TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

युद्ध के झटके से उबरा शेयर मार्केट, सेंसेक्स में 11 हजार अंकों की छलांग; क्या आगे भी जारी रहेगी तेजी?

मिडिल ईस्ट युद्ध के कारण भारी गिरावट का सामना करने के बाद भारतीय शेयर मार्केट ने शानदार वापसी की है. सेंसेक्स अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर से करीब 11 हजार अंक उछल चुका है. नवंबर में विदेशी निवेशकों ने करीब 69 हजार करोड़ रुपये की खरीदारी की है. कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भी मार्केट को सपोर्ट दिया है.

सेंसेक्स अक्टूबर के 52 हफ्ते के निचले स्तर से करीब 11 हजार अंक उछला. Image Credit: Tv9 Network

Highlights

  • सेंसेक्स अक्टूबर के 52 हफ्ते के निचले स्तर से करीब 11 हजार अंक उछला.
  • नवंबर में विदेशी निवेशकों ने करीब 69 हजार करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
  • बेहतर तिमाही नतीजों से मार्केट को सहारा, लेकिन कच्चे तेल और युद्ध का रिस्क बरकरार.

मिडिल ईस्ट में युद्ध के कारण भारी गिरावट का सामना करने के बाद भारतीय शेयर मार्केट ने शानदार वापसी की है. फरवरी के अंत में युद्ध शुरू होने के बाद से सेंसेक्स और निफ्टी पर लगातार दबाव बना हुआ था. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक स्तर पर बढ़ती महंगाई की चिंताओं ने मार्केट को कमजोर कर दिया था. लेकिन अक्टूबर के निचले स्तर से मार्केट ने जोरदार रिकवरी की है. बुधवार को सेंसेक्स 82200 के स्तर को पार कर गया. यह युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार हुआ है. खास बात यह है कि सेंसेक्स अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर से करीब 11000 अंक उछल चुका है.

युद्ध के बाद क्यों टूटा था मार्केट?

फरवरी के आखिरी सप्ताह में अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया था. इसके बाद क्षेत्र में संघर्ष तेज हुआ और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई. यह समुद्री मार्ग उस समय दुनिया की कुल तेल सप्लाई के 20 फीसदी से ज्यादा हिस्से के लिए अहम था.

तेल की सप्लाई प्रभावित होने से कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई थीं. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए महंगे तेल का असर घरेलू अर्थव्यवस्था और शेयर मार्केट पर भी पड़ा. मार्च 2026 में सेंसेक्स करीब 9340 अंक टूट गया, जबकि निफ्टी में 2500 अंकों की गिरावट आई.

इसके बाद मार्केट ने कुछ रिकवरी की, लेकिन महंगाई का दबाव, बॉन्ड यील्ड में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने फिर से सेंटीमेंट कमजोर कर दिया. अक्टूबर में सेंसेक्स 71293 के 52 हफ्ते के निचले स्तर तक पहुंच गया था. वहीं, निफ्टी 22180 तक फिसल गया था.

FII की वापसी से मार्केट को मिला सहारा

अक्टूबर के मध्य से मार्केट में रिकवरी शुरू हुई, जो नवंबर में और तेज हो गई. इस तेजी के पीछे विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की वापसी को बड़ी वजह माना जा रहा है. 2026 के शुरुआती 10 महीनों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों से करीब 2.95 लाख करोड़ रुपये निकाले थे. लेकिन नवंबर में उनका रुख पूरी तरह बदल गया.

बुधवार को विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में 12563 करोड़ रुपये की खरीदारी की. इसके साथ ही नवंबर में उनकी कुल खरीदारी करीब 69000 करोड़ रुपये हो गई. यह दिसंबर 2023 में बने 66135 करोड़ रुपये के पिछले मासिक रिकॉर्ड से भी ज्यादा है.

दिलचस्प बात यह है कि इस दौरान घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) लगातार बिकवाली कर रहे हैं. पहले जब विदेशी निवेशक शेयर बेच रहे थे, तब घरेलू निवेशकों ने खरीदारी के जरिए मार्केट को सहारा दिया था. अब दोनों की रणनीति बदल गई है. आने वाले दिनों में FII और DII के बीच खरीदारी और बिकवाली का यह अंतर मार्केट की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है.

कंपनियों के बेहतर नतीजों ने भी बढ़ाया भरोसा

मार्केट की तेजी को कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों से भी समर्थन मिला है. वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में निफ्टी 50 कंपनियों की कमाई में करीब 24 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई. जानकारों के मुताबिक, यह पिछले 12 तिमाहियों में सबसे ज्यादा कमाई ग्रोथ है.

यह भी पढ़ें- म्यूचुअल फंड की इस खास लिस्ट में शामिल 9 शेयर, इस साल 144% तक उछले

क्या आगे भी जारी रहेगी मार्केट की तेजी?

मार्केट में आई रिकवरी के बावजूद रिस्क पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं. कच्चे तेल की कीमतें अभी भी मिडिल ईस्ट के घटनाक्रम और अमेरिका तथा ईरान के नेताओं के बयानों से प्रभावित हो रही हैं. Goldman Sachs ने सप्लाई से जुड़े रिस्क का हवाला देते हुए तेल कीमतों के अनुमान बढ़ाए हैं. बैंक का कहना है कि अगर गल्फ क्षेत्र में तेल उत्पादन 2025 के औसत से काफी नीचे बना रहता है, तो 2027 में ब्रेंट क्रूड 140 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकता है.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.