₹7717 करोड़ का पैकेज, मस्क के बाद इस भारतीय मूल के CEO को मिलती है सबसे ज्यादा सैलरी; हर दिन कमाते हैं 21 करोड़

भारतीय मूल के शंख मित्र दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले CEO बन गए हैं. Welltower के CEO को 2025 में 821 मिलियन डॉलर यानी करीब ₹7,717 करोड़ का मुआवजा मिला है. उनसे आगे सिर्फ Elon Musk हैं. कोलकाता से शुरू हुआ उनका सफर आज उन्हें वैश्विक कॉर्पोरेट जगत के शीर्ष सीईओ में शामिल करता है.

शंख मित्र Image Credit:

Shankh Mitra: भारतीय मूल के शंख मित्र ने दुनिया के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले CEOs की सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है. Welltower के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) शंख मित्र (Shankh Mitra) को साल 2025 में 821 मिलियन डॉलर का कंपनसेशन मिला है. अगर इसे 1 डॉलर 94 रुपये के हिसाब से देखें, तो यह करीब 7,717.4 करोड़ रुपये बैठता है. खास बात यह है कि सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले CEOs की लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ Tesla के CEO एलन मस्क हैं.

शंख मित्र फिलहाल Welltower की कमान संभाल रहे हैं. यह एक रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (REIT) है, जो सीनियर हाउसिंग, हेल्थकेयर फैसिलिटी और वेलनेस प्रॉपर्टीज में निवेश करता है. उनके मुआवजे का बड़ा हिस्सा कंपनी के लंबे समय के प्रदर्शन से जुड़े स्टॉक अवॉर्ड्स के रूप में दिया गया है.

भारत के इस शहर से है नाता

शंख मित्र ने अपनी शुरुआती पढ़ाई भारत में की. उन्होंने कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की. इसके बाद वह अमेरिका चले गए, जहां उन्होंने Columbia Business School से अप्लाई वैल्यू इन्वेस्टिंग में MBA किया.

अपने करियर की शुरुआत उन्होंने PwC से की, जहां करीब पांच साल तक उन्होंने फाइनेंस और बिजनेस एडवाइजरी से जुड़े काम किए. इसके बाद 2009 में वह फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स से जुड़े और बतौर एनालिस्ट काम किया. आगे चलकर उन्होंने Citadel और Millennium Management जैसी बड़ी निवेश कंपनियों में रियल एस्टेट सिक्योरिटीज और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट पर काम किया. इसी दौरान उन्होंने निवेश और रियल एस्टेट सेक्टर में अपनी मजबूत पहचान बनाई.

कैसे बने Welltower के CEO?

शंख मित्र ने 2016 में Welltower जॉइन किया. कंपनी में उनकी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती गईं. 2018 में उन्हें Chief Investment Officer बनाया गया और 2020 में वह कंपनी के CEO बन गए.

उस समय Welltower के लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर जेफ़री एच. डोनह्यू ने उनकी नेतृत्व क्षमता और निवेश संबंधी समझ की सराहना करते हुए कहा था कि Shankh Mitra ने कंपनी को लंबी अवधि की सफलता की मजबूत नींव दी है. CEO बनने के बाद उन्होंने सीनियर हाउसिंग और हेल्थकेयर रियल एस्टेट कारोबार में कंपनी के विस्तार का नेतृत्व किया, जिससे शेयरधारकों को मजबूत रिटर्न मिला.

821 मिलियन डॉलर का पैकेज क्यों मिला ?

शंख मित्र को मिले 821 मिलियन डॉलर के मुआवजे का करीब 99 प्रतिशत हिस्सा स्टॉक अवॉर्ड्स का है. इसमें लगभग 789 मिलियन डॉलर का एक बड़ा परफॉर्मेंस बेस्ड स्टॉक ग्रांट शामिल है.

यह अवॉर्ड कंपनी के लंबे समय के लक्ष्यों से जुड़ा है. इसका बड़ा हिस्सा तभी मिलेगा, जब शंख मित्र कंपनी के साथ बने रहेंगे और Welltower आने वाले वर्षों में तय मार्केट वैल्यू और शेयरधारकों के रिटर्न के लक्ष्य हासिल करेगी. रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के आखिर तक कंपनी के शेयरों में तेजी के चलते इन शेयरों की वैल्यू बढ़कर 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो गई.

दुनिया के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले CEOs में शामिल

Shankh Mitra का यह पैकेज 2025 में बढ़ते एग्जीक्यूटिव पे का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है. इस उपलब्धि के साथ वह दुनिया के कई बड़े कॉर्पोरेट दिग्गजों से आगे निकल गए हैं. यह भारतीय मूल के प्रोफेशनल्स की वैश्विक कंपनियों में बढ़ती मौजूदगी को भी दिखाता है.

शंख मित्र के अलावा भारतीय मूल के एक और दिग्गज Nikesh Arora भी 2025 के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले CEOs की सूची में शामिल हैं. उन्हें इस साल 100 मिलियन डॉलर का मुआवजा मिला है. कोलकाता में इंजीनियरिंग की पढ़ाई से शुरुआत करने वाले Shankh Mitra का दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले CEO बनने तक का सफर यह दिखाता है कि भारतीय प्रतिभाएं वैश्विक कॉर्पोरेट जगत में लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंच रही हैं.

इसे भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए थे 6 भारतीय सैनिक, सरकार ने पहली बार बताए नाम

Latest Stories