TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

खाद पर सरकार को देने पड़ सकते हैं ₹2.5 लाख करोड़! बजट से कितना ज्यादा होगा खर्च?

भारत में FY27 के दौरान खाद सब्सिडी का खर्च 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. FAI का यह अनुमान सरकार के 1.71 लाख करोड़ रुपये के बजट आवंटन से काफी ज्यादा है. इस बीच अप्रैल-अक्टूबर 2026 में खाद की बिक्री 3.7% घट गई.

फर्टिलाइजर Image Credit: Tv9

Highlights

  • FY27 में खाद सब्सिडी का खर्च करीब ₹2.5 लाख करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि बजट में ₹1.71 लाख करोड़ रखे गए हैं.
  • अप्रैल-अक्टूबर 2026 में खाद की कुल बिक्री सालाना आधार पर 3.7% घटी. NPK खाद की बिक्री में 25.5% की गिरावट आई.
  • अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया की कीमतें 1,000 डॉलर प्रति टन से घटकर करीब 350 डॉलर प्रति टन पर आ गई हैं.

Fertiliser Subsidy FY27: भारत में वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) के दौरान खाद सब्सिडी का खर्च करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. यह सरकार के बजट में रखे गए करीब 1.71 लाख करोड़ रुपये के आवंटन से काफी ज्यादा है. Fertiliser Association of India (FAI) के मुताबिक, ग्लोबल मार्केट में खाद बनाने के कच्चे माल की ऊंची कीमतें, भू-राजनीतिक तनाव और प्राकृतिक गैस की बढ़ती कीमतें सब्सिडी बिल पर दबाव डाल रही हैं. FY26 में कुल खाद सब्सिडी का खर्च 1.86 लाख करोड़ रुपये से थोड़ा ज्यादा रहा था.

FY27 के लिए अनुमानित खर्च FY23 के करीब पहुंच सकता है. उस साल खाद सब्सिडी पर करीब 2.55 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए थे. रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद की कीमतों में तेज उछाल आया था, जिससे सरकार का सब्सिडी बिल बढ़ गया था.

अप्रैल-अक्टूबर में खाद की बिक्री 3.7% घटी

उद्योग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारत में खाद की कुल बिक्री सालाना आधार पर 3.7% घट गई. इस दौरान कॉम्प्लेक्स फर्टिलाइजर की बिक्री में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई.

यूरिया की कुल बिक्री पिछले साल की समान अवधि के 21.64 मिलियन टन (MT) से घटकर 20.85 MT रह गई. NPK खाद की बिक्री 25.5% गिरकर 8.92 MT से 6.65 MT पर आ गई. वहीं, सिंगल सुपर फॉस्फेट (SSP) की बिक्री 5.5% घटकर 3.29 MT रही, जो पिछले साल इसी अवधि में 3.29 MT से ज्यादा थी.

डाय-अमोनियम फॉस्फेट (DAP) की बिक्री में मामूली 1.6% की बढ़ोतरी हुई. यह 5.72 MT से बढ़कर 5.81 MT रही. सीधे इस्तेमाल के लिए म्यूरिएट ऑफ पोटाश (MOP) की बिक्री 10.7% घटकर 1.16 MT रह गई. कॉम्प्लेक्स खाद की बिक्री में आई तेज गिरावट के साथ घरेलू उत्पादन और आयात में भी कमी आई. इससे इस कैटेगरी में सप्लाई की दिक्कतों का संकेत मिलता है.

NPK खाद का उत्पादन 36.1% गिरा

अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान घरेलू NPK खाद का उत्पादन 36.1% घटकर 4.50 MT रह गया. पिछले साल की समान अवधि में यह 7.05 MT था. SSP का उत्पादन भी 12.4% घटकर 3.07 MT रहा. इसके उलट, यूरिया का उत्पादन 3.1% बढ़कर 17.67 MT और DAP का उत्पादन 4.6% बढ़कर 2.42 MT हो गया.

घरेलू NPK उत्पादन में गिरावट के साथ इसके आयात में भी 32.6% की कमी आई. अप्रैल-अक्टूबर 2026 में NPK का आयात 2.31 MT से घटकर 1.56 MT रह गया. इससे बाजार में कॉम्प्लेक्स खाद की उपलब्धता पर असर पड़ने की बात सामने आई है.

वहीं, यूरिया का आयात 22.9% बढ़कर 5.86 MT से 7.20 MT हो गया. DAP का आयात 5.8% घटकर 4.44 MT रहा. दूसरी ओर, MOP का आयात 36.2% बढ़कर 1.57 MT से 2.14 MT पर पहुंच गया.

सरकार ने बढ़ाई NBS सब्सिडी की दरें

खाद कंपनियों को बढ़ती वैश्विक लागत से राहत देने और किसानों को महंगी खाद के असर से बचाने के लिए सरकार ने हाल ही में FY27 की दूसरी छमाही (H2 FY27) के लिए Nutrient-Based Subsidy (NBS) की दरें बढ़ाई हैं.

इसके तहत नाइट्रोजन पर सब्सिडी करीब दोगुनी होकर 47,320 रुपये प्रति टन से 94,210 रुपये प्रति टन हो गई है. फॉस्फोरस पर सब्सिडी 25% बढ़कर 52,760 से 66,110 रुपये प्रति टन हो गई है. वहीं, सल्फर पर सब्सिडी तीन गुने से ज्यादा बढ़कर 3,160 से 10,420 रुपये प्रति टन कर दी गई है. पोटाश पर सब्सिडी 2,380 रुपये प्रति टन पर पहले की तरह बरकरार रखी गई है.

इसके अलावा, DAP के लिए 3,500 रुपये प्रति टन का विशेष पैकेज जारी रहेगा. सल्फर और सल्फ्यूरिक एसिड की खरीद पर 20% सब्सिडी भी जारी रहेगी, हालांकि यह तय न्यूनतम कीमतों की शर्त के अधीन होगी.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया की कीमतों में आई गिरावट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद की कीमतों में हालिया गिरावट से आने वाले महीनों में सब्सिडी बिल पर दबाव कम हो सकता है. उद्योग के अनुमानों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया की कीमतें एक समय 1,000 डॉलर प्रति टन के पार पहुंच गई थीं. अब ये घटकर करीब 350 डॉलर प्रति टन रह गई हैं.

इसे भी पढ़ें- Matangi Rubber IPO: 11500% का मुनाफा! ₹1.47 में खरीदा शेयर अब ₹172 में बिकेगा, इस शख्स की लगी लॉटरी!