8th Pay Commission: OPS, फिटमेंट फैक्टर और HRA पर बढ़ीं उम्मीदें, आज से शुरू हुईं अहम बैठकें

8वें वेतन आयोग की हितधारकों के साथ अहम बैठकें आज से नई दिल्ली में शुरू हो रही हैं, जो 10 अगस्त तक चलेंगी. इन बैठकों में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. आयोग इसके बाद चेन्नई, पुडुचेरी, चंडीगढ़ और जयपुर में भी परामर्श बैठकें करेगा.

8th Pay Commission Image Credit: Money9

8th Pay Commission Meeting: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए अहम माने जा रहे 8वें वेतन आयोग की हितधारकों के साथ बैठकें आज, 7 अगस्त से नई दिल्ली में शुरू हो रही हैं. ये बैठकें 10 अगस्त तक चलेंगी. आयोग इन बैठकों के जरिए कर्मचारी संगठनों, पेंशनर्स, यूनियनों और दूसरे हितधारकों से सुझाव और मांगें जुटाएगा, जिन्हें आखिरी सिफारिशें तैयार करते समय ध्यान में रखा जाएगा.

क्या है 8वें वेतन आयोग?

8वां वेतन आयोग एक अस्थायी आयोग है, जिसका गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था. आयोग की अध्यक्ष जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई हैं. इसके अन्य सदस्यों में प्रोफेसर पुलक घोष और सदस्य-सचिव पंकज जैन शामिल हैं. आयोग को अपने गठन के 18 महीने के भीतर, यानी मई-जून 2027 तक केंद्र सरकार को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपनी है.

दिल्ली की बैठकें क्यों हैं खास?

दिल्ली में होने वाली बैठकें इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं क्योंकि आयोग अपने 18 महीने के कार्यकाल का आधे से ज्यादा समय पूरा कर चुका है. हालांकि, इन बैठकों का कोई आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं किया गया है, लेकिन कर्मचारी संगठनों की ओर से उठाए गए प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

दिल्ली की बैठकों में जिन प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श होने की उम्मीद है, उनमें शामिल हैं.

  • फिटमेंट फैक्टर और बेसिक वेतन में संशोधन.
  • महंगाई और जीवनयापन की लागत के अनुरूप वेतन वृद्धि.
  • हाउस रेंट अलाउंस (HRA) और ट्रांसपोर्ट अलाउंस में बदलाव.
  • पेंशन सुधार और रिटायरमेंट सुरक्षा.
  • कर्मचारी कल्याण, सेवा शर्तों और मनोबल में सुधार.
  • मुआवजा व्यवस्था को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के उपाय.

अब तक क्या हुआ है?

आयोग देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कर्मचारी संगठनों और पेंशनर्स से सुझाव ले चुका है. नेशनल काउंसिल-जेसीएम (NC-JCM), BPMS और AIDEF समेत कई संगठनों ने आयोग को अपने ज्ञापन सौंपे हैं. इनमें फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने, पेंशन समानता, ग्रेच्युटी सीमा बढ़ाने, लीव एनकैशमेंट और पेंशन कम्यूटेशन नियमों में बदलाव जैसी मांगें शामिल हैं.

हालांकि, आयोग ने अभी तक इनमें से किसी भी मांग को स्वीकार या मंजूरी नहीं दी है. फिलहाल ये केवल कर्मचारी संगठनों के सुझाव हैं.

दिल्ली के बाद कहां होंगी बैठकें?

दिल्ली में परामर्श प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग अगले कुछ हफ्तों में चेन्नई, पुडुचेरी, चंडीगढ़ और जयपुर में भी हितधारकों के साथ बैठकें करेगा.

हाल ही में आयोग ने इन बैठकों का कार्यक्रम भी जारी किया है.

  • 23 जुलाई: 7 और 10 अगस्त को दिल्ली बैठकों की अधिसूचना जारी.
  • 24 जुलाई: 7-8 सितंबर को चेन्नई बैठक की सूचना.
  • 24 जुलाई: 9 सितंबर को पुडुचेरी बैठक की सूचना.
  • 28 जुलाई: 16-18 सितंबर को चंडीगढ़ बैठक की सूचना.
  • 3 अगस्त: 31 अगस्त-1 सितंबर को जयपुर बैठक के लिए पात्र कर्मचारी संगठनों से आवेदन आमंत्रित.

अंतिम फैसला कब होगा?

आयोग हितधारकों से मिले सुझावों और विभिन्न बैठकों में हुई चर्चाओं के आधार पर अपनी अंतिम सिफारिशें मई-जून 2027 तक केंद्र सरकार को सौंप सकता है। इसके बाद इन सिफारिशों को लागू करने या न करने का अंतिम फैसला केंद्र सरकार करेगी, जो वित्तीय स्थिति, राजकोषीय अनुशासन और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखकर लिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- EPFO का बड़ा अलर्ट! समय पर नहीं निकाला PF का पैसा तो हो सकता है ब्याज का नुकसान, करें ये काम