10 साल का इंतजार खत्म होने के करीब! NSE IPO की जून तक फाइलिंग, दिसंबर से पहले लिस्टिंग की तैयारी, जानें इश्यू साइज

NSE का बहुप्रतीक्षित IPO अब जल्द हकीकत बन सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक जून 2026 तक DRHP फाइल हो सकता है और दिसंबर से पहले लिस्टिंग की तैयारी है. करीब ₹23,000 करोड़ के इस इश्यू को निवेशक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

NSE IPO Image Credit: @Canva/Money9live

NSE IPO Update: देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज NSE का IPO अब हकीकत के और करीब आता दिख रहा है. लंबे इंतजार और कई सालों की देरी के बाद अब खबर है कि NSE जून 2026 के अंत तक अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल कर सकता है. अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा, तो कंपनी की लिस्टिंग इस साल दिसंबर से पहले हो सकती है.

जून तक DRHP, दिसंबर से पहले लिस्टिंग का प्लान

NSE अपनी IPO प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रहा है. CNBC-TV18 के अनुसार, एक्सचेंज जून के अंत तक SEBI के पास DRHP दाखिल कर सकता है. इसके बाद कंपनी की नजर वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही में लिस्टिंग पर है, यानी दिसंबर से पहले शेयर बाजार में NSE की एंट्री हो सकती है.

यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा. यानी कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे.

रिपोर्ट में दी जानकारी के अनुसार, करीब 4% से 4.5% हिस्सेदारी बेची जा सकती है. इससे कंपनी खुद कोई नया फंड नहीं जुटाएगी, बल्कि निवेशकों को एग्जिट का मौका मिलेगा.

कितनी हो सकती है वैल्यू?

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, यह IPO करीब 1.5 से 2.5 अरब डॉलर (करीब ₹23,000 करोड़) जुटा सकता है. हालांकि, अंतिम रकम बाजार की स्थिति और वैल्यूएशन पर निर्भर करेगी.

NSE का IPO पिछले करीब एक दशक से अटका हुआ था. 2016 में पहली बार लिस्टिंग की कोशिश हुई थी, लेकिन को-लोकेशन मामले और रेगुलेटरी जांच के चलते प्रक्रिया रुक गई. अब 2026 में SEBI की मंजूरी मिलने के बाद IPO की राह साफ हुई है.

यह भी पढ़ें: UAE डील की खबर से चमका Adani Green, निवेशकों को दिख रही ग्रोथ की उम्मीद, 1 हफ्ते में 24% उछला स्टॉक

बड़ी तैयारी, 20 मर्चेंट बैंकर जुड़े

इस बड़े इश्यू को संभालने के लिए NSE ने करीब 20 मर्चेंट बैंकर नियुक्त किए हैं, जो भारतीय IPO इतिहास में काफी बड़ा आंकड़ा माना जाता है. यह दिखाता है कि यह इश्यू कितना बड़ा और जटिल होने वाला है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.