₹700 करोड़ के IPO की तैयारी में है कंपनी, अब ONGC से मिला ₹2000 करोड़ का ऑर्डर; रखें नजर

रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनी Prozeal Green Energy ने ONGC से 2,000 करोड़ रुपये से अधिक वैल्यू वाला 250 मेगावाट विंड पावर प्रोजेक्ट हासिल किया है. इस बड़े ऑर्डर के साथ कंपनी 700 करोड़ रुपये का IPO लाने की तैयारी भी कर रही है. SEBI से मंजूरी प्राप्त कर चुकी कंपनी फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल के जरिए पूंजी जुटाएगी.

IPO Image Credit: FreePik

Prozeal Green Energy IPO: रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में तेजी से उभर रही कंपनी प्रोजील ग्रीन एनर्जी ने एक बड़ा ऑर्डर हासिल किया है. कंपनी को ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) से 250 मेगावाट के कैप्टिव विंड पावर प्रोजेक्ट स्थापित करने का ठेका मिला है, जिसकी वैल्यू 2,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. इस बड़े ऑर्डर के साथ ही कंपनी ने अपने IPO की तैयारियां भी तेज कर दी हैं. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी FY27 की दूसरी तिमाही में 700 करोड़ रुपये का IPO ला सकती है. यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब भारतीय शेयर बाजार में प्राइमरी मार्केट गतिविधियां धीरे-धीरे फिर से रफ्तार पकड़ रही हैं.

ONGC से मिला बड़ा विंड एनर्जी प्रोजेक्ट

कंपनी ने लिंक्डइन पर जारी एक बयान में कहा कि उसे ONGC से 250 मेगावाट के कैप्टिव, आईएसटीएस-कनेक्टेड विंड पावर प्रोजेक्ट्स स्थापित करने के लिए नोटिफिकेशन ऑफ अवॉर्ड (NOA) प्राप्त हुआ है. इस परियोजना की कुल वैल्यू 2,000 करोड़ रुपये से अधिक है.

यह प्रोजेक्ट प्रोजील ग्रीन एनर्जी के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसके जरिए कंपनी पहली बार यूटिलिटी-स्केल विंड एनर्जी सेगमेंट में प्रवेश कर रही है. इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत कंपनी को प्रोजेक्ट डेवलपमेंट से लेकर इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट, कंस्ट्रक्शन और 10 वर्षों के कॉम्प्रिहेंसिव ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस (O&M) कॉन्ट्रैक्ट तक की जिम्मेदारी निभानी होगी.

700 करोड़ रुपये के IPO की तैयारी

अहमदाबाद स्थित प्रोजील ग्रीन एनर्जी पहले ही SEBI से IPO लाने की मंजूरी हासिल कर चुकी है. कंपनी के ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार, IPO का कुल साइज 700 करोड़ रुपये का होगा. इसमें 350 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल होगा, जबकि 350 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) प्रमोटर्स और एग्जिस्टिंग इन्वेस्टर सेलिंग शेयरहोल्डर्स द्वारा लाया जाएगा. कंपनी IPO से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल अपने कारोबार के विस्तार और वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी.

जुटाई गई राशि का कहां होगा इस्तेमाल

कंपनी द्वारा दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, फ्रेश इश्यू से मिलने वाली राशि में से लगभग 250 करोड़ रुपये लॉन्ग-टर्म वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट्स को पूरा करने में खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा 19.53 करोड़ रुपये का उपयोग सब्सिडियरीज में निवेश और कुछ कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा. शेष राशि जनरल कॉरपोरेट पर्पजेज के लिए इस्तेमाल की जाएगी.

सोलर से विंड एनर्जी तक बढ़ता कारोबार

प्रोजील ग्रीन एनर्जी मुख्य रूप से रिन्यूएबल एनर्जी सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है. कंपनी टर्नकी बेसिस पर सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट्स के इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) कार्यों में सक्रिय है. अब विंड एनर्जी सेगमेंट में प्रवेश के साथ कंपनी अपने कारोबार का दायरा बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है. भारत में रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी बढ़ाने पर सरकार का लगातार जोर है और आने वाले वर्षों में सोलर तथा विंड एनर्जी दोनों क्षेत्रों में बड़े निवेश की उम्मीद की जा रही है.

IPO बाजार में लौट रही रौनक

हालांकि हाल के महीनों में बाजार की अस्थिरता और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के कारण IPO मार्केट की रफ्तार धीमी रही थी, लेकिन जून महीने में कुछ नई लिस्टिंग्स के साथ गतिविधियां बढ़ती दिखाई दे रही हैं. ऐसे माहौल में प्रोजील ग्रीन एनर्जी का 700 करोड़ रुपये का IPO निवेशकों की नजर में रह सकता है. ONGC से मिले 2,000 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर ने कंपनी की ग्रोथ स्टोरी को और मजबूत किया है, जिससे IPO के प्रति बाजार की दिलचस्पी बढ़ने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: 25 से ₹17000 पार पहुंचा ये डिफेंस स्टॉक, FY27 में 14000 करोड़ रेवेन्यू का टारगेट, रखें शेयरों पर नजर!