TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

अमेरिका में हवाई यातायात ठप, 7000 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित; 9/11 के बाद तीसरी बार हुआ ऐसा

अमेरिका में कम्युनिकेशन सिस्टम में आई खराबी के कारण सभी एयरपोर्ट से उड़ानों के टेकऑफ पर रोक लगा दी गई. इस फैसले से करीब 7000 उड़ानें प्रभावित हुईं. शुरुआती जांच में साइबर हमले या जानबूझकर की गई छेड़छाड़ के सबूत नहीं मिले. अधिकारियों के मुताबिक, इसकी वजह टेलीकॉम सिस्टम में आई खराबी हो सकती है.

फ्लाइट Image Credit: Credit: Daniel Garrido/Moment/Getty Images

Highlights

  • अमेरिका में कम्युनिकेशन सिस्टम की खराबी के कारण सभी उड़ानों के टेकऑफ पर रोक लगी.
  • FlightAware के मुताबिक, करीब 7,000 उड़ानें प्रभावित हुईं.
  • शुरुआती जांच में साइबर हमले के सबूत नहीं मिले. अधिकारियों ने टेलीकॉम सिस्टम में खराबी की आशंका जताई.

US Flight Ground Stop: अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था में आई तकनीकी दिक्कत ने देशभर की उड़ानों को प्रभावित कर दिया. एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) केंद्रों के बीच कम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी आने के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर के एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स पर रोक लगा दी. इस फैसले से करीब 7000 उड़ानें प्रभावित हुईं. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के मुताबिक, इस वजह से बड़े पैमाने पर हवाई यातायात बाधित हुआ.

अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि सभी एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों को प्रभावित करने वाली कम्युनिकेशन समस्या के कारण यह रोक लगाई गई. उन्होंने कहा कि FAA के तकनीशियन समस्या की पहचान करने और उसे ठीक करने में जुटे हैं.

साइबर अटैक नहीं, टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी की आशंका

अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने कहा कि शुरुआती जांच में इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि उड़ानों पर रोक साइबर अटैक या किसी जानबूझकर की गई छेड़छाड़ के कारण लगी.

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में DHS के निदेशक मार्कवेन मुलिन ने भी शुरुआती जांच के आधार पर इसे टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम की खराबी बताया. उन्होंने कहा, “अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं है कि यह कोई जानबूझकर किया गया हमला था. फिलहाल यह टेलीकम्युनिकेशन आउटेज ही लग रहा है.”

9/11 के बाद कब-कब रोकी गईं अमेरिका की सभी उड़ानें?

अमेरिका में देशभर से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स को रोकने की घटना बेहद दुर्लभ है. यह तीसरी बार है जब देशभर में सभी डिपार्चर फ्लाइट्स पर रोक लगाई गई.

पहली बार 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमलों के बाद ऐसा किया गया था. इसके बाद जनवरी 2023 में FAA ने अपने पायलट नोटिफिकेशन सिस्टम में खराबी आने के कारण घरेलू उड़ानों के डिपार्चर पर रोक लगा दी थी. उस समय यह रोक दो घंटे से भी कम समय तक रही थी. शुक्रवार की घटना ने एक बार फिर अमेरिका के हवाई यातायात नेटवर्क पर निर्भरता और उसकी अहमियत को सामने ला दिया.

हर दिन 44 हजार से ज्यादा उड़ानों का संचालन

अमेरिका का एयर ट्रैफिक कंट्रोल नेटवर्क देश के हवाई यातायात को संभालने में अहम भूमिका निभाता है. FAA के आंकड़ों के मुताबिक, संगठन में 14000 से ज्यादा एयर ट्रैफिक कंट्रोलर काम करते हैं. ये देशभर के एयरपोर्ट से हर दिन रवाना होने वाली 44000 से ज्यादा उड़ानों का प्रबंधन करते हैं.

ऐसे में कम्युनिकेशन सिस्टम में आई खराबी का असर बड़े पैमाने पर उड़ानों पर पड़ सकता है. शुक्रवार को हुई घटना इसका उदाहरण है, जब तकनीकी समस्या के कारण देशभर में उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ.

एयर ट्रैफिक सिस्टम को आधुनिक बनाने में जुटा FAA

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब FAA अमेरिका के एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रहा है. पिछले सप्ताह एजेंसी ने घोषणा की थी कि अमेरिका के पहले डिजिटल एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर ने अलास्का और फ्लोरिडा में आधिकारिक तौर पर काम शुरू कर दिया है.

इस तकनीक को एयर ट्रैफिक सिस्टम के आधुनिकीकरण से जुड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है. इसका मकसद उड़ानों में होने वाली देरी कम करना और हवाई यातायात के संचालन को बेहतर बनाना है.

इसे भी पढ़ें- कौन हैं आरती शाह? Nvidia के CEO का उत्तराधिकारी चुनने में निभाएंगी बड़ी भूमिका