अगले हफ्ते IPO बाजार में लौटेगी रौनक, 3 कंपनियां जुटाएंगी ₹10000 करोड़ से ज्यादा; देखें पूरी डिटेल

अगले हफ्ते शेयर बाजार में तीन नए IPO खुलने जा रहे हैं. इनमें Mahanadi Coalfields, Crystal Crop Protection और Watrana Rentals शामिल हैं. तीनों कंपनियां मिलकर 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी में हैं. जानें किस IPO का प्राइस बैंड क्या है, इश्यू कब खुलेगा और जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कहां किया जाएगा.

आईपीओ Image Credit: money9live

शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में अगले हफ्ते एक बार फिर हलचल बढ़ने वाली है. दिवाली की छुट्टियों के चलते पिछले दो हफ्तों से IPO बाजार में शांति थी. अब 16 नवंबर से शुरू हो रहे हफ्ते में तीन कंपनियां अपने पब्लिक इश्यू लेकर आ रही हैं. इन तीनों IPO के जरिए कुल 10000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी है. इनमें दो मेनबोर्ड और एक SME IPO शामिल है.

अगले हफ्ते आने वाले IPO में सबसे बड़ा इश्यू कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स (Mahanadi Coalfields) का होगा. कंपनी इस IPO के जरिए करीब 9500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है. इसके अलावा एग्रीकेमिकल्स और बीज बनाने वाली कंपनी Crystal Crop Protection और मटेरियल हैंडलिंग उपकरण उपलब्ध कराने वाली Watrana Rentals भी अपना IPO लॉन्च करेंगी.

1. Crystal Crop Protection IPO

International Finance Corporation (IFC) समर्थित Crystal Crop Protection का IPO 18 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. कंपनी ने इसके लिए 259-272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है.

नई दिल्ली मुख्यालय वाली यह कंपनी फसल सुरक्षा से जुड़े समाधान और बीज उपलब्ध कराती है. कंपनी अपर प्राइस बैंड पर करीब 4,438.1 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन के साथ IPO से 455.7 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है.

इस इश्यू में 355 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे. वहीं, प्रमोटर अंकुर अग्रवाल ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 37.02 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे. इन शेयरों की कीमत 100.7 करोड़ रुपये है.

IPO से मिलने वाली रकम में से 270 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा. अगस्त 2026 तक कंपनी पर कुल 962.6 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज था. बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा.

2. Mahanadi Coalfields IPO

अगले हफ्ते का सबसे बड़ा IPO Mahanadi Coalfields का होगा. कोल इंडिया की इस सब्सिडियरी का इश्यू 19 नवंबर को खुलेगा और 23 नवंबर को बंद होगा. कंपनी इस IPO के जरिए करीब 9500 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद कर रही है.

यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा. इसके तहत प्रमोटर Coal India अपनी 66.18 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री करेगी. यह Mahanadi Coalfields की कुल पेड-अप इक्विटी कैपिटल का 10% हिस्सा है.

इस IPO से मिलने वाली रकम में से इश्यू से जुड़े खर्च घटाने के बाद पूरी राशि Coal India को मिलेगी. यानी Mahanadi Coalfields को इस IPO से कोई पैसा नहीं मिलेगा.

3. Watrana Rentals IPO

SME सेगमेंट की कंपनी Watrana Rentals का IPO भी 19 नवंबर को खुलेगा. कंपनी ने इसके लिए 232-245 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. दिल्ली की यह कंपनी मटेरियल हैंडलिंग उपकरण उपलब्ध कराती है. अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी IPO के जरिए 120 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. यह पूरा इश्यू फ्रेश शेयरों का होगा. इसके तहत 49.02 लाख इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे.

कंपनी IPO से मिलने वाली रकम में से 98.12 करोड़ रुपये मटेरियल हैंडलिंग उपकरण, एरियल वर्क प्लेटफॉर्म और बैटरी खरीदने पर खर्च करेगी. बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों और इश्यू से जुड़े खर्चों के लिए किया जाएगा.

2026 में अब तक 303 कंपनियां ला चुकी हैं IPO

2026 में जनवरी से अक्टूबर के बीच कुल 303 कंपनियों ने अपना IPO लॉन्च किया. इनमें 109 कंपनियां मेनबोर्ड सेगमेंट की थीं. इन सभी कंपनियों ने मिलकर 1.66 लाख करोड़ रुपये जुटाए.

इसमें मेनबोर्ड IPO की हिस्सेदारी 1.57 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रही. अब अगले हफ्ते आने वाले तीन नए इश्यू के साथ प्राइमरी मार्केट में गतिविधियां फिर तेज होने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें- म्यूचुअल फंड में लगा है पैसा? इन 5 तरीकों से घटाएं नुकसान का खतरा, बाजार गिरने पर न करें ये गलती