जून के पहले हफ्ते में IPO मार्केट में रहेगी हलचल! 6 नए इश्यू देंगे दस्तक, 6 कंपनियों की होगी लिस्टिंग
जून 2026 के पहले सप्ताह में IPO मार्केट में जबरदस्त हलचल देखने को मिलेगी. मेनबोर्ड सोगमेंट में CMR Green Technologies और Hexagon Nutrition अपने IPO लॉन्च करेंगे, जबकि SME सेगमेंट में Merritronix, Liotech Industries और Genxai Analytics निवेशकों के लिए इश्यू लेकर आएंगी. इसके अलावा MR Maniveni, SMR Jewels और Aureate Tradde समेत 6 कंपनियों की लिस्टिंग भी होने वाली है.

Upcoming IPO: शेयर बाजार में IPO निवेशकों के लिए जून 2026 का पहला सप्ताह काफी व्यस्त रहने वाला है. लंबे समय बाद मेनबोर्ड सेगमेंट में दो नए IPO दस्तक देने जा रहे हैं, जबकि SME प्लेटफॉर्म पर भी चार कंपनियां अपने इश्यू लेकर आ रही हैं. इसके अलावा छह कंपनियों के शेयर अगले सप्ताह स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होने वाले हैं, जिससे प्राइमरी मार्केट में गतिविधियां तेज रहने की उम्मीद है. हाल के महीनों में IPO बाजार में निवेशकों की रुचि लगातार बनी हुई है. ऐसे में आने वाले सप्ताह में निवेशकों के पास विभिन्न सेक्टर की कंपनियों में दांव लगाने का मौका होगा.
CMR Green Technologies IPO पर रहेगी नजर
अगले सप्ताह खुलने वाले मेनबोर्ड IPO में CMR Green Technologies सबसे चर्चित इश्यू में से एक है. यह IPO 3 जून से 5 जून तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा. कंपनी ने इसके लिए 183 रुपये से 192 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. यह 630.88 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) इश्यू है, जिसके तहत 3.28 करोड़ शेयर बेचे जाएंगे. एक लॉट में 78 इक्विटी शेयर शामिल होंगे. CMR Green Technologies मेटल रीसाइक्लिंग और मैन्युफैक्चरिंग कारोबार में सक्रिय है. बढ़ती रीसाइक्लिंग इंडस्ट्री के बीच इस IPO पर निवेशकों की खास नजर रहने की संभावना है.
Hexagon Nutrition भी ला रही IPO
मुंबई आधारित Hexagon Nutrition का IPO 5 जून से 9 जून तक खुला रहेगा. कंपनी ने 42 रुपये से 45 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. 138.87 करोड़ रुपये का यह IPO पूरी तरह OFS आधारित है, जिसमें प्रमोटर्स अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे. एक लॉट में 333 शेयर शामिल होंगे.
1993 में स्थापित Hexagon Nutrition न्यूट्रिशन और हेल्थकेयर क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है. कंपनी के पोर्टफोलियो में Obesigo, Pediagold और Pentasure जैसे ब्रांड शामिल हैं. हेल्थ और वेलनेस सेक्टर में बढ़ती मांग को देखते हुए इस IPO को लेकर भी अच्छी दिलचस्पी देखने को मिल सकती है.
SME सेगमेंट में भी चार नए IPO
मेनबोर्ड IPO के अलावा SME सेगमेंट में भी चार कंपनियां निवेशकों के लिए इश्यू लेकर आ रही हैं. Merritronix IPO 1 जून से 3 जून तक खुलेगा. कंपनी 70.03 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. इसका प्राइस बैंड 141 रुपये से 149 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. Liotech Industries IPO भी 1 जून से 3 जून तक खुला रहेगा. यह 36.02 करोड़ रुपये का इश्यू है और इसका फिक्स्ड इश्यू प्राइस 321 रुपये प्रति शेयर रखा गया है.
Vahh Chemicals IPO 4 जून से 8 जून तक निवेश के लिए उपलब्ध रहेगा. कंपनी 13.45 करोड़ रुपये जुटाएगी और शेयर का मूल्य 60 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. Genxai Analytics IPO 5 जून से 9 जून तक खुलेगा. 54.84 करोड़ रुपये के इस इश्यू का प्राइस बैंड 110 रुपये से 116 रुपये प्रति शेयर रखा गया है.
6 कंपनियों की होगी लिस्टिंग
अगले सप्ताह प्राइमरी मार्केट में केवल नए IPO ही नहीं आएंगे, बल्कि छह कंपनियों के शेयरों की लिस्टिंग भी होगी. इनमें MR Maniveni, Yaashvi Jewellers, Harikanta Overseas, Rajnandini Fashion India, SMR Jewels और Aureate Tradde शामिल हैं. जून के पहले सप्ताह में IPO और लिस्टिंग गतिविधियां बढ़ने से निवेशकों की नजर बाजार पर रहने वाली है.
यह भी पढ़ें: युद्ध हर रोज काट रहा आपकी जेब, दूध, ब्रेड से लेकर घूमना-फिरना हुआ महंगा; जानें 90 दिन में कितना बढ़ गया बोझ
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.