TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

EPS-95 पेंशनर्स को बड़ी राहत! घर बैठे जमा करें जीवन प्रमाण पत्र, जानें तरीका

EPS-95 पेंशनर्स अब घर बैठे UMANG ऐप की मदद से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं. इसके लिए आधार फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा मिलेगी. पेंशनर्स को बैंक या EPFO कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी. आधार नंबर, PPO और पेंशन अकाउंट की जानकारी देकर कुछ आसान स्टेप में जीवन प्रमाण पत्र जनरेट किया जा सकता है.

EPS-95 पेंशनर्स

Highlights

  • EPS-95 पेंशनर्स घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं
  • UMANG ऐप से आधार फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए होगा वेरिफिकेशन
  • सफलतापूर्वक जमा सर्टिफिकेट एक साल तक वैध रहेगा

EPS-95 के तहत पेंशन पाने वाले बुजुर्गों के लिए राहत की खबर है. अब उन्हें हर साल अपना जीवन प्रमाण पत्र (Jeevan Pramaan Patra) जमा करने के लिए बैंक, पोस्ट ऑफिस या EPFO कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. पेंशनर्स अपने स्मार्टफोन से UMANG ऐप और आधार फेस ऑथेंटिकेशन की मदद से घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं.

इस सुविधा से बुजुर्गों, बीमार और चलने-फिरने में परेशानी का सामना करने वाले पेंशनर्स को काफी सहूलियत मिलेगी. डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा होने के बाद पेंशन जारी रखने की प्रक्रिया आसान हो जाती है.

क्या होता है डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट?

डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट को जीवन प्रमाण पत्र भी कहा जाता है. यह इस बात का डिजिटल प्रमाण होता है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है. पेंशन जारी रखने के लिए इसे निर्धारित समय पर जमा करना जरूरी होता है.

EPS-95 पेंशनर्स को भी हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होता है. इसे डिजिटल तरीके से जमा करने पर बैंक या EPFO कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ती.
UMANG ऐप से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए क्या चाहिए?

प्रक्रिया शुरू करने से पहले ये चीजें तैयार रखें:

  • आधार कार्ड नंबर
  • आधार से लिंक मोबाइल नंबर
  • पेंशन पेमेंट ऑर्डर यानी PPO नंबर
  • पेंशन बैंक अकाउंट नंबर
  • UMANG ऐप
  • AadhaarFaceRD ऐप

ध्यान रखें कि पेंशनर का आधार नंबर संबंधित पेंशन डिस्बर्सिंग एजेंसी में रजिस्टर्ड होना चाहिए.

घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के 6 स्टेप

स्टेप 1: UMANG ऐप खोलें

सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में UMANG ऐप खोलें. इसमें लॉगिन करने के बाद सर्च बार में Jeevan Pramaan टाइप करें. इसके बाद Generate Life Certificate विकल्प पर क्लिक करें.

स्टेप 2: फेस ऑथेंटिकेशन चुनें

अब Face Recognition या Face Authentication का विकल्प चुनें. इसके लिए फोन में AadhaarFaceRD ऐप इंस्टॉल होना जरूरी है.

स्टेप 3: आधार नंबर और OTP डालें

अपना आधार नंबर दर्ज करें. इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करें.

स्टेप 4: पेंशन से जुड़ी जानकारी भरें

अब अपना नाम, पेंशन का प्रकार, संस्था का नाम, पेंशन स्वीकृत करने वाली अथॉरिटी, पेंशन बांटने वाली एजेंसी, PPO नंबर और पेंशन अकाउंट नंबर दर्ज करें.

स्टेप 5: जरूरी घोषणाएं करें

इस स्टेप में दोबारा नौकरी करने और दोबारा शादी करने से जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं. अपनी स्थिति के अनुसार सही विकल्प चुनें. इसके बाद भरी गई जानकारी को अच्छी तरह जांच लें.

स्टेप 6: फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें

अब फोन के कैमरे के सामने अपना चेहरा रखें और स्क्रीन पर दिए निर्देशों का पालन करें. फेस ऑथेंटिकेशन सफल होने के बाद आपका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट हो जाएगा.

सर्टिफिकेट जमा होने के बाद कैसे करें डाउनलोड?

फेस ऑथेंटिकेशन सफल होने के बाद पेंशनर को SMS के जरिए Jeevan Pramaan ID मिलेगी. इस आईडी की मदद से UMANG ऐप में View Certificate विकल्प पर जाकर अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट देख और डाउनलोड कर सकते हैं.

सफलतापूर्वक जनरेट हुआ सर्टिफिकेट डिजिटल रूप से संबंधित पेंशन डिस्बर्सिंग एजेंसी को उपलब्ध कराया जाता है. इसलिए आमतौर पर इसकी फिजिकल कॉपी जमा करने की जरूरत नहीं होती.

मोबाइल से नहीं कर पा रहे हैं तो क्या करें?

अगर किसी पेंशनर को स्मार्टफोन से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में परेशानी हो रही है, तो वह इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) की डोरस्टेप सुविधा का इस्तेमाल कर सकता है. इसके तहत पोस्टमैन या ग्रामीण डाक सेवक घर आकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने में मदद कर सकते हैं. इसके अलावा नजदीकी EPFO कार्यालय या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.

पेंशनर्स इन बातों का रखें ध्यान

  • जीवन प्रमाण पत्र समय पर जमा करना जरूरी है.
  • आधार से मोबाइल नंबर लिंक होना चाहिए.
  • PPO नंबर और पेंशन अकाउंट की जानकारी सही भरें.
  • फेस ऑथेंटिकेशन के लिए अच्छी रोशनी वाली जगह पर बैठें.
  • सर्टिफिकेट जनरेट होने के बाद उसकी Jeevan Pramaan ID सुरक्षित रखें.
  • जमा होने की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें.

यह भी पढ़ें- नोएडा-ग्रेटर नोएडा वालों की हुई बल्ले-बल्ले, सेक्टर 51 से सेक्टर 4 तक दौड़ेगी मेट्रो; 2390 करोड़ रुपये में बनेगी नई मेट्रो लाइन