JioBlackRock का बड़ा प्लान! 3 साल में लॉन्च करेगा म्यूचुअल फंड का पूरा पोर्टफोलियो; आएंगे नए SIFs, ETFs और GIFT City प्रोडक्ट्स

JioBlackRock अगले तीन वर्षों में अपने म्यूचुअल फंड कारोबार का बड़ा विस्तार करने की तैयारी में है. कंपनी नए SIFs, ETFs और GIFT City के जरिए ग्लोबल निवेश से जुड़े कई प्रोडक्ट्स लॉन्च करने की योजना बना रही है. इसके अलावा प्रिज्म हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड के बाद नए निवेश विकल्प भी पेश किए जाएंगे.

jioblackrock म्‍यूचुअल फंड Image Credit: money9 live

JioBlackRock एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) अगले तीन वर्षों में अपने म्यूचुअल फंड कारोबार का तेजी से विस्तार करने की तैयारी में है. कंपनी का लक्ष्य निवेशकों के लिए म्यूचुअल फंड प्रोडक्ट्स की पूरी रेंज उपलब्ध कराना है. इसके तहत स्पेशलाइज्ड इनवेस्टमेंट फंड्स (SIFs), एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETFs) और GIFT City के जरिए ग्लोबल निवेश से जुड़े नए प्रोडक्ट्स लॉन्च किए जाएंगे.

JioBlackRock AMC लाएगी नया SIF

JioBlackRock AMC के चीफ इनवेस्टमेंट ऑफिसर ऋषि कोहली ने बताया कि कंपनी अगले एक साल के भीतर इक्विटी लॉन्ग-शॉर्ट कैटेगरी में कम से कम एक और SIF लॉन्च करने की योजना बना रही है. इससे पहले कंपनी अपना पहला प्रिज्म हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड बाजार में उतार चुकी है.

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और ब्लैकरॉक का जॉइंट वेंचर

JioBlackRock एएमसी, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और दुनिया की अग्रणी एसेट मैनेजमेंट कंपनी ब्लैकरॉक का जॉइंट वेंचर है. कंपनी का उद्देश्य भारतीय निवेशकों को आधुनिक निवेश विकल्प उपलब्ध कराना और वैश्विक निवेश विशेषज्ञता का लाभ देना है.

जल्द आएंगे नए ETFs

ऋषि कोहली ने पीटीआई को बताया कि कंपनी अगले कुछ महीनों में अपने पहले ETFs भी लॉन्च करेगी. इसके लिए ब्लैकरॉक के ग्लोबल निवेश प्लेटफॉर्म को भारतीय बाजार की जरूरतों के मुताबिक तैयार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म पूरी तरह तैयार होते ही कंपनी तेजी से कई ETFs लॉन्च करेगी.

GIFT City के जरिए ग्लोबल निवेश का मौका

कंपनी GIFT City के जरिए विदेशी निवेश से जुड़े प्रोडक्ट्स भी लॉन्च करने की तैयारी में है. इसके लिए 10 प्रोडक्ट्स की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से कुछ को नियामकीय मंजूरी मिलने का इंतजार है. कंपनी का मकसद भारतीय निवेशकों को एस एंड पी और नैस्डैक जैसे इंडेक्स आधारित निवेश से आगे बढ़कर वैश्विक एक्टिव इनवेस्टमेंट स्ट्रैटेजीज तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है.

क्या है प्रिज्म हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड?

कंपनी का पहला प्रिज्म हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड एक मल्टी-स्ट्रैटेजी हाइब्रिड फंड है. इसका लक्ष्य सालाना 9 से 11 फीसदी रिटर्न देना है, जबकि फंड स्तर पर जोखिम को 2 फीसदी तक सीमित रखने की कोशिश की जाएगी. इस SIF में न्यूनतम 10 लाख रुपये का निवेश करना होगा.

कंपनी का मानना है कि यह प्रोडक्ट पारंपरिक म्यूचुअल फंड और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (पीएमएस) के बीच की जरूरत को पूरा करेगा. यह उन निवेशकों के लिए तैयार किया गया है, जो फिक्स्ड डिपॉजिट या लिक्विड फंड की तुलना में बेहतर रिटर्न चाहते हैं, लेकिन अधिक जोखिम नहीं लेना चाहते.

18,000 करोड़ रुपये का AUM

फिलहाल JioBlackRock एएमसी करीब 18,000 करोड़ रुपये के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) का प्रबंधन कर रही है. इसमें लगभग 12,500 करोड़ रुपये डेट और इनकम फंड्स में, जबकि 5,500 करोड़ रुपये इक्विटी फंड्स में निवेश हैं. कंपनी के पास अभी 14 फंड हैं और नया SIF उसका 15वां प्रोडक्ट होगा.

तेजी से बढ़ रहा है SIF बाजार

ऋषि कोहली के मुताबिक, स्पेशलाइज्ड इनवेस्टमेंट फंड उद्योग का साइज बढ़कर करीब 14,000 करोड़ रुपये हो चुका है और इसमें हर महीने 500 करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो रही है. उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से शेयर बाजार सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है. ऐसे में निवेशकों की दिलचस्पी उन रणनीतियों में बढ़ी है, जो करीब 10 फीसदी का स्थिर रिटर्न देने की क्षमता रखती हैं. खासकर फिक्स्ड डिपॉजिट और लिक्विड फंड्स से पैसा निकालने वाले निवेशकों के बीच ऐसे निवेश विकल्पों की मांग लगातार बढ़ रही है.

यह भी पढ़ें: Gold-Silver Price: ₹3,000 महंगा हुआ सोना, चांदी ₹2.40 लाख पर, जानें आगे कैसा रहेगा रुख