LPG से लेकर EPFO निकासी तक, 1 जुलाई से बदलेंगे ये 5 नियम, जानें आपके लिए क्या होगा नया
जून का महीना खत्म होने वाला है और 1 जुलाई से कई अहम वित्तीय और जरूरी नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं. इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ सकता है. ऐसे में इन नए नियमों की जानकारी पहले से होना जरूरी है.

July 1 Financial Changes: जुलाई की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की जेब, निवेश और टैक्स से जुड़े कई अहम बदलाव प्रभावी होने वाले हैं. इनमें आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की समय-सीमा, EPFO 3.0 के तहत UPI के जरिए PF निकासी की संभावित सुविधा और केंद्रीय कर्मचारियों व पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में संभावित संशोधन जैसे बड़े अपडेट शामिल हैं. ऐसे में नौकरीपेशा लोगों, करदाताओं और EPF खाताधारकों के लिए इन बदलावों की जानकारी होना बेहद जरूरी है.
घरेलू गैस सिलेंडर (LPG) ?
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs) एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें जारी करती हैं. ऐसे में 1 जुलाई को भी घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बदलाव की संभावना है. जून में सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये हो गई थी. वहीं, फिलहाल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 3113.50 रुपये है. ऐसे में जुलाई की नई कीमतों पर भी लोगों की नजर रहेगी.
आधार कार्ड से जुड़ा बड़ा अपडेट
1 जुलाई से आधार कार्ड धारकों के लिए एक राहत भरी सुविधा शुरू होने जा रही है. यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) के नए नोटिफिकेशन के अनुसार, जिन लोगों की ईमेल आईडी अभी तक आधार से लिंक नहीं है, वे जुलाई से दिसंबर तक बिना किसी चार्ज के इसे अपडेट करा सकेंगे. यह सुविधा पूरे छह महीने तक उपलब्ध रहेगी. पहले आधार में ईमेल आईडी अपडेट कराने के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था.
ITR फाइलिंग की समय-सीमा पर रखें नजर
वित्त वर्ष 2025-26 (आकलन वर्ष 2026-27) के लिए ITR-1 और ITR-2 फॉर्म भरने वाले पर्सनल टैक्सपेयर के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 है. वहीं, ITR-3 और ITR-4 फॉर्म भरने वाले ऐसे करदाता, जिन पर टैक्स ऑडिट लागू नहीं होता, उनके लिए अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. तय समय-सीमा के भीतर रिटर्न दाखिल नहीं करने पर जुर्माना लग सकता है. साथ ही कुछ टैक्स रिजीम चुनने और पात्र घाटे को अगले वर्षों में आगे ले जाने से जुड़ी सुविधाओं पर भी असर पड़ सकता है.
EPFO 3.0 के तहत UPI से PF निकासी की सुविधा
जुलाई में सबसे ज्यादा चर्चा EPFO 3.0 प्लेटफॉर्म की है, जिसका उद्देश्य कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की डिजिटल व्यवस्था को आधुनिक बनाना है. नए ढांचे के तहत EPF सब्सक्राइबर्स को UPI प्लेटफॉर्म के जरिए तत्काल PF निकासी की सुविधा मिलने की उम्मीद है. हालांकि, यह सुविधा शुरू होने की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
महंगाई भत्ते में संशोधन का इंतजार
जुलाई में केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में संशोधन पर भी सभी की नजर रहेगी. सरकार हर साल जनवरी और जुलाई में DA की समीक्षा करती है. ऐसे में जुलाई में होने वाला संभावित संशोधन लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- 30 जून को खुल रहा Atharva Polyplast IPO, GMP 17% की उछाल पर; जानें कितना है प्राइस बैंड