T20 World Cup 2026: भारत-पाक मैच का कितना है टिकट प्राइस; कोलंबो जाने का क्या है किराया?
भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा से क्रिकेट का सबसे बड़ा आकर्षण रहा है. T20 वर्ल्ड कप 2026 में यह मैच कोलंबो में खेला जाना है, जहां टिकट की कीमत तो आम फैन के बजट में है, लेकिन फ्लाइट टिकट ने रोमांच के साथ खर्च भी बढ़ा दिया है. अगर आप इस मुकाबले को लाइव देखना चाहते हैं, तो जेब और प्लानिंग दोनों मजबूत रखनी होंगी.
India Vs Pakistan Match Ticket Price: इस बार का रविवार क्रिकेट फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होने वाला है. भारत और पाकिस्तान के बीच T20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला 15 फरवरी, रविवार को खेला जाएगा. यह मैच ग्रुप-A के तहत शाम 7.00 बजे से आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में होगा. ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारत-पाक मैच का टिकट कितने का है और वहां तक पहुंचने में कुल खर्च कितना बैठेगा. आइए जानते हैं.
टिकट की कितनी है कीमत ?
ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए टिकट की शुरुआती कीमत श्रीलंकाई रुपया 1500 रखी गई है. भारतीय करेंसी में देखें तो यह करीब 430 रुपये के आसपास बैठती है. यानी स्टेडियम में बैठकर लाइव भारत-पाक मैच देखने का टिकट खुद बहुत महंगा नहीं है.
कहां और कैसे खरीद सकते हैं टिकट?
T20 वर्ल्ड कप 2026 के टिकट ऑनलाइन खरीदे जा सकते हैं. इसके लिए फैंस को टिकट डॉट क्रिकेट वर्ल्डकप डॉट कॉम पर जाना होगा, जो आगे चलकर BookMyShow पर रीडायरेक्ट करता है. यही टूर्नामेंट का ऑफिशियल टिकटिंग पार्टनर है. यहां आप अपनी पसंदीदा टीम या स्टेडियम के हिसाब से टिकट फिल्टर करके बुक कर सकते हैं. टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें खेल रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है. हर ग्रुप की टॉप दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी.
दिल्ली से कोलंबो जाना कितना महंगा पड़ेगा?
मैच का टिकट भले ही सस्ता हो, लेकिन कोलंबो तक पहुंचना सस्ता नहीं है. अगर आप दिल्ली से कोलंबो जाकर भारत-पाक मैच देखने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो फ्लाइट टिकट आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है. एयर इंडिया की वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली और कोलंबो के बीच एयर इंडिया की 7 फ्लाइट चलती हैं. 15 फरवरी को दोपहर 12 बजे की फ्लाइट का इकोनॉमी क्लास का जाने और रिटर्न का टिकट करीब 97,345 रुपये है. वहीं बिजनेस क्लास में जाने और रिटर्न का टिकट लगभग 1,93,944 रुपये तक पहुंच गया है.
| एयरलाइन | रूट | क्लास | टिकट टाइप | कीमत (रुपये में) |
|---|---|---|---|---|
| Air India | दिल्ली → कोलंबो → दिल्ली | इकोनॉमी क्लास | जाने + रिटर्न | ₹97,345 |
| Air India | दिल्ली → कोलंबो → दिल्ली | बिजनेस क्लास | जाने + रिटर्न | ₹1,93,944 |
| IndiGo | दिल्ली (DEL) → कोलंबो (CMB) | इकोनॉमी क्लास | वन-वे | ₹10,900 – ₹13,500 |
वहीं अगर सिर्फ वन-वे टिकट की बात करें, तो IndiGo की दिल्ली (DEL) से कोलंबो (CMB) की उड़ान का किराया आमतौर पर 10,900 रुपये से 13,500 रुपये के बीच है. यह कीमत सिर्फ दिल्ली से कोलंबो जाने की है.
इसे भी पढ़ें- T20 WC में 10 दिनों का ड्रामा खत्म, ICC के मास्टरस्ट्रोक ने पाक को झुकाया; जानें क्यों बैकफुट पर आया Mohsin Naqvi
कुल मिलाकर देखें तो भारत-पाक मैच का स्टेडियम टिकट 430 रुपये में मिल रहा है, लेकिन वहां तक पहुंचने का खर्च कई गुना ज्यादा है. यही वजह है कि कई फैंस टिकट सस्ता होने के बावजूद ट्रैवल कॉस्ट की वजह से प्लान पर दोबारा सोच रहे हैं.




