IPO से पहले अनलिस्टेड मार्केट में Zepto के शेयरों में बड़ी गिरावट, 41% तक टूटे स्टॉक, ₹40 पहुंचा भाव
IPO के लिए सेबी की मंजूरी मिलने के बाद क्विक कॉमर्स कंपनी Zepto के अनलिस्टेड शेयरों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. अप्रैल की शुरुआत से अब तक कंपनी का शेयर करीब 30 फीसदी टूट चुका है. कारोबार में मजबूत बढ़ोतरी के बावजूद निवेशक कंपनी के घाटे, वैल्यूएशन और बढ़ती प्रतिस्पर्धा को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं.

Zepto Unlisted Share : क्विक कॉमर्स कंपनी Zepto को IPO के लिए सेबी की मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अनलिस्टेड बाजार में कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट देखी जा रही है. अप्रैल की शुरुआत में करीब 58 रुपये पर कारोबार कर रहा शेयर अब घटकर लगभग 40 रुपये पर पहुंच गया है. दिसंबर 2025 के उच्च स्तर 68 रुपये के मुकाबले इसमें करीब 41 फीसदी की गिरावट आ चुकी है. वहीं अनलिस्टेड बाजार में कंपनी के शेयर फरवरी से अब तक 31 फीसदी से अधिक टूट चुका है.
11,000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी
Zepto IPO के जरिए 11,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. कंपनी जल्द ही अपना अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है और अगले 60 से 90 दिनों के भीतर शेयर बाजार में लिस्टिंग का लक्ष्य रखा गया है. लिस्टिंग के बाद Zepto भारतीय शेयर बाजार में एकमात्र शुद्ध क्विक कॉमर्स कंपनी होगी.
कारोबार में तेजी, लेकिन घाटे को लेकर चिंता बरकरार
कंपनी का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है. पहले जहां Zepto प्रतिदिन 15 से 17 लाख ऑर्डर डिलीवर करती थी, वहीं अब यह संख्या 25 लाख से अधिक हो गई है. इसके बावजूद निवेशकों की चिंता कंपनी के घाटे और हाई वैल्यूएशन को लेकर बनी हुई है. बढ़ती प्रतिस्पर्धा और विस्तार पर होने वाला भारी खर्च निवेशकों को सतर्क बनाए हुए है.
बढ़ती प्रतिस्पर्धा और कमजोर बाजार का असर
निवेशकों को Zepto के DRHP का इंतजार करना चाहिए, क्योंकि वहीं कंपनी की वास्तविक वित्तीय स्थिति सामने आएगी. दूसरी ओर Blinkit, Instamart, Amazon Now, Flipkart Minutes और Tata समर्थित BigBasket जैसी कंपनियां भी तेजी से विस्तार कर रही हैं. इसके अलावा वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और IPO बाजार में सुस्ती के कारण अनलिस्टेड शेयर बाजार में निवेशकों का रुझान भी कमजोर पड़ा है.
यह भी पढ़ें: ₹11000 करोड़ का IPO ला रही Zepto, जुलाई में हो सकती है लिस्टिंग, Zomato-Swiggy को मिलेगी टक्कर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.