TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

अमेरिका में 4700 फ्लाइट्स कैंसिल, 10 हजार से ज्यादा लेट; 15 लाख यात्रियों की बढ़ी परेशानी, आखिर क्यों

अमेरिका में टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी के कारण देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी. शुक्रवार को 4700 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल हुईं और 10000 में देरी हुई. अधिकारियों ने पुराने हार्डवेयर और ओवरलोडेड राउटर को इसकी वजह बताया. साइबर हमले और माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस आउटेज से किसी संबंध से इनकार किया गया.

फ्लाइट Image Credit: Getty image

Highlights

  • अमेरिका में 4,700 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल और 10,000 में देरी हुई.
  • पुराने हार्डवेयर और ओवरलोडेड नेटवर्क राउटर को कम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी की वजह बताया गया.
  • अधिकारियों ने साइबर हमले और माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस आउटेज से किसी संबंध से इनकार किया.

US Flight Disruption: अमेरिका में टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में आई खराबी ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया. देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में कम्युनिकेशन की समस्या के कारण हजारों उड़ानें कैंसिल और लेट हुईं. इससे 15 लाख से ज्यादा यात्रियों की यात्रा प्रभावित होने की आशंका है. अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने कम्युनिकेशन सिस्टम में आई परेशानी को देखते हुए देशभर में उड़ानों पर रोक लगा दी थी. हालांकि, कुछ घंटों बाद एयरस्पेस फिर से खोल दिया गया और देशव्यापी रोक हटा ली गई.

रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को 4700 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल हुईं और 10,000 उड़ानों में देरी हुई. इसके अलावा शनिवार के लिए भी करीब 700 उड़ानें पहले ही कैंसिल की जा चुकी थीं. इस घटना से एयरलाइंस का फ्लाइट शेड्यूल भी प्रभावित हुआ. एविएशन से जुड़े जानकारों का मानना है कि उड़ानों का सामान्य संचालन बहाल करने में कई दिन लग सकते हैं.

यह जनवरी 2023 के बाद पहली बार था, जब अमेरिका में देशभर में उड़ानों पर इस तरह रोक लगाई गई. जनवरी 2023 में FAA के एक अहम कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ था. इससे पहले 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद भी अमेरिका में देशव्यापी स्तर पर उड़ानों पर रोक लगाई गई थी.

क्यों रोकनी पड़ीं अमेरिका में उड़ानें?

अमेरिकी अधिकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम की वजह एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर को प्रभावित करने वाली टेलीकम्युनिकेशन गड़बड़ी बताई है. अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, इसकी वजह पुराना हार्डवेयर था. वहीं, होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने साइबर हमले की आशंका को खारिज किया. उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट की हालिया सर्विस आउटेज से भी इस घटना का कोई संबंध होने से इनकार किया.

एक प्रेस ब्रीफिंग में मुलिन ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि यह परेशानी किसी जानबूझकर किए गए हमले या राष्ट्रीय सुरक्षा के खतरे की वजह से हुई हो. उन्होंने कहा कि इस घटना का माइक्रोसॉफ्ट से कोई संबंध नहीं है. जांच टीम अभी भी पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.

मुलिन ने यात्रियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और उड़ान भर रहे उनके परिजनों को लेकर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. वहीं, परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा कि विमानों का संचालन दोबारा सामान्य होने में समय लग सकता है. एयर ट्रैफिक को पहले की स्थिति में लाने की प्रक्रिया धीरे-धीरे पूरी होगी.

पुराने हार्डवेयर और ओवरलोडेड राउटर बने परेशानी की वजह

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई खराबी के पीछे पुराने उपकरण और नेटवर्क राउटर पर बढ़ा डेटा लोड सामने आया है. परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, सिस्टम के स्विच और राउटर पर डेटा का दबाव बढ़ गया था. इसकी वजह से राउटर से मिलने वाले डेटा में गड़बड़ी आने लगी. इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिस्टम को बंद करना पड़ा.

डफी ने स्पष्ट किया कि इस दौरान FAA की रडार या कम्युनिकेशन क्षमता पूरी तरह खत्म नहीं हुई थी. जो हजारों विमान पहले से हवा में थे, उन्हें सुरक्षित तरीके से जमीन पर उतारने में एजेंसी सक्षम रही.

उन्होंने कहा कि सिस्टम में इस्तेमाल होने वाला हार्डवेयर काफी पुराना है. डफी ने इस मुद्दे पर अमेरिकी कांग्रेस की फंडिंग का सवाल भी उठाया. उनके मुताबिक, अमेरिका का एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम काफी पुराना हो चुका है और इसे आधुनिक बनाने की जरूरत है.

4,700 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल, 10 हजार में देरी

इस तकनीकी खराबी का असर हजारों यात्रियों की यात्रा पर पड़ा. FlightRadar24 के मुताबिक, शुक्रवार को 4,700 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं और 10,000 उड़ानों में देरी हुई. शनिवार के लिए भी करीब 700 उड़ानें पहले ही रद्द की जा चुकी थीं.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एविएशन विश्लेषकों का कहना है कि देशभर में चार घंटे से ज्यादा समय तक उड़ानों पर रोक रहने के बाद एयरलाइंस को अपना शेड्यूल सामान्य करने में कई दिन लग सकते हैं.

इस दौरान कई विमानों को उनके तय एयरपोर्ट के बजाय दूसरे एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा. इनमें शिकागो ओ’हारे इंटरनेशनल एयरपोर्ट, डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, डलास फोर्ट वर्थ इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं.

15 लाख से ज्यादा यात्रियों की यात्रा प्रभावित होने की आशंका

शुक्रवार को अमेरिकी समय के मुताबिक शाम 4 बजे के बाद देश के एयरपोर्ट से करीब 11,000 उड़ानों के टेकऑफ का शेड्यूल था. इन उड़ानों के जरिए 15 लाख से ज्यादा यात्री सफर करने वाले थे. ऐसे में उड़ानों पर रोक और तकनीकी गड़बड़ी के कारण बड़े पैमाने पर कैंसिलेशन और डायवर्जन की आशंका पैदा हो गई.

इसे भी पढ़ें- ₹100 रोज या ₹3000 महीने की SIP, 5-10 और 15 साल में किससे बनेगा ज्यादा पैसा, निवेश से पहले समझ लें अंतर