TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

सोने की कीमतों में आएगी तूफानी तेजी, क्या साल खत्म होने से पहले बनाएगा नया रिकॉर्ड?

सोने की कीमतों में गिरावट के बीच निवेशकों के लिए बड़ी खबर है. एक्सपर्ट का अनुमान है कि दिसंबर 2026 तक MCX पर सोना ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है. हालांकि, इसके लिए अमेरिकी डॉलर में कमजोरी, महंगाई के आंकड़ों में राहत और ब्याज दरों को लेकर सकारात्मक संकेत जरूरी होंगे.

सोना

Highlights

  • दिसंबर 2026 तक सोना ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम पहुंच सकता है
  • डॉलर की मजबूती और अमेरिकी ब्याज दरें सोने पर दबाव डाल रहीं
  • तेजी के लिए महंगाई में नरमी और डॉलर में कमजोरी जरूरी

सोने की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से लगातार दबाव देखने को मिल रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति के संकेतों ने सोने की चमक फीकी कर दी है. भारत में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना करीब ₹1,38,500 प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड की कीमत करीब 3,955 डॉलर प्रति औंस है.

इस गिरावट के बीच निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या सोना दिसंबर 2026 तक एक बार फिर ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर को छू सकता है? बाजार के जानकारों का मानना है कि ऐसा संभव है, लेकिन इसके लिए वैश्विक आर्थिक हालात में सुधार जरूरी होगा.

सोने की कीमतों में गिरावट की क्या है वजह?

सोने की कीमतों पर इस समय अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति का सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है. बाजार में उम्मीद है कि फेड दिसंबर में ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट तक बढ़ोतरी कर सकता है. ब्याज दरें बढ़ने से निवेशकों के लिए बॉन्ड और दूसरे ब्याज देने वाले विकल्प आकर्षक हो जाते हैं. ऐसे में सोने की मांग पर दबाव पड़ता है.

इसके अलावा अमेरिकी डॉलर की मजबूती भी सोने की कीमतों को नीचे खींच रही है. डॉलर मजबूत होने पर दूसरी करेंसी रखने वाले निवेशकों के लिए सोना महंगा हो जाता है, जिससे इसकी मांग प्रभावित हो सकती है.

कच्चे तेल की कीमतों में भी हाल में गिरावट आई है. तेल करीब 118 डॉलर से घटकर 92 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है. आमतौर पर कच्चे तेल की कीमत घटने से महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद बनती है, जो सोने के लिए सकारात्मक हो सकती है. हालांकि, फिलहाल अमेरिकी महंगाई के आंकड़े और फेड का सख्त रुख इस फायदे पर भारी पड़ रहे हैं.

क्या दिसंबर तक ₹1.50 लाख होगा सोना?

कोटक नियो की कमोडिटी रिसर्च से जुड़ी कायनात चेनवाला के मुताबिक, दिसंबर 2026 तक MCX पर सोने की कीमत ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है. हालांकि, मौजूदा करीब ₹1.385 लाख के स्तर से इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए कीमतों में लगभग 8 फीसदी की तेजी जरूरी होगी.

उनके मुताबिक, अमेरिका में महंगाई के आंकड़े नरम पड़ते हैं, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका कम होती है और डॉलर कमजोर होता है, तो सोने को दोबारा मजबूती मिल सकती है.

चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे का कहना है कि सोने में तेजी के लिए ₹1,42,800 से ₹1,46,100 के दायरे के ऊपर टिकना जरूरी है. इस स्तर पर मजबूती मिलने से ₹1.50 लाख तक पहुंचने की संभावना बढ़ सकती है.

निवेशकों को किन स्तरों पर रखनी चाहिए नजर?

विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने में तेजी की राह आसान नहीं है. अगर अमेरिका में महंगाई ऊंची बनी रहती है और डॉलर मजबूत होता है, तो कीमतों पर दबाव जारी रह सकता है. वहीं, MCX पर ₹1,37,300 का स्तर टूटने पर गिरावट और बढ़ने की आशंका है.

ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी में बड़ा दांव लगाने से बचना चाहिए. सोने में निवेश से पहले वैश्विक ब्याज दरों, डॉलर की चाल और तकनीकी स्तरों पर नजर रखना जरूरी है.

यह भी पढ़ें- महंगाई का अटैक: कॉफी से डोसे तक, बाहर खाना हुआ 5-10% तक महंगा! रेस्टोरेंट बढ़ा रहे रेट