मोमोज की पैकिंग के लिए ₹10 एक्स्ट्रा चार्ज पड़ा भारी, दुकानदार को भरने पड़े ₹50,000; जानें पूरा मामला

कोलकाता के एक फूड आउटलेट ने चिकन मोमोज की दो प्लेट की पैकिंग के लिए ग्राहक से 10 रुपये अतिरिक्त वसूले. उपभोक्ता आयोग ने इसे सेवा में कमी और गलत व्यापार व्यवहार माना. आयोग ने 50,000 रुपये Consumer Legal Aid Account में जमा कराने के साथ ग्राहक को रिफंड, मुआवजा और मुकदमे का खर्च देने का आदेश दिया.

एक्स्ट्रा चार्ज पड़ा भारी Image Credit: AI

Momos Packaging Charge: रेस्टोरेंट या फूड आउटलेट से खाना ऑर्डर करते समय अगर आपसे पैकिंग के नाम पर अलग से पैसे मांगे जाते हैं, तो यह मामला आपके काम का है. पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक फूड आउटलेट को मोमोज की पैकिंग के लिए 10 रुपये अतिरिक्त वसूलना भारी पड़ गया. जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने इसे सेवा में कमी और गलत व्यापार व्यवहार माना है. आयोग ने फूड आउटलेट को ग्राहक के 10 रुपये लौटाने, 100 रुपये मुआवजा और 2,000 रुपये मुकदमे के खर्च के रूप में देने का आदेश दिया. इसके अलावा, आउटलेट को आयोग के Consumer Legal Aid Account में 50,000 रुपये जमा कराने का निर्देश भी दिया गया है.

क्या है पूरा मामला?

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राहक ने 29 अक्टूबर 2024 को कोलकाता के एक फूड आउटलेट से चिकन मोमोज की दो प्लेट खरीदी थीं. प्रत्येक प्लेट की कीमत 109 रुपये थी. बिल में ग्राहक से पैकिंग के लिए 10 रुपये अतिरिक्त वसूले गए. इस पर ग्राहक और आउटलेट के बीच बहस हो गई.

ग्राहक ने अतिरिक्त 10 रुपये वापस करने की मांग की, लेकिन आउटलेट ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया. इसके बाद ग्राहक ने उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया और अतिरिक्त वसूली गई रकम वापस करने के साथ मुआवजे की मांग की.

फूड आउटलेट ने क्या दी सफाई?

फूड आउटलेट ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया. उसका कहना था कि ग्राहक ने खुद मोमोज की अतिरिक्त पैकिंग कराने को कहा था, ताकि मोटरसाइकिल से यात्रा करते समय खाना सुरक्षित और साफ-सुथरा रहे और रास्ते में गिरे नहीं.

आउटलेट ने यह भी दावा किया कि ऑर्डर देने से पहले ग्राहक को पैकिंग के 10 रुपये के बारे में बता दिया गया था और उसने इसके लिए सहमति भी दी थी.

हालांकि, आयोग ने पाया कि फूड आउटलेट ऐसा कोई सबूत पेश नहीं कर सका, जिससे यह साबित हो कि ग्राहक ने मोमोज की अलग से पैकिंग कराने की मांग की थी. आउटलेट यह भी साबित नहीं कर पाया कि ऑर्डर देने से पहले ग्राहक को अतिरिक्त पैकिंग शुल्क के बारे में जानकारी दी गई थी.

पैकिंग का खर्च दुकानदार को क्यों उठाना होगा?

उपभोक्ता आयोग ने अपने फैसले में Sale of Goods Act, 1930 की धारा 36(5) का हवाला दिया. इस प्रावधान के मुताबिक, जब तक विक्रेता और खरीदार के बीच कोई अलग समझौता न हो, सामान को डिलीवरी के लिए तैयार करने में होने वाला खर्च विक्रेता को ही उठाना होगा.

आयोग ने कहा कि फूड आउटलेट की जिम्मेदारी थी कि वह ग्राहक को बेचे गए खाने की पैकिंग की व्यवस्था करे और इसका खर्च खुद उठाए. आयोग के मुताबिक, आउटलेट यह साबित करने में भी नाकाम रहा कि ग्राहक ने अलग से पैकिंग की मांग की थी और अतिरिक्त शुल्क देने पर सहमति जताई थी.

ग्राहक को कितना मुआवजा मिलेगा?

मामले में सेवा में कमी और गलत व्यापार व्यवहार पाए जाने के बाद आयोग ने फूड आउटलेट को कई भुगतान करने का निर्देश दिया है.

आयोग के आदेश के मुताबिक, आउटलेट को ग्राहक को पैकिंग के लिए वसूले गए 10 रुपये वापस करने होंगे. इसके अलावा ग्राहक को 100 रुपये मुआवजा और 2,000 रुपये मुकदमे के खर्च के रूप में देने होंगे. वहीं, फूड आउटलेट को आयोग के Consumer Legal Aid Account में 50,000 रुपये जमा कराने होंगे.

इसे भी पढ़ें- ₹100 से कम के ये छुटकू स्टॉक बनेंगे मल्टीबैगर? दिया 389% तक रिटर्न, एक्सपर्ट की भी है नजर