NSE IPO में निवेश का मौका, जानिए प्राइस बैंड और पूरी डिटेल
NSE IPO को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. इश्यू का प्राइस बैंड ₹1,700 से ₹1,785 प्रति शेयर रह सकता है. IPO का आकार करीब ₹23,500 करोड़ हो सकता है. निवेशकों की नजर अब अंतिम घोषणा पर है.

देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के बहुप्रतीक्षित IPO को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. NSE के IPO का प्राइस बैंड जल्द घोषित हो सकता है. ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेयर की कीमत ₹1,700 से ₹1,785 प्रति शेयर के बीच रखी जा सकती है. हालांकि, अंतिम प्राइस बैंड की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
23,500 करोड़ रुपये का हो सकता है IPO
NSE ने IPO से जुड़ा अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (UDRHP) बाजार नियामक SEBI के पास दाखिल कर दिया है. इसके साथ ही लंबे समय से इंतजार किए जा रहे NSE IPO के बाजार में आने का रास्ता और साफ हो गया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, IPO का आकार पहले के मुकाबले कम किया गया है और यह करीब ₹23,500 करोड़ का हो सकता है.
पहले NSE अपनी करीब 6 फीसदी हिस्सेदारी IPO के जरिए ऑफर करने की योजना बना रहा था. अब यह हिस्सेदारी घटकर करीब 5.2-5.5 फीसदी रह सकती है. Reuters के मुताबिक, मौजूदा शेयरधारक करीब 12.6 करोड़ शेयर बेच सकते हैं, जबकि पहले लगभग 14.9 करोड़ शेयरों की बिक्री की योजना थी.
₹2,000 से नीचे आ सकती है शेयर की कीमत
NSE के IPO की संभावित कीमत को लेकर निवेशकों की खास नजर है. पहले बाजार में इसके शेयर का प्राइस बैंड करीब ₹2,000-2,100 रहने की चर्चा थी. अब संभावित कीमत ₹1,700-1,785 बताई जा रही है. ऊपरी कीमत पर NSE का वैल्यूएशन करीब ₹4.4 लाख करोड़ हो सकता है.
कीमत में कमी की एक वजह बाजार की मौजूदा परिस्थितियों और NSE के ऑप्शन ट्रेडिंग वॉल्यूम में गिरावट को माना जा रहा है. NSE की आय में ऑप्शन कारोबार की बड़ी हिस्सेदारी है. Reuters के मुताबिक, अगस्त में NSE का ऑप्शन टर्नओवर सालाना आधार पर 12 फीसदी से ज्यादा घटा.
मौजूदा शेयरधारक बेचेंगे अपनी हिस्सेदारी
यह IPO Offer for Sale (OFS) के रूप में आने की उम्मीद है. यानी IPO से मिलने वाला पैसा सीधे NSE को नया पूंजी निवेश करने के लिए नहीं मिलेगा, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे. इस तरह कंपनी में नए शेयर जारी करने के बजाय पुराने निवेशकों को अपनी हिस्सेदारी कम करने का मौका मिलेगा.
निवेशकों की नजर लिस्टिंग पर
NSE IPO को लेकर निवेशकों में काफी उत्सुकता है, क्योंकि यह देश के सबसे बड़े और सबसे चर्चित IPO में शामिल हो सकता है. NSE भारत के शेयर बाजार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इसके शेयरों की लंबे समय से अनलिस्टेड मार्केट में भी खरीद-बिक्री होती रही है.
हालांकि, IPO में निवेश करने से पहले सिर्फ चर्चित नाम या संभावित लिस्टिंग गेन को देखकर फैसला नहीं करना चाहिए. निवेशकों को अंतिम प्राइस बैंड, IPO दस्तावेज, वैल्यूएशन, कंपनी की कमाई और जोखिम को समझने के बाद ही निवेश का फैसला करना चाहिए.
यह भी पढ़ें- ये हैं निवेश के 3 idiot आइडिया, आजमा लिया तो कंगाल होने में नहीं लगेगी देर