ट्रस्ट के खिलाफ Tata Sons ने चली नई कानूनी चाल, कोर्ट में दाखिल की कैविएट; क्या है इसका मतलब?

टाटा संस ने बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है, ताकि टाटा ट्रस्ट की अपील पर कंपनी को अपना पक्ष रखने का मौका मिले. दोनों ट्रस्ट ने एन चंद्रशेखरन की तीसरी बार नियुक्ति को चुनौती दी है. हाईकोर्ट ने 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग रोकने से इनकार किया, लेकिन फैसलों को अंतिम आदेश के अधीन रखा है.

टाटा सन्स Image Credit:

Tata Sons और Tata Trusts के बीच जारी विवाद में अब कानूनी लड़ाई और तेज हो गई है. Tata Sons ने शनिवार को बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि अगर Sir Dorabji Tata Trust और RD Tata Trust शुक्रवार के कोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील करते हैं, तो Tata Sons को भी अपना पक्ष रखने का मौका मिले.

दरअसल, दोनों ट्रस्ट ने Tata Sons के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की तीसरी बार पांच साल के लिए नियुक्ति को चुनौती दी है. ट्रस्ट चाहते थे कि 30 नवंबर को होने वाली Tata Sons की बोर्ड मीटिंग टाल दी जाए या चंद्रशेखरन को किसी मतभेद की स्थिति में अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करने से रोका जाए.

आखिर क्या है कैविएट याचिका?

कैविएट याचिका (Caveat Petition) अदालत में दाखिल की जाने वाली एक कानूनी अर्जी है. इसके जरिए कोई व्यक्ति या कंपनी कोर्ट से कहती है कि अगर उसके खिलाफ कोई दूसरा पक्ष याचिका या अपील दाखिल करे, तो उसका पक्ष सुने बिना कोई आदेश न दिया जाए.

हाईकोर्ट से Tata Trusts को नहीं मिली राहत

शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस अभय आहूजा की बेंच ने दोनों ट्रस्ट को तत्काल कोई राहत नहीं दी. कोर्ट ने कहा कि 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग तय कार्यक्रम के अनुसार हो सकती है. हालांकि, मीटिंग में लिए जाने वाले फैसले कोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन रहेंगे.

कोर्ट ने Tata Sons और मामले में शामिल छह निदेशकों समेत अन्य पक्षों को दोनों ट्रस्ट की ओर से दाखिल याचिकाओं पर अपना जवाबी हलफनामा जमा करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी.

चंद्रशेखरन की नियुक्ति को दी चुनौती

Sir Dorabji Tata Trust (SDTT) और RD Tata Trust (RDTT) ने 26 नवंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में Tata Sons और उसके छह निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दायर किया था. इसमें चंद्रशेखरन की तीसरी बार पांच साल के लिए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में नियुक्ति को चुनौती दी गई है.

ट्रस्ट का दावा है कि 17 सितंबर को Tata Sons के बोर्ड ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को मंजूरी दी थी, लेकिन यह फैसला कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AoA) के आर्टिकल 121 के तहत जरूरी समर्थन हासिल नहीं कर पाया. इसी आधार पर ट्रस्ट ने बोर्ड के फैसले को अमान्य बताया है.

दोनों ट्रस्ट ने मांगा करोड़ों रुपये का हर्जाना

दोनों ट्रस्ट ने Tata Sons से हर्जाने की भी मांग की है. Sir Dorabji Tata Trust ने 50 करोड़ रुपये, जबकि RD Tata Trust ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है. इसके साथ ही दोनों ने 18 फीसदी सालाना ब्याज देने की मांग भी की है.

ट्रस्ट की मुख्य मांग थी कि 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग में अगर Tata Trusts के नॉमिनी निदेशकों के बीच किसी मुद्दे पर मतभेद होता है, तो Tata Sons के चेयरमैन अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल न कर सकें. शुक्रवार को सुनवाई के दौरान ट्रस्ट के वकीलों ने मीटिंग टालने की मांग भी रखी थी, जिसका Tata Sons ने विरोध किया.

Tata Sons में ट्रस्ट की 66% हिस्सेदारी

Tata Trusts के चेयरमैन नोएल टाटा और Tata Sons के बीच कई मुद्दों पर मतभेद हैं. Tata Sons देश के सबसे बड़े कारोबारी समूह की होल्डिंग कंपनी है, जिसमें Tata Trusts की 66 फीसदी हिस्सेदारी है.

विवाद का एक बड़ा मुद्दा Tata Sons की संभावित लिस्टिंग भी है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने Tata Sons को NBFC-Upper Layer के रूप में वर्गीकृत किया है और इसी के तहत कंपनी की लिस्टिंग अनिवार्य की है. हालांकि, नोएल टाटा IPO से बचने के लिए कारोबार के पुनर्गठन पर जोर दे रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- 3 पर्सनल लोन, मां के 7 क्रेडिट कार्ड का बकाया; ट्रेडिंग में गंवाए ₹25 लाख, अब ₹68.61 लाख के कर्ज में डूबा 23 साल का लड़का