नेपाल को भारत की बड़ी मदद! बाढ़ से तबाही के बाद PM मोदी ने दिया ₹15,000 करोड़ का पैकेज, बालेन शाह से हुई अहम डील

भारत ने पड़ोसी देश नेपाल की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ नई दिल्ली में हुई द्विपक्षीय बातचीत के बाद 15,000 करोड़ रुपये के डेवलपमेंट पैकेज का ऐलान किया है. अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से नेपाल में भारी तबाही हुई थी. इस मदद का मकसद प्रभावित परिवारों को दोबारा बसाने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नेपाल के विकास को रफ्तार देना है.
15,000 करोड़ रुपये की मदद में क्या-क्या शामिल?
भारत की ओर से नेपाल को कुल 24,000 करोड़ नेपाली रुपये यानी करीब 15,000 करोड़ भारतीय रुपये की सहायता दी जाएगी. इसमें 3,500 करोड़ रुपये ग्रांट असिस्टेंस के रूप में दिए जाएंगे. इसका इस्तेमाल आपदा के बाद पुनर्निर्माण और नए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में होगा.
इसके अलावा 11,500 करोड़ रुपये की लाइन ऑफ क्रेडिट भी दी जाएगी. इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से एनर्जी सेक्टर से जुड़े प्रोजेक्ट्स में किया जाएगा. यानी भारत की मदद सिर्फ बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नेपाल की लंबी अवधि की विकास योजनाओं को भी मजबूती देगी.
अगस्त की बाढ़ ने मचाई थी भारी तबाही
नेपाल में 26 अगस्त 2026 को ग्लेशियर टूटने के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन ने भारी नुकसान पहुंचाया था. इस आपदा में करीब 1,500 लोगों की मौत हुई, जबकि 5,200 से ज्यादा लोग लापता हो गए. कई गांव, सड़कें, पुल और दूसरी जरूरी सुविधाएं तबाह हो गई थीं.
इससे नेपाल की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की आजीविका पर भी बड़ा असर पड़ा. भारत की ओर से घोषित आर्थिक मदद से प्रभावित परिवारों को दोबारा बसाने और भविष्य में ऐसी आपदाओं से निपटने की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी.
भारत-नेपाल के बीच 8 अहम समझौते
प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर भी सहमति बनी. इनका मकसद कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है.
इन समझौतों में पुलिस और फॉरेंसिक साइंस, सरकारी अधिकारियों की ट्रेनिंग, अंतरिक्ष तकनीक, स्वास्थ्य सेवाएं, आयुर्वेद, सतत शहरी विकास और कृषि जैसे क्षेत्र शामिल हैं. इसके अलावा पशुपालन और मत्स्य पालन में भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे. इन समझौतों से नेपाल को तकनीक, शिक्षा, प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भारत का सहयोग मिलेगा.
अयोध्या से जनकपुर के बीच शुरू हुई ट्रेन
भारत और नेपाल के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत की गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह ने इसे वर्चुअली हरी झंडी दिखाई.
इस रेल सेवा से दोनों देशों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. खासतौर पर रामायण सर्किट से जुड़े पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी. दोनों देशों ने भविष्य में बौद्ध और शिव-शक्ति धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर भी सहमति जताई है.
नेपाल में बनेगा IIT का कैंपस
भारत नेपाल के शिक्षा क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाएगा. दोनों देशों ने नेपाल में IIT का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करने पर सहमति जताई है. इससे नेपाल के छात्रों को उच्च तकनीकी शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे. साथ ही रोजगार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी बढ़ावा मिल सकता है. इसके अलावा दोनों देशों ने अंतरिक्ष तकनीक और डिजिटल सेवाओं में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया है.
ऊर्जा क्षेत्र में भी भारत की बड़ी तैयारी
नेपाल के हाइड्रोपावर सेक्टर में भारत की भागीदारी बढ़ने वाली है. दोनों देशों ने 669 मेगावाट क्षमता वाले लोअर अरुण हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी. इसके साथ ही बिजली के कारोबार और सीमा पार ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने पर भी सहमति बनी है. भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग बढ़ने से दोनों देशों को फायदा मिल सकता है.
व्यापार के लिए नेपाल को मिलेगा भारतीय बंदरगाहों का रास्ता
नेपाल एक लैंडलॉक्ड देश है, यानी इसकी समुद्र तक सीधी पहुंच नहीं है. ऐसे में भारत ने नेपाल के ट्रांजिट व्यापार के लिए गुजरात के दीनदयाल पोर्ट (कांडला) का रास्ता उपलब्ध कराने का ऐलान किया है. इसके अलावा ओडिशा के पारादीप पोर्ट तक भी नेपाल को पहुंच दी जाएगी. इसके लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा. इससे नेपाल के आयात-निर्यात कारोबार को मदद मिलने की उम्मीद है.
भारत-नेपाल रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
बालेन शाह की प्रधानमंत्री बनने के बाद यह भारत की उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है. इस दौरे में दोनों देशों ने विकास, व्यापार, ऊर्जा, सुरक्षा और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने का फैसला किया. दोनों प्रधानमंत्रियों ने विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के साझा विजन को भी अपनाया. इससे साफ है कि भारत और नेपाल अपने पुराने रिश्तों को आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी के नए स्तर पर ले जाना चाहते हैं.