Nitish Kumar RS Nomination: नीतीश कुमार ने खुद राज्यसभा जाने का किया ऐलान, जानें क्या बताई वजह
अपने संदेश में नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से लोगों ने उन पर भरोसा और समर्थन बनाए रखा है. इसी भरोसे की ताकत से बिहार आज विकास और सम्मान की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है.
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के राज्यसभा जाने की अटकलें बुधवार को राजनीतिक गलियारे में तेज हो गई थी. लेकिन पार्टी के कई नेताओं ने इन अटकलों से इंकार किया. अब सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर नीतीश कुमार ने खुद राज्यसभा जाने की बात पर मुहर लगा दी है. मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने अपने एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा रही है कि वे बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें. इसी क्रम में उन्होंने इस बार राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा जताई है.
नीजीश कुमार ने क्या बताई वजह
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में बिहार की जनता के प्रति आभार जताते हुए लिखा:
“पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है. आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है.
संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ.
मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा. जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा.”
नामाकंन की आज है आखिरी तारीख
बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं और नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि गुरुवार, 5 मार्च तय की गई है. भारतीय जनता पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम पहले ही घोषित कर दिए हैं, जिनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम शामिल बताया जा रहा है. वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा को भी लगातार दूसरी बार राज्यसभा भेजे जाने की पुष्टि हो चुकी है.
हालांकि जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से अभी तक उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. ऐसे में नीतीश कुमार के बयान के बाद यह कयास तेज हो गए हैं कि पार्टी उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बना सकती है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप प्रशासन को झटका! सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कंपनियों को टैरिफ की रकम वापस करने का आदेश
निशांत के राजनीति में आने से भी तेज हुई चर्चा
इसी महीने की शुरुआत में अपना 75वां जन्मदिन मना चुके नीतीश कुमार को लेकर राज्यसभा जाने की अटकलें उस समय और तेज हो गईं, जब जदयू ने यह घोषणा की कि उनके पुत्र निशांत राजनीति में प्रवेश करेंगे. इससे पहले यह भी चर्चा थी कि करीब 40 वर्ष के निशांत को सीधे राज्यसभा भेजा जा सकता है, हालांकि वह अभी तक औपचारिक रूप से जदयू में शामिल नहीं हुए हैं.
