Jio IPO Allotment Status: जियो प्लेटफॉर्म के शेयर मिले या नहीं? यहां चेक करें स्टेटस
Jio Platforms IPO Allotment Status का इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए अलॉटमेंट से जुड़ा अपडेट अहम है. 30,200 करोड़ रुपये से ज्यादा के इस IPO को अंतिम दिन 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. कंपनी ने एंकर निवेशकों को 8,109.85 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए. निवेशक KFin Technologies, BSE और NSE की वेबसाइट पर PAN नंबर या एप्लिकेशन नंबर के जरिए अलॉटमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं.

Jio Platforms IPO में पैसा लगाने वाले निवेशकों की नजर आज शेयर अलॉटमेंट पर है. 30200 करोड़ रुपये से ज्यादा का यह इश्यू 23 अक्टूबर को बंद हुआ था. अब निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें Jio Platforms के शेयर मिले हैं या नहीं. अलॉटमेंट स्टेटस रजिस्ट्रार KFin Technologies की वेबसाइट के अलावा BSE और NSE पर भी चेक किया जा सकता है. इसके लिए निवेशकों को अपना PAN नंबर या IPO एप्लिकेशन नंबर दर्ज करना होगा.
आज जारी हो सकता है Jio IPO का अलॉटमेंट
Jio Platforms के IPO का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को जारी होने की संभावना है. हालांकि, निवेशकों को अलॉटमेंट की अंतिम स्थिति के लिए रजिस्ट्रार की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करना चाहिए. इस IPO को निवेशकों की ओर से जबरदस्त रिस्पांस मिली थी. 21 अक्टूबर को खुला यह इश्यू पहले ही दिन करीब 100 मिनट में पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था. तीन दिन की बिडिंग प्रक्रिया 23 अक्टूबर को समाप्त हुई.
22.19 गुना सब्सक्राइब
Jio Platforms के IPO को अंतिम दिन तक कुल 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. इसमें सबसे ज्यादा मांग क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स यानी QIB कैटेगरी से आई. इस कैटेगरी का हिस्सा 70.55 गुना सब्सक्राइब हुआ. QIB निवेशकों ने 4.9 करोड़ रिजर्व शेयरों के मुकाबले 345.75 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई.
नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स यानी NII कैटेगरी में 14 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. इस कैटेगरी के लिए 3.64 करोड़ शेयर आरक्षित थे, जबकि 51.03 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं. रिटेल निवेशकों का हिस्सा 2.72 गुना सब्सक्राइब हुआ. रिटेल कैटेगरी में 8.5 करोड़ आरक्षित शेयरों के मुकाबले 23.11 करोड़ शेयरों के लिए आवेदन मिले.
Jio IPO में 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन
Jio Platforms के IPO ने आवेदन के मामले में ग्लोबल रिकॉर्ड बनाया. एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, इस इश्यू में 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन मिले. इसके साथ ही इसने Waaree Energies के करीब 97 लाख आवेदनों का पिछला रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. Bajaj Housing Finance और Bharat Coking Coal के IPO में भी करीब 90-90 लाख आवेदन मिले थे.
एंकर निवेशकों से जुटाए 8109.85 करोड़ रुपये
Jio Platforms ने IPO से पहले एंकर निवेशकों को 8,109.85 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए. कंपनी ने 212 एंकर निवेशकों को 1,119 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड पर शेयर दिए. एंकर बुक में संस्थागत निवेशकों की मांग करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये रही, जो उपलब्ध शेयरों की तुलना में 30 गुना से ज्यादा थी.
ये भी पढ़ें- Stocks to Watch: Lupin, KEC International और BL Kashyap पर रहेगी नजर, कई कंपनियों के नतीजे भी आएंगे
कैसे चेक करें अलॉटमेंट स्टेटस?
निवेशक नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके अपना अलॉटमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं.
- सबसे पहले KFin Technologies की आधिकारिक वेबसाइट https://ipostatus.kfintech.com/ पर जाएं.
- कंपनी के ड्रॉपडाउन मेन्यू में Jio Platforms Limited चुनें.
- PAN Number या Application Number में से किसी एक विकल्प को चुनें.
- अपना PAN नंबर या IPO एप्लिकेशन नंबर दर्ज करें.
- सबमिट करने के बाद स्क्रीन पर अलॉटमेंट स्टेटस दिखाई देगा.
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.