TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

देश का सबसे साफ शहर बना नवी मुंबई, इंदौर-सूरत को लेकर क्या रहा नतीजा

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई ने स्वच्छ शहर लीग श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है. सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे नंबर पर रहे. वहीं मध्य प्रदेश के रीवा को सबसे स्वच्छ नदी किनारे वाले शहर का सम्मान मिला. उत्तराखंड के रुद्रपुर ने सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर की श्रेणी में बाजी मारी है.

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई ने स्वच्छ शहर लीग श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया

Highlights

  • नवी मुंबई स्वच्छ शहर लीग में देशभर में पहले नंबर पर
  • सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहे
  • रीवा और रुद्रपुर को विशेष स्वच्छता श्रेणियों में सम्मान मिला

देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में नवी मुंबई ने एक बार फिर अपनी मजबूत जगह बनाई है. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नवी मुंबई को स्वच्छ शहर की श्रेणी में बड़ी उपलब्धि मिली है. यह सम्मान शहर में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी को बेहतर बनाने के प्रयासों के लिए दिया गया है. इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण का आयोजन 10वीं बार किया गया है.

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई ने मारी बाजी

इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में नवी मुंबई ने सूरत और विजयवाड़ा को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है. सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा. यह सर्वेक्षण देशभर के शहरों में साफ-सफाई, सैनिटेशन और कचरा प्रबंधन की स्थिति का आकलन करने के लिए किया जाता है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार प्रदान किए. यह इस सर्वेक्षण का 10वां संस्करण है.

रीवा बना सबसे स्वच्छ नदी किनारे वाला शहर

इस बार नदी किनारे बसे शहरों की सफाई को भी विशेष महत्व दिया गया. इस श्रेणी में मध्य प्रदेश के रीवा ने पहला स्थान हासिल किया है. बिलासपुर दूसरे और वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा. इस उपलब्धि से मध्य प्रदेश के लिए भी अच्छी खबर आई है. नदी किनारे बसे शहरों में सफाई और कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के प्रयासों को इस सम्मान के जरिए पहचान मिली है.

रुद्रपुर बना सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर

स्वच्छ सर्वेक्षण में हिमालयी शहरों की श्रेणी में उत्तराखंड के रुद्रपुर ने पहला स्थान हासिल किया है. जम्मू दूसरे नंबर पर रहा. इस श्रेणी में शहरों की सफाई, कचरा प्रबंधन और सैनिटेशन व्यवस्था का आकलन किया गया.

क्या है स्वच्छ शहर लीग?

स्वच्छ शहर लीग का मकसद देश के शहरों के बीच साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाना है. इसके तहत शहरी स्थानीय निकायों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है. स्वच्छ सर्वेक्षण के जरिए शहरों को अपनी सफाई व्यवस्था सुधारने, कचरे का बेहतर प्रबंधन करने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है. इस बार के नतीजों में नवी मुंबई, सूरत और विजयवाड़ा ने शीर्ष स्थान हासिल किया है. वहीं रीवा और रुद्रपुर को विशेष श्रेणियों में सम्मान मिला है.

यह भी पढ़ें- सीनियर सिटीजन के लिए SCSS या MIS, ₹15 लाख निवेश पर कहां मिलेगी ज्यादा कमाई? समझें पूरा कैलकुलेशन