TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

म्यूचुअल फंड में लगा है पैसा? इन 5 तरीकों से घटाएं नुकसान का खतरा, बाजार गिरने पर न करें ये गलती

पिछले एक साल में Nifty 50 ने -3.34% और BSE Sensex ने -3.95% का निगेटिव रिटर्न दिया है. बाजार की गिरावट का असर म्यूचुअल फंड पर भी पड़ा है. ऐसे में निवेशक एसेट एलोकेशन, डायवर्सिफिकेशन, नियमित SIP और पोर्टफोलियो की समय-समय पर समीक्षा करके जोखिम को संभाल सकते हैं. जानें निवेश के 5 जरूरी तरीके.

म्यूचुअल फंड

Highlights

  • पिछले एक साल में Nifty 50 ने -3.34% और BSE Sensex ने -3.95% का निगेटिव रिटर्न दिया है.
  • बाजार में गिरावट के दौरान घबराकर म्यूचुअल फंड बेचने के बजाय अपने लंबे समय के वित्तीय लक्ष्यों पर ध्यान दें.
  • निवेश का सही बंटवारा, अलग-अलग सेक्टर में निवेश, नियमित SIP और पोर्टफोलियो की समीक्षा जोखिम संभालने में मदद कर सकती है.

How to Reduce Mutual Fund Risk: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का असर म्यूचुअल फंड निवेशकों के पोर्टफोलियो पर भी पड़ता है. पिछले एक साल में भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स ने निगेटिव रिटर्न दिया है. इसकी वजह भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिका और ईरान के बीच जारी विवाद और तेल-गैस की ऊंची कीमतों समेत कई दूसरे कारण रहे हैं. ऐसे माहौल में स्मॉलकैप, मिडकैप और लार्जकैप कैटेगरी के कई म्यूचुअल फंड भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं.

पिछले एक साल में Nifty 50 ने -3.34% का निगेटिव रिटर्न दिया है. वहीं, BSE Sensex का रिटर्न -3.95% रहा है. ये आंकड़े दिखाते हैं कि शेयर बाजार में किया गया निवेश बाजार के उतार-चढ़ाव से प्रभावित होता है. ऐसे में लंबे समय में पैसा बनाने के लिए निवेशकों को सिर्फ फंड चुनने पर ही नहीं, बल्कि अपने पोर्टफोलियो के जोखिम को संभालने पर भी ध्यान देना चाहिए.

बाजार के उतार-चढ़ाव को पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता, लेकिन सही रणनीति अपनाकर निवेश पर पड़ने वाले जोखिम को कम किया जा सकता है. इसके लिए एसेट एलोकेशन, निवेश में विविधता और अनुशासित तरीके से निवेश करना जरूरी है.

म्यूचुअल फंड में जोखिम कैसे कम करें?

मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशक कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर अपने म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो का जोखिम संभाल सकते हैं. निवेश का बंटवारा अपने वित्तीय लक्ष्यों, निवेश की अवधि और जोखिम उठाने की क्षमता के हिसाब से करना चाहिए. हाल के रिटर्न देखकर फंड चुनने के बजाय अलग-अलग एसेट क्लास और सेक्टर में निवेश करना बेहतर रहता है.

ऐसे में बाजार की छोटी अवधि की हलचल पर प्रतिक्रिया देने से बचने, उतार-चढ़ाव के दौरान SIP जारी रखने और समय-समय पर अपने पोर्टफोलियो की समीक्षा किया जाना चाहिए.

1. अपनी जरूरत के हिसाब से करें निवेश का बंटवारा

म्यूचुअल फंड में निवेश करते समय पूरा पैसा एक ही तरह के निवेश में लगाने से बचना चाहिए. अपने वित्तीय लक्ष्य, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि के हिसाब से पैसा अलग-अलग जगह लगाएं.

इसके लिए इक्विटी, डेट, फिक्स्ड डिपॉजिट और दूसरे निवेश विकल्पों के बीच सही संतुलन बनाना जरूरी है. अगर निवेश का सही बंटवारा समझने में परेशानी हो रही है, तो किसी वित्तीय सलाहकार की मदद ली जा सकती है.

2. सारा पैसा एक ही फंड या सेक्टर में न लगाएं

पोर्टफोलियो में विविधता यानी डायवर्सिफिकेशन रखना जरूरी है. निवेशकों को अपना पूरा पैसा किसी एक शेयर, म्यूचुअल फंड, सेक्टर, इंडस्ट्री या निवेश थीम में नहीं लगाना चाहिए.

अलग-अलग एसेट क्लास और सेक्टर में निवेश करने से किसी एक जगह ज्यादा पैसा फंसने का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है. इससे पोर्टफोलियो पर किसी एक सेक्टर या निवेश विकल्प के खराब प्रदर्शन का असर सीमित रखने में मदद मिलती है.

3. बाजार गिरने पर घबराकर न बेचें फंड

शेयर बाजार में गिरावट आने पर कई निवेशक घबराकर अपने म्यूचुअल फंड बेचने का फैसला कर लेते हैं. लेकिन सिर्फ कुछ दिनों या महीनों के खराब प्रदर्शन के आधार पर निवेश से बाहर निकलना सही रणनीति नहीं है.

निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले उसके फायदे और नुकसान को समझना चाहिए. भावनाओं में आकर फैसला लेने के बजाय अपने लंबे समय के वित्तीय लक्ष्यों को ध्यान में रखें. बाजार में छोटी अवधि के उतार-चढ़ाव के कारण जल्दबाजी में फंड बेचने से बचें.

4. बाजार में गिरावट के दौरान भी जारी रखें SIP

बाजार में गिरावट हो या लंबे समय तक एक ही दायरे में कारोबार चल रहा हो, निवेशकों को अपनी SIP जारी रखने पर विचार करना चाहिए. इससे रुपये की औसत लागत यानी Rupee Cost Averaging का फायदा मिल सकता है.

इस रणनीति के तहत बाजार में कीमतें कम होने पर निवेशक को उसी रकम में ज्यादा यूनिट मिल सकती हैं. वहीं, कीमतें बढ़ने पर कम यूनिट मिलती हैं. इस तरह अलग-अलग बाजार स्तरों पर निवेश करने से समय के साथ खरीद की औसत लागत संतुलित करने में मदद मिल सकती है.

5. समय-समय पर पोर्टफोलियो की समीक्षा और रीबैलेंसिंग करें

निवेश करने के बाद लंबे समय तक अपने पोर्टफोलियो को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. समय-समय पर फंड के प्रदर्शन, पोर्टफोलियो ओवरलैप और एसेट एलोकेशन की समीक्षा करें.

पोर्टफोलियो ओवरलैप का मतलब है कि आपके अलग-अलग म्यूचुअल फंड एक ही शेयरों या कंपनियों में कितना निवेश कर रहे हैं. अगर कई फंड में एक जैसी कंपनियों का हिस्सा ज्यादा है, तो पोर्टफोलियो में एक ही तरह के निवेश का जोखिम बढ़ सकता है.

इसके अलावा उम्र, वित्तीय लक्ष्य और परिवार की जिम्मेदारियां बदलने के साथ निवेश की रणनीति में भी बदलाव की जरूरत हो सकती है. अगर पोर्टफोलियो में इक्विटी और डेट का अनुपात तय किए गए लक्ष्य से काफी बदल गया है, तो रीबैलेंसिंग यानी निवेश का दोबारा संतुलन बनाना जरूरी हो सकता है.

निवेश में अनुशासन रखना है जरूरी

म्यूचुअल फंड में जोखिम कम करने का मतलब बाजार के उतार-चढ़ाव को पूरी तरह खत्म करना नहीं है. जरूरी यह है कि निवेशक अपने निवेश को समझें और बाजार की हलचल के बीच भी अपने वित्तीय लक्ष्यों पर ध्यान बनाए रखें.

इसे भी पढ़ें- बिना शेयर बेचे इन स्टॉक्स ने निवेशकों को बनाया मालामाल, 16% तक बांटा मुनाफा; आपके पोर्टफोलियो में हैं?

पोर्टफोलियो में विविधता रखना, नियमित SIP जारी रखना और समय-समय पर निवेश की समीक्षा करना बाजार के उतार-चढ़ाव से निपटने में मदद कर सकता है. लंबे समय में निवेश के लिए अनुशासन, सही जानकारी और धैर्य रखना जरूरी है. सिर्फ हाल के रिटर्न देखकर निवेश का फैसला करना सही तरीका नहीं है.