TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

बुलेट ट्रेन से चमकेंगे इन 7 शेयरों के दिन! एक कंपनी को मिला ₹5,400 करोड़ का ऑर्डर

भारत की मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना से शेयर बाजार की 7 कंपनियों को बड़े कारोबारी मौके मिल रहे हैं. BEML को ₹5,400 करोड़ से ज्यादा का ऑर्डर मिला है, जबकि L&T को ₹10,000 करोड़ से बड़ा इलेक्ट्रिफिकेशन कॉन्ट्रैक्ट मिला है. Siemens, IRCON, Afcons, HCC और Capacit’e भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हैं.

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से जुड़े 7 शेयरों पर रखें नजर

Highlights

  • BEML को बुलेट ट्रेन के लिए ₹5,400 करोड़ से ज्यादा का ऑर्डर मिला
  • L&T को 508 किलोमीटर कॉरिडोर के इलेक्ट्रिफिकेशन का मेगा कॉन्ट्रैक्ट मिला है
  • सातों कंपनियों को ट्रैक, टनल, ट्रेन और सिग्नलिंग के काम मिले हैं

भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है. मुंबई से अहमदाबाद के बीच बन रहे हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण से देश की कई बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर और रेलवे कंपनियों को कारोबार के बड़े मौके मिल रहे हैं. इस प्रोजेक्ट में कुछ कंपनियों को हजारों करोड़ रुपये के ठेके मिले हैं, तो कुछ को ट्रेन बनाने, सिग्नलिंग, इलेक्ट्रिफिकेशन और टनल निर्माण की जिम्मेदारी मिली है.

खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट से जुड़ी 7 कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं. इनमें एलएंडटी को 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का इलेक्ट्रिफिकेशन कॉन्ट्रैक्ट मिला है, जबकि सरकारी कंपनी BEML को 5,400 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऑर्डर मिला है. यह ऑर्डर कंपनी के एक साल के रेवेन्यू से भी बड़ा है. ऐसे में निवेशकों की नजर इन कंपनियों के कारोबार और ऑर्डर बुक पर बनी हुई है.

508 किलोमीटर लंबा है बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट

मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर करीब 508 किलोमीटर लंबा है. इस रूट पर कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं. परियोजना को जापान की तकनीकी और वित्तीय मदद से तैयार किया जा रहा है. 20 नवंबर 2026 को सूरत-बिलिमोरा के 50 किलोमीटर लंबे सेक्शन में ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम को सफलतापूर्वक चालू किया गया. इससे बुलेट ट्रेन के ट्रायल की दिशा में एक अहम कदम आगे बढ़ा है. इस सेक्शन में 2×25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है. ट्रेन का ट्रायल 2027 में शुरू करने का लक्ष्य है.

  1. L&T: 10,000 करोड़ रुपये से बड़ा इलेक्ट्रिफिकेशन ऑर्डर

लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के पूरे 508 किलोमीटर कॉरिडोर में इलेक्ट्रिफिकेशन का काम मिला है. जनवरी 2024 में कंपनी ने 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का मेगा कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया था.
इसके अलावा कंपनी गुजरात और महाराष्ट्र में 272 किलोमीटर के हिस्से में बैलेस्टलेस ट्रैक बिछाने का काम भी कर रही है. सितंबर 2026 तक कंपनी के इंफ्रास्ट्रक्चर एंड यूटिलिटीज सेगमेंट का ऑर्डर बुक 3.6 लाख करोड़ रुपये था. वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़कर 78,700 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं, नेट प्रॉफिट 33 फीसदी बढ़कर 5,200 करोड़ रुपये रहा.

  1. BEML: मिला 5,400 करोड़ रुपये से बड़ा ऑर्डर

सरकारी कंपनी BEML को बुलेट ट्रेन के लिए 5,400 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऑर्डर मिला है. 18 सितंबर 2026 को कंपनी को नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन से यह ठेका मिला था. इसमें हाई स्पीड ट्रेनसेट की सप्लाई, मेंटेनेंस और उससे जुड़े दूसरे काम शामिल हैं. यह BEML के इतिहास का सबसे बड़ा सिंगल ऑर्डर है. इसकी वैल्यू वित्त वर्ष 2026 में कंपनी के कुल रेवेन्यू से करीब 24 फीसदी ज्यादा है. इसके अलावा कंपनी को दो स्वदेशी हाई स्पीड ट्रेनसेट बनाने के लिए 866.87 करोड़ रुपये का ऑर्डर भी मिला है. कंपनी की बेंगलुरु यूनिट सालाना 50 से 70 हाई स्पीड कोच बना सकती है. वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में BEML का रेवेन्यू 42 फीसदी बढ़कर 1,191.6 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 30.6 फीसदी गिरकर 33.3 करोड़ रुपये रह गया.

  1. Siemens: सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन का जिम्मा

सीमेंस को बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए करीब 4,100 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इसमें सीमेंस इंडिया की हिस्सेदारी करीब 1,230 करोड़ रुपये है. कंपनी को बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम लगाने का काम मिला है. इसके साथ ही 15 साल तक मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी होगी. इस प्रोजेक्ट में ETCS लेवल-2 टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा. यह तकनीक हाई स्पीड ट्रेनों की निगरानी, सिग्नलिंग और सुरक्षित संचालन में मदद करती है. वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 17 फीसदी बढ़कर 5,734 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 3.9 फीसदी बढ़कर 504.2 करोड़ रुपये रहा.

  1. IRCON International: 3,500 करोड़ रुपये तक का काम बाकी

सरकारी कंपनी इरकॉन इंटरनेशनल भी बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में अहम भूमिका निभा रही है. कंपनी को इस परियोजना के तहत ट्रैक निर्माण का काम मिला है. कंपनी के पास पैकेज T-2 के तहत करीब 3,000 से 3,500 करोड़ रुपये का काम अभी बाकी है. यह सितंबर 2026 तक कंपनी के कुल 21,296 करोड़ रुपये के ऑर्डर बुक का करीब 14 से 16 फीसदी है. वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 14.9 फीसदी बढ़कर 2,271.7 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, नेट प्रॉफिट 26.5 फीसदी घटकर 100.3 करोड़ रुपये रह गया.

  1. Afcons Infrastructure: 6,397 करोड़ रुपये का टनल प्रोजेक्ट

एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर को बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में 6,397 करोड़ रुपये का टनल निर्माण कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इसके तहत महाराष्ट्र में करीब 21 किलोमीटर लंबी टनल बनाई जा रही है. इसमें लगभग 7 किलोमीटर लंबी अंडरसी टनल भी शामिल है. यह भारत की पहली अंडरसी रेल टनल होगी. कंपनी ने इस काम के लिए टनल बोरिंग मशीनों का इस्तेमाल किया है. सितंबर 2026 तक कंपनी का कुल ऑर्डर बुक करीब 43,836 करोड़ रुपये था. हालांकि, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 11.8 फीसदी घटकर 2,635.2 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 60.9 फीसदी गिरकर 41.1 करोड़ रुपये रह गया.

  1. HCC: मुंबई के BKC में बनेगा बुलेट ट्रेन स्टेशन

हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हुई है. कंपनी को मेघा इंजीनियरिंग के साथ ज्वाइंट वेंचर में मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में बुलेट ट्रेन स्टेशन बनाने का 3,681 करोड़ रुपये का ठेका मिला है. इस स्टेशन पर छह प्लेटफॉर्म होंगे. प्रत्येक प्लेटफॉर्म करीब 414 मीटर लंबा होगा, जहां 16 कोच वाली बुलेट ट्रेन खड़ी हो सकेगी. सितंबर 2026 तक HCC का कुल ऑर्डर बुक 12,901 करोड़ रुपये था. हालांकि, कंपनी के मुताबिक BKC स्टेशन का निर्माण तय समय से थोड़ा पीछे चल रहा है. दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 6.7 फीसदी घटकर 896.8 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 52.8 फीसदी गिरकर 22.6 करोड़ रुपये रहा.

  1. Capacit’e Infraprojects: गुजरात में बनेंगे मेंटेनेंस सेंटर

कैपेसिटे इंफ्राप्रोजेक्ट्स को भी बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में काम मिला है. कंपनी को SCC के साथ ज्वाइंट वेंचर में 384.72 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इस प्रोजेक्ट के तहत गुजरात में छह जगहों पर मेंटेनेंस और टेक्नोलॉजी सेंटर बनाए जाने हैं. ज्वाइंट वेंचर में कंपनी की हिस्सेदारी 40 फीसदी है. इस हिसाब से उसके हिस्से में करीब 153.9 करोड़ रुपये का काम आता है. सितंबर 2026 तक कंपनी का कुल ऑर्डर बुक 13,013 करोड़ रुपये था. वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 19 फीसदी बढ़कर 770.9 करोड़ रुपये रहा, जबकि नेट प्रॉफिट करीब 7 फीसदी घटकर 48 करोड़ रुपये रह गया.

निवेश से पहले इन बातों पर भी रखें नजर

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से इन सातों कंपनियों को लंबे समय तक कारोबार मिलने की संभावना है. हालांकि, सभी कंपनियों को इससे एक जैसा फायदा नहीं होगा. L&T और BEML को बड़े ऑर्डर मिले हैं, जबकि Afcons और IRCON के पास भी हजारों करोड़ रुपये के काम हैं. निवेशकों को यह समझना जरूरी है कि बड़ा ऑर्डर मिलने का मतलब कंपनी का मुनाफा बढ़ना नहीं है. प्रोजेक्ट पूरा करने में देरी, कच्चे माल की बढ़ती कीमतें, फाइनेंस कॉस्ट और पेमेंट में देरी जैसी चुनौतियां कंपनियों के मुनाफे पर असर डाल सकती हैं. इसलिए किसी भी शेयर में निवेश से पहले कंपनी की वित्तीय स्थिति, ऑर्डर बुक, वैल्यूएशन और मुनाफे की ग्रोथ जरूर देखनी चाहिए.