उस समय भी कंपनी ने विमानों को दोबारा उड़ान के लिए तैयार करने और पुराने बकाये चुकाने की योजना बनाई थी. इसके बावजूद कंपनी की आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार नहीं हो पाया.

2015 में भी बंद होने की कगार पर पहुंच गई थी SpiceJet

SpiceJet का इतिहास कई बार आर्थिक संकट और वापसी की कोशिशों से भरा रहा है. इसकी शुरुआत 1993 में हुई थी, जब इसे M.G. Express के नाम से जाना जाता था. बाद में इसका नाम ModiLuft हुआ और 2005 में यह SpiceJet बन गई.

कंपनी को सबसे बड़ा संकट 2014 में झेलना पड़ा. उस साल जुलाई में एयरलाइन की बाजार हिस्सेदारी 20.9% थी, जो दिसंबर तक घटकर 10.4% रह गई. FY14 में कंपनी को 1,003 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था. मार्च 2015 तक उसके पास केवल 5 करोड़ रुपये नकद बचे थे, जबकि करीब 1,400 करोड़ रुपये का बकाया था.

फरवरी 2015 में अजय सिंह दोबारा कंपनी के प्रमोटर बने. उन्होंने कलानिधि मारन से 58% हिस्सेदारी खरीदी. इसके बाद निवेशकों ने कंपनी में 1,500 करोड़ रुपये लगाने की प्रतिबद्धता जताई, जिसमें से मार्च 2015 तक 500 करोड़ रुपये कंपनी को मिल गए थे.

इसके बाद SpiceJet की स्थिति में सुधार हुआ. जनवरी 2017 तक कंपनी लगातार सात तिमाहियों में मुनाफा दर्ज कर चुकी थी. नवंबर 2016 में उसकी बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 12.8% हो गई थी.

Boeing 737 MAX और कोरोना ने फिर बिगाड़ा खेल

SpiceJet की वापसी की राह में 2019 में बड़ा झटका लगा. दुनिया भर में Boeing 737 MAX विमानों को उड़ान से रोक दिया गया. इसके बाद कोरोना महामारी ने एयरलाइन के कारोबार पर और दबाव बढ़ा दिया.

कंपनी ने सितंबर 2024 की अपनी प्रेजेंटेशन में बताया था कि इन घटनाओं के साथ महंगे ईंधन और बढ़ती परिचालन लागत ने उसकी आर्थिक स्थिति पर बोझ बढ़ाया. जून 2024 तक कंपनी के परिचालन बेड़े में केवल 28 विमान बचे थे, जबकि 2019 में यह संख्या 74 थी.

कंपनी के कुल 64 विमानों में से 36 विमान फंड की कमी और बकाया भुगतान के कारण खड़े थे. दूसरी ओर, लीज, रखरखाव और एयरपोर्ट से जुड़े खर्च बढ़ रहे थे. कम विमानों के साथ उड़ानें संचालित होने के कारण कंपनी की कमाई भी प्रभावित हुई.

2024 में ₹3,000 करोड़ जुटाए, फिर भी नहीं सुधरी हालत

सितंबर 2024 तक SpiceJet पर विमान लीज देने वाली कंपनियों, इंजीनियरिंग कंपनियों और दूसरे कर्जदाताओं का करीब 3700 करोड़ रुपये बकाया था. इसके अलावा कंपनी पर 650 करोड़ रुपये के वैधानिक पेमेंट भी बाकी थे.

इस स्थिति से निपटने के लिए कंपनी ने सितंबर 2024 में QIP के जरिए 3,000 करोड़ रुपये जुटाए. इसके तहत शेयर की कीमत 61.60 रुपये रखी गई थी.

इसके अलावा जनवरी से अगस्त 2024 के बीच गैर-प्रमोटर निवेशकों से प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए 678.19 करोड़ रुपये मिले थे. प्रमोटर ग्रुप ने भी शेयर और वारंट के जरिए 500 करोड़ रुपये लगाने की प्रतिबद्धता जताई थी. इसमें से करीब 200 करोड़ रुपये शुरुआत में मिले, जबकि बाकी 294.09 करोड़ रुपये मार्च 2025 में मिले. उस समय प्रमोटर ने 13.14 करोड़ वारंट को इक्विटी शेयरों में बदला था.

इस तरह QIP, गैर-प्रमोटर निवेशकों और प्रमोटर ग्रुप से जुड़े इश्यू के जरिए व्यापक फंड जुटाने की अवधि में कंपनी को कुल 4,172.28 करोड़ रुपये मिले.

इससे अलग, सितंबर 2023 में विमान लीज देने वाली कंपनियों ने अपने 230.99 करोड़ रुपये के बकाये को इक्विटी में बदल दिया था. इससे कंपनी की देनदारी कम हुई, लेकिन उसे नया नकद पैसा नहीं मिला.

कंपनी ने 2024 में जुटाए गए QIP के पैसे के इस्तेमाल की भी योजना बनाई थी. इसमें 750 करोड़ रुपये विमान लीज देने वाली कंपनियों, फाइनेंसरों और इंजीनियरिंग वेंडरों का बकाया चुकाने के लिए रखे गए थे. वहीं, 601.5 करोड़ रुपये वैधानिक भुगतान, 410 करोड़ रुपये खड़े विमानों को दोबारा उड़ान के लिए तैयार करने और मौजूदा बेड़े के रखरखाव और 370 करोड़ रुपये नए विमानों को बेड़े में शामिल करने के लिए तय किए गए थे.

SpiceJet ने FY25 में 58.07 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन मुनाफा दर्ज किया था. FY24 में कंपनी को 409.44 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था. हालांकि, इसे कंपनी की परिचालन स्थिति में मजबूत वापसी नहीं माना जा सकता. FY25 में भी उसका परिचालन घाटा 465.57 करोड़ रुपये रहा. विमान लीज से जुड़े समझौतों और कर्ज के पुनर्गठन से हुए फायदे ने कंपनी के नेट प्रॉफिट को बेहतर बनाने में मदद की थी.

फिर लौटा नकदी का संकट, उड़ानों पर बढ़ा असर

2024 में बड़ी रकम जुटाने के बावजूद SpiceJet की आर्थिक मुश्किलें दोबारा बढ़ गईं. ET Bureau की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2026 में कंपनी को फंड की कमी का सामना करना पड़ रहा था. इस वजह से पायलटों की सैलरी में भी देरी हुई थी.

कंपनी ने सरकार की Emergency Credit Line Guarantee Scheme के तहत मदद लेने की कोशिश की थी. उसका कहना था कि मिडिल ईस्ट संकट जैसे बाहरी कारणों का उसके कारोबार और नकदी प्रवाह पर असर पड़ रहा है.

एविएशन एनालिटिक्स फर्म OAG के आंकड़ों के मुताबिक, SpiceJet की निर्धारित उड़ानों की संख्या जनवरी में 4,494 थी, जो मई में घटकर 3,053 रह गई. उस समय कंपनी के पास परिचालन के लिए 21 विमान थे.

इसके बाद भी कंपनी की मुश्किलें कम नहीं हुईं. रिपोर्ट में बताया गया कि विमान लीज देने वाली कंपनियां किराया नहीं मिलने के कारण विमान वापस लेने की मांग कर रही थीं. नवंबर तक एयरलाइन की रोजाना निर्धारित उड़ानों में से आधे से ज्यादा रद्द हो रही थीं.

हाल ही में लीज पर लिए गए छह विमान बकाया भुगतान नहीं होने के कारण खड़े हो गए. वहीं, FLYONE ने भुगतान नहीं मिलने पर तीन विमानों का लीज समझौता खत्म कर दिया.

कंपनी को एक और झटका तब लगा, जब Yes Bank ने पिछले डिफॉल्ट का हवाला देते हुए Emergency Credit Line Guarantee Scheme के तहत ₹350 करोड़ का लोन बढ़ाने से इनकार कर दिया.

दुबई में भी भुगतान नहीं करने पर हुई कार्रवाई

SpiceJet की आर्थिक परेशानी का असर उसके अंतरराष्ट्रीय कारोबार पर भी पड़ा है. दुबई एयरलाइन के अहम अंतरराष्ट्रीय ठिकानों में से एक है. ऐसे में वहां उड़ानों का प्रभावित होना कंपनी के विदेशी कारोबार के लिए भी बड़ी चुनौती है.

दुबई एयरपोर्ट्स ने करीब AED 14 मिलियन यानी लगभग ₹35.85 करोड़ का बकाया नहीं मिलने पर SpiceJet के लिए चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं. इससे भारत आने वाली उड़ानों पर असर पड़ा. 12 नवंबर को अमृतसर, जयपुर, मुंबई और दिल्ली के लिए चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं.

इन घटनाओं से साफ है कि कंपनी को पुराने बकाये चुकाने के साथ-साथ विमानों का संचालन जारी रखने के लिए भी पैसों की जरूरत है.

₹5,500 करोड़ से क्या बदलना चाहती है कंपनी?

SpiceJet का नया फंड जुटाने का प्रस्ताव 2024 में जुटाई गई 3,000 करोड़ रुपये की रकम से बड़ा है. कंपनी के बोर्ड ने इक्विटी शेयर, प्रेफरेंस शेयर, डेट सिक्योरिटीज या अन्य अनुमत माध्यमों से 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी दी है.

इसके साथ ही कंपनी ने अपनी अथॉराइज्ड शेयर कैपिटल को 2,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7,500 करोड़ रुपये करने की मंजूरी भी दी है. हालांकि, इसके लिए जरूरी मंजूरियां मिलना बाकी है. कंपनी का कहना है कि इस रकम का इस्तेमाल बैलेंस शीट मजबूत करने, विमानों की संख्या बढ़ाने, उड़ानों को दोबारा शुरू करने और कारोबार के विस्तार में किया जाएगा.

SpiceJet के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह ने कहा कि यह फंड जुटाने की योजना एयरलाइन को दोबारा खड़ा करने, परिचालन मजबूत करने और ब्रांड की साख लौटाने का अहम मौका देगी.

कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि 5,500 करोड़ रुपये में से कितनी रकम किस काम पर खर्च की जाएगी. हालांकि, SpiceJet के प्रवक्ता ने कहा है कि कंपनी की पहली प्राथमिकता उड़ानों को स्थिर करना और परिचालन से जुड़ी दिक्कतों को दूर करना है. कंपनी विमान उपलब्धता बढ़ाने, संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने और परिचालन संबंधी समस्याओं को जल्द दूर करने पर काम कर रही है.

SpiceJet के शेयर में तेजी, लेकिन बाजार हिस्सेदारी लगातार घटी

SpiceJet की नई फंड जुटाने की योजना ऐसे समय आई है, जब घरेलू विमानन बाजार में उसकी हिस्सेदारी काफी कम हो चुकी है.

DGCA के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 में कंपनी की घरेलू बाजार हिस्सेदारी केवल 0.6% रह गई. अगस्त में यह 1.2% और जनवरी में 3.9% थी. सितंबर में कंपनी ने करीब 73,000 यात्रियों को सफर कराया, जबकि जनवरी में यह संख्या 5.92 लाख थी.

2019 में घरेलू बाजार में SpiceJet की हिस्सेदारी करीब 15% थी. विमानों की संख्या घटने, उड़ानें कैंसिल होने और क्षमता बनाए रखने में मुश्किलों के कारण कंपनी की स्थिति लगातार कमजोर हुई है.

दूसरी तरफ, कंपनी के शेयर में हाल के दिनों में तेजी देखने को मिली है. 19 नवंबर को शेयर 5% के अपर सर्किट के साथ 9.97 रुपये पर बंद हुआ. पिछले छह कारोबारी सत्रों में इसमें करीब 30% की तेजी आई.

हालांकि आज यानी 20 नवंबर को कंपनी के शेयर में 5 फीसदी का लोवर सर्किट लग गया है. इस गिरावट के बाद शेयर 9.74 रुपये प्रति पर कारोबार कर रहा है.

SpiceJet की वापसी है जरूरी?

भारत के विमानन बाजार में SpiceJet की वापसी कंपटीशन के लिहाज से भी अहम है. इस समय IndiGo और Tata Group की एयरलाइंस की बाजार में बड़ी हिस्सेदारी है. SpiceJet के कम विमान उड़ाने और कम उड़ानें संचालित करने से यात्रियों के पास विकल्प भी सीमित हुए हैं.

हालांकि, कंपनी के लिए खोई हुई क्षमता को वापस पाना आसान नहीं होगा. इसके लिए उसे नए निवेश के साथ विमानों को दोबारा सेवा में लाना होगा, बकाया पेमेंट करना होगा और उड़ानों का संचालन भरोसेमंद बनाना होगा.

5,500 करोड़ रुपये जुटाने का प्रस्ताव SpiceJet के लिए एक और मौका हो सकता है. लेकिन असली परीक्षा यह होगी कि कंपनी निवेशकों से पैसा जुटा पाती है या नहीं और इस रकम से अपने कारोबार को कितनी मजबूती दे पाती है.

इसे भी पढ़ें- Gold-Silver ETF में गिरावट से निवेशक परेशान, SIP जारी रखें या रोक दें? एक्सपर्ट से समझें सही रणनीति