TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

₹100 रोज या ₹3000 महीने की SIP, 5-10 और 15 साल में किससे बनेगा ज्यादा पैसा, निवेश से पहले समझ लें अंतर

रोज 100 रुपये की SIP करें या महीने में 3000 रुपये निवेश करें? जानें 5, 10 और 15 साल में 12% सालाना रिटर्न के अनुमान पर किस विकल्प से कितना फंड बन सकता है.

म्यूचुअल फंड्स Image Credit: मनी9लाइव

Highlights

  • ₹100 की डेली SIP से एक साल में ₹36,500 निवेश होते हैं, जबकि ₹3,000 की मंथली SIP में ₹36,000.
  • 15 साल में डेली SIP से ₹15.36 लाख और मंथली SIP से ₹15.14 लाख का अनुमानित फंड बन सकता है.
  • दोनों के बीच अंतर की मुख्य वजह सालाना निवेश की रकम है, सिर्फ निवेश की फ्रीक्वेंसी नहीं.

म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के मन में अक्सर सवाल रहता है कि रोज थोड़ी-थोड़ी रकम निवेश करना बेहतर है या महीने में एक बार एक तय रकम लगाना. उदाहरण के लिए, अगर कोई निवेशक रोज 100 रुपये की SIP करता है, तो 30 दिनों में करीब 3000 रुपये निवेश होंगे. वहीं, दूसरा निवेशक महीने की शुरुआत में 3000 रुपये की SIP कर सकता है. पहली नजर में दोनों निवेश एक जैसे लगते हैं, लेकिन क्या इनसे मिलने वाला रिटर्न भी बराबर होगा?

इसका जवाब समझने के लिए 5, 10 और 15 साल की अवधि का हिसाब देखते हैं. यहां माना गया है कि इक्विटी म्यूचुअल फंड सालाना 12% का रिटर्न देता है. यह एक अनुमान है, वास्तविक रिटर्न बाजार के प्रदर्शन के हिसाब से अलग हो सकता है.

रोज ₹100 की SIP से 5, 10 और 15 साल में कितना बनेगा फंड?

अगर कोई निवेशक इक्विटी म्यूचुअल फंड में रोज ₹100 निवेश करता है, तो वह एक साल में ₹36,500 लगाएगा. 12% सालाना रिटर्न के अनुमान के आधार पर अलग-अलग अवधि में उसका निवेश इस तरह बढ़ सकता है.

निवेश की अवधि5 साल10 साल15 साल
कुल निवेश₹1.82 लाख₹3.65 लाख₹5.47 लाख
अनुमानित रिटर्न₹67,590₹3.41 लाख₹9.88 लाख
कुल फंड वैल्यू₹2.50 लाख₹7.06 लाख₹15.36 लाख

इस अनुमान के मुताबिक, रोज 100 रुपये निवेश करने पर 5 साल में करीब ₹2.50 लाख, 10 साल में 7.06 लाख रुपये और 15 साल में 15.36 लाख रुपये का फंड बन सकता है.

महीने में ₹3000 की SIP से कितना पैसा बनेगा?

अब उस निवेशक का हिसाब समझते हैं, जो हर महीने की शुरुआत में ₹3000 की SIP करता है. यहां भी इक्विटी म्यूचुअल फंड पर सालाना 12% रिटर्न मिलने का अनुमान लगाया गया है.

निवेश की अवधि5 साल10 साल15 साल
कुल निवेश₹1.80 लाख₹3.60 लाख₹5.40 लाख
अनुमानित रिटर्न₹67,460₹3.37 लाख₹9.74 लाख
कुल फंड वैल्यू₹2.47 लाख₹6.97 लाख₹15.14 लाख

इस हिसाब से 3000 रुपये की मंथली SIP से 5 साल में करीब 2.47 लाख रुपये, 10 साल में 6.97 लाख रुपये और 15 साल में 15.14 लाख रुपये का फंड बन सकता है.

Daily SIP और Monthly SIP में किससे ज्यादा पैसा बनेगा?

दिए गए अनुमान के मुताबिक, तीनों निवेश अवधियों में 100 रुपये की डेली SIP से बनने वाला फंड 3000 रुपये की मंथली SIP से थोड़ा ज्यादा है.

5 साल में: 100 रुपये की डेली SIP से करीब 2.50 लाख रुपये का फंड बन सकता है. वहीं, 3000 रुपये की मंथली SIP से करीब 2.47 लाख रुपये मिल सकते हैं. दोनों के बीच करीब 3000 रुपये का अंतर है.

10 साल में: डेली SIP से करीब 7.06 लाख रुपये का फंड बन सकता है, जबकि मंथली SIP से करीब 6.97 लाख रुपये बनेंगे. यहां अंतर करीब 9,000 रुपये का है.

15 साल में: डेली SIP से करीब 15.36 लाख रुपये और मंथली SIP से करीब 15.14 लाख रुपये का फंड बन सकता है. यानी दोनों के बीच करीब 22000 रुपये का अंतर है.

डेली SIP में ज्यादा पैसा बनने की वजह क्या है?

यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है. डेली SIP से ज्यादा फंड बनने की वजह सिर्फ निवेश की फ्रीक्वेंसी नहीं है, बल्कि इसमें सालाना निवेश की रकम भी थोड़ी ज्यादा है.

अगर कोई निवेशक रोज 100 रुपये लगाता है, तो 365 दिनों में उसका कुल निवेश 36,500 रुपये होता है. वहीं, 3,000 रुपये की मंथली SIP से एक साल में 36,000 रुपये निवेश होते हैं. यानी डेली SIP में हर साल 500 रुपये ज्यादा निवेश किया जाता है.

इस वजह से डेली SIP से मिलने वाला अनुमानित फंड मंथली SIP के मुकाबले थोड़ा ज्यादा है. दोनों विकल्पों से बनने वाली रकम में अंतर बहुत बड़ा नहीं है.

इसे भी पढ़ें- डिफेंस सेक्टर के इन 2 शेयरों ने दिया 700% तक रिटर्न, ₹20000 करोड़ के बाजार में बड़ा मौका; Q2 नतीजे भी दमदार