यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा, IMD ने किया अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 2 से 5 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी, जबकि 3 और 4 अप्रैल को इसका असर सबसे ज्यादा रहेगा. खासकर हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit:

Kya Hai Mausam ka Hal: देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदलने वाला है और इसकी वजह है एक नया पश्चिमी विक्षोभ. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 2 से 5 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी, जबकि 3 और 4 अप्रैल को इसका असर सबसे ज्यादा रहेगा. इस दौरान कई जगहों पर आंधी, बिजली गिरने और ओले पड़ने की भी संभावना है.

खासकर हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है.
कश्मीर घाटी में 3 अप्रैल को कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं मध्य भारत में 6 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है.

यूपी में अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम ?

अगर उत्तर प्रदेश की बात करें तो अगले 7 दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. पहले तापमान स्थिर रहेगा, फिर 2 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा और उसके बाद उतना ही गिर सकता है. रात के तापमान में भी ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बीच-बीच में बारिश और आंधी का असर बना रहेगा.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम ?

अगर पिछले 24 घंटे की बात करें तो देश के कई हिस्सों में पहले ही असर दिखना शुरू हो गया है. असम, मेघालय और कर्नाटक में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि यूपी, हरियाणा और राजस्थान में ओलावृष्टि देखने को मिली है. कई जगहों पर तेज हवा 50 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम ?

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम करवट लेगा. 3 और 4 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य के आसपास रहेगा.

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान आंधी, बिजली और ओलावृष्टि से नुकसान हो सकता है. खासकर किसानों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण हो सकता है क्योंकि फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. खुले में काम करने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें- Nayara के बाद Shell ने भी फ्यूल की कीमतें बढ़ाईं, डीजल ₹25 प्रति लीटर और पेट्रोल ₹7.4 महंगा